Son Kills Mother with Axe: मध्य प्रदेश के रीवा जिले के जवा थाना क्षेत्र के भुंगवा गांव में मां की हत्या का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. पड़ोसी से झगड़ा कर रहे बेटे को जब मां ने रोकने की कोशिश की, तो वह इतना बेकाबू हो गया कि घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर अपनी ही मां की जान ले ली. घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
विवाद से शुरू हुई त्रासदी
भुंगवा गांव में गुलाब कोल नाम का युवक अपने पड़ोसी से किसी बात को लेकर झगड़ा कर रहा था. विवाद बढ़ता देख उसकी मां, मझली देवी, बीच-बचाव के लिए आगे आईं और बेटे को शांत रहने की समझाइश दी. लेकिन मां की यह बात गुलाब को नागवार गुजरी.
गुस्से में उठाई कुल्हाड़ी
गुस्से में आगबबूला हुए गुलाब कोल ने पास में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और मां पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. गंभीर चोटों के कारण मझली देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
वारदात की सूचना मिलते ही जवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लेने के बाद आरोपी गुलाब कोल को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
परिवार और गांव में मातम
अचानक हुए इस भीषण हादसे ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है. गांव में भी लोग इस घटना से आहत हैं, क्योंकि मां-बेटे के बीच हुए मामूली विवाद ने ऐसी त्रासदी का रूप ले लिया जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी.