विज्ञापन

नवरात्रि से पहले सागर में धमाका: रानगिर माता मंदिर के पास ब्लास्ट, 11 साल की बच्ची गंभीर

Sagar Blast: मध्य प्रदेश के सागर जिले में नवरात्रि से ठीक पहले मंदिर के पास प्रसाद की दुकान में विस्फोट से हड़कंप मच गया. एक 11 वर्षीय बालिका गंभीर रूप से झुलस गई है, जिसे भोपाल रेफर किया गया है.

नवरात्रि से पहले सागर में धमाका: रानगिर माता मंदिर के पास ब्लास्ट, 11 साल की बच्ची गंभीर

Sagar Blast: मध्य प्रदेश के सागर जिले के सुरखी थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बूढ़ी रानगिर माता मंदिर परिसर के पास अचानक हुए विस्फोट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. यह धमाका मंदिर से करीब 50 मीटर दूर एक प्रसाद की दुकान में हुआ, जिसमें एक 11 वर्षीय बालिका गंभीर रूप से झुलस गई.

साउंड बॉक्स जैसा डिब्बा बना हादसे की वजह

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा के अनुसार, दुकान संचालक 60 वर्षीय राधेश्याम रैकवार, उनकी पत्नी 55 वर्षीय अशोक रानी और उनकी 11 वर्षीय नातिन इस हादसे में घायल हुए हैं.

घायल राधेश्याम रैकवार ने बताया कि उनकी दुकान पर एक अज्ञात व्यक्ति साउंड बॉक्स जैसा एक डिब्बा छोड़कर चला गया था. काफी देर तक कोई उसे लेने नहीं आया, तो उन्होंने उसे दुकान के एक कोने में रख दिया. इसी दौरान उनकी नातिन ने उसे चालू किया, जिससे जोरदार विस्फोट हो गया.

2-3 किलोमीटर तक गूंजी धमाके की आवाज

धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज 2 से 3 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी. घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया. बालिका की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है.

धमकी भरे मैसेज की भी जांच

घटना के बाद एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है. मंदिर के पुजारी विनोद शास्त्री को एक अज्ञात नंबर से धमकी भरा मैसेज मिलने की बात कही जा रही है, जिसमें मंदिर परिसर में ब्लास्ट की चेतावनी दी गई थी. हालांकि इस वायरल मैसेज की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है.

नवरात्रि से पहले सुरक्षा पर उठे सवाल

गौरतलब है कि रानगिर माता मंदिर में नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और यहां विशाल मेला लगता है. ऐसे में इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस ने मौके पर बम निरोधक दस्ता और एफएसएल टीम को बुलाकर सैंपल एकत्र किए हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close