MP: होटल में महीना भर रुके चीनी नागरिक, पुलिस को नहीं दी कोई सूचना; संचालक पर मामला दर्ज

जांच में पाया गया कि होटल प्रबंधन ने विदेशी नागरिकों के ठहरने की जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज नहीं की और थाने में सूचना भी नहीं दी.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

मध्य प्रदेश के रतलाम शहर के एक होटल में चार चीनी नागरिकों के महीना भर ठहरने की जानकारी कानूनी प्रक्रिया के तहत संबंधित ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज नहीं कराने के आरोप में होटल संचालक और प्रबंधक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी.

नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) अजय सारवान ने बताया कि शहर के एक होटल में 17 दिसंबर 2025 से इस साल 20 जनवरी के बीच चीन के चार नागरिक ठहरे थे. उन्होंने बताया कि ये विदेशी नागरिक कारोबारी वीजा पर भारत आए थे और मशीनरी से जुड़े कार्य के सिलसिले में रतलाम में रुके थे.

Advertisement

होटल प्रबंधन ने नहीं दी कोई जानकारी

सारवान ने बताया कि जांच में पाया गया कि होटल प्रबंधन ने इन विदेशी नागरिकों के ठहरने की जानकारी नियमानुसार ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज नहीं की और न ही स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी. उन्होंने बताया कि वीजा के रिकॉर्ड के आधार पर मिली सूचना के बाद रतलाम पुलिस ने मामले की जांच की और इसमें विदेशी नागरिकों के होटल में ठहरने की पुष्टि होने पर कानूनी कार्रवाई की गई.

सीएसपी के अनुसार, होटल संचालक सुभाष अग्रवाल और होटल प्रबंधक शिव सिंह राठौर के खिलाफ आप्रवास और विदेशियों विषयक अधिनियम 2025 के संबद्ध प्रावधानों के तहत सोमवार रात मामला दर्ज किया गया.

24 घंटे में जानकारी देना अनिवार्य

पुलिस के अनुसार, भारतीय कानून-कायदों के तहत किसी होटल, लॉज आदि प्रतिष्ठानों में विदेशी नागरिक के ठहरने की जानकारी 24 घंटे के भीतर 'फॉर्म-सी' के माध्यम से निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करना अनिवार्य है. इसके साथ ही, स्थानीय पुलिस को भी इसकी सूचना देना आवश्यक है.

ये भी पढ़ें- सोते समय मां-बेटे की दर्दनाक मौत, नीमच में जर्जर मकान बना वजह

Topics mentioned in this article