मध्य प्रदेश के राजगढ़ के जीरापुर-पचोर रोड स्थित महाविद्यालय के सामने फैक्ट्री परिसर में किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. यहां दो मंजिला भवन, बाउंड्री वॉल और अन्य निर्माणों को ध्वस्त किया गया. कार्रवाई के दौरान एस डी एम अंकिता जैन तशीलदार कमलसिह सोलंकी नगरपरिषद टीम प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहा.
लीज की शर्तों का किया गया उल्लंघन
जानकारी के अनुसार, सर्वे क्रमांक 1520/2/1, रकबा 0.268 हेक्टेयर भूमि शासन द्वारा 99 वर्ष की लीज पर आवंटित की गई थी. आरोप है कि लीजधारक आनंद स्वरूप ने लीज की शर्तों का उल्लंघन करते हुए उक्त भूमि को एल एंड टी कंपनी को किराए पर दे दिया. इसके अलावा परिसर में बिना प्रशासनिक अनुमति के करीब 1600 वर्ग मीटर क्षेत्र में अतिक्रमण कर निर्माण कार्य किए गए थे. इनमें लगभग 400 वर्ग मीटर का दो मंजिला भवन, एक छोटा भवन, बाउंड्री वॉल और अन्य अस्थायी और स्थायी निर्माण शामिल थे.
अवैध ढांचों पर चला बुलडोजर
प्रशासन द्वारा पूर्व में नोटिस जारी कर संबंधित पक्ष को सूचना दी गई थी. निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई. बुलडोजर की सहायता से पूरे अवैध ढांचे को जमींदोज कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया.
तहसीलदार कमल सोलंकी ने बताया कि शासन के निर्देशों के तहत आज अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है. उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा और नियम विरुद्ध निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे. ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
ये भी पढ़ें: सिंहस्थ 2028: उज्जैन में 60 से अधिक सड़कों का चौड़ीकरण, 100 चौराहों पर लगेगी हाईटेक निगरानी व्यवस्था
ये भी पढ़ें: MP: होटल में महीना भर रुके चीनी नागरिक, पुलिस को नहीं दी कोई सूचना; संचालक पर मामला दर्ज
ये भी पढ़ें: 75 हजार की रिश्वत लेते तहसील कार्यालय कर्मचारी धराया, मकान का कब्जा दिलाने के लिए मांगे थे रुपये