विज्ञापन
This Article is From Mar 26, 2026

Sagar Accident: सागर में तेज रफ्तार का कहर, दो अलग-अलग हादसों में 5 युवकों की मौत

Sagar Road Accident: मध्य प्रदेश के सागर में भीषण सड़क हादसा देखने को मिली. यहां दो डंपर ने दो बाइकों को टक्कर मार दी. इस हादसे में 5 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई.

Sagar Accident: सागर में तेज रफ्तार का कहर, दो अलग-अलग हादसों में 5 युवकों की मौत

Sagar Accident News: बुधवार रात सागर शहर में रफ्तार का खौफनाक मंजर देखने को मिला. शहर में कुछ ही घंटों के भीतर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में पांच युवकों की मौत हो गई. दोनों ही घटनाओं में तेज रफ्तार डंपरों ने कहर बरपाया, जिससे परिवारों में मातम छा गया.

डंपर ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, तीन दोस्तों की मौत

पहला हादसा सागर-छतरपुर हाईवे पर ग्राम सोरई के पास हुआ. यहां एक तेज रफ्तार अज्ञात भारी वाहन (डंपर) ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं. तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

मृतकों की पहचान हर्ष रैकवार (18 वर्ष), प्रियांशु रैकवार (22 वर्ष) और हल्ले राय निवासी बंडा के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि तीनों दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर सागर से अपने घर बंडा लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया.

दो युवकों को डंपर ने मारी टक्कर, मौत

दूसरी घटना शहर के बस स्टैंड के पास खेल परिसर मैदान के सामने हुई. यहां तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, डंपर सिविल लाइन से बस स्टैंड की ओर आ रहा था. डंपर राजस्थान पासिंग का बताया जा रहा है, जिसे गोपालगंज पुलिस ने जब्त कर लिया है.

दोनों मृतक थाना गोपालगंज क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं. इसमें मृतकों के नाम अभिषेक साहू, और रणवीर है. अभिषेक 2 बहनों में इकलौता भाई था, जो कि रेपिडो चला कर अपना परिवार चलाता था. वहीं रणवीर सतना जिले का रहने वाला है, जो सागर में रह कर MR की नौकरी करता था. दोनों दोस्त नवरात्रि की पूजा सामग्री लेने के लिए घर से निकले थे, जहां इनकी दर्दनाक मौत हो गई.

जांच में जुटी पुलिस

दोनों ही मामलों में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है. लगातार हो रहे इन हादसों ने शहर में तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. एक ही रात में पांच युवकों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. खासकर पहली घटना में तीनों दोस्तों की एक साथ मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com