Elderly Woman Murder Case: 70 साल की एक वृद्ध महिला की दर्दनाक मौत ने राजगढ़ के भोजपुर क्षेत्र को हिलाकर रख दिया. गेहूं के खेत में महिला नाक और जुबान कटी हालत में लहूलुहान पड़ी मिली. तड़पते हुए उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वह बच नहीं सकी. घटना स्थल पर मिली खटिया और हालात इस ओर इशारा करते हैं कि उसके साथ किसी तरह की दरिंदगी हुई है. परिवार ने हत्या का आरोप लगाया है.
दरअसल, बुधवार को गांव के पास गेहूं के खेत में 70 वर्षीय महिला बेहद गंभीर हालत में पड़ी मिली. उसकी नाक और जुबान काट दी गई थी और वह दर्द से कराह रही थी. ग्रामीणों और परिजनों ने उसे तुरंत खिलचीपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
घटनास्थल पर मिली खटिया से गहराया संदेह
जहां महिला घायल अवस्था में मिली, वहां पास ही एक खटिया पड़ी थी. इस वजह से आशंका जताई जा रही है कि उसके साथ गलत काम किया गया हो सकता है. हालांकि पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई साफ होगी. वारदात की सूचना मिलते ही एसडीओपी धर्मवीर नागर और टीआई संगीता शर्मा मौके पर पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने खेत और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की. दोपहर करीब 3 बजे डॉक्टरों की टीम ने महिला का पोस्टमार्टम किया.
बेटे ने हत्या का आरोप लगाया
मृतका के बेटे ने आरोप लगाया कि उसकी मां की हत्या की गई है. उसने बताया कि परिवार में तीन बेटे और एक बेटी है. करीब 30 साल से उसके माता‑पिता और एक भाई गांव से कुछ दूरी पर खेत में बनी झोपड़ी में रह रहे थे. दो साल पहले पिता की मौत हो चुकी थी. अभी उसका भाई, भाभी और मां वहीं रहते थे. बेटे के अनुसार उसकी भाभी 10 दिन पहले रिश्तेदारों के साथ मजदूरी करने राजस्थान गई थी. घटना वाली रात उसका भाई पास के खेत में सिंचाई करने गया था, जबकि उसकी मां झोपड़ी में अकेली रह गई थी. देर रात भाई वापस लौटा और सो गया.
सुबह खोजबीन के बाद खेत में मिली लहूलुहान
सुबह जब भाई ने चाय बनाने के लिए मां को ढूंढा, तो वह झोपड़ी में नहीं मिली. उसे लगा कि मां गांव चली गई होंगी, पर वहां भी पता नहीं चला. इसके बाद आसपास के खेतों में खोजबीन की गई और कुछ दूरी पर महिला गंभीर अवस्था में पड़ी मिली. पास ही खटिया भी थी. परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई.