मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से चोरों के दुस्साहस का एक बेहद अजीब मामला सामने आया है. यहां आधी रात को चोर नगर परिषद पार्षद के सूने घर से 300 किलो वजनी भारी-भरकम तिजोरी ही उठाकर ले गए. तिजोरी को बाइक पर रखकर ले जाते हुए चोरों का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद भी हुआ है. तिजोरी में लाखों रुपये के जेवर रखे होने की बात सामने आई है. हालांकि, कुल कितने रुपये की चोरी हुई है, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा.
पार्षद का घर था सूना
जानकारी के अनुसार, शिवपुरी जिले की नगर परिषद पोहरी की पार्षद नीतू शर्मा बीते 13 जून से अपने परिवार के साथ किसी काम से बाहर गई हुई थीं, जिसके चलते उनके मकान में ताला लगा हुआ था. इसी सूनेपन का फायदा उठाकर चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया. गुरुवार सुबह पार्षद के चचेरे भाई हर्ष शर्मा ने घर के ताले टूटे हुए देखे और परिजनों को इसकी सूचना दी. इसके बाद पार्षद के भाई अनुज शर्मा मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई.
शिकायतकर्ता अनुज शर्मा ने बताया कि जब वे अपने भाई के घर पहुंचे, तो मुख्य दरवाजे का ताला और कुंडी टूटी हुई थी. अंदर कमरों का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए. चोरों ने अलमारियों के ताले तोड़कर सारा सामान बिखेर दिया था. अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब थे.
तिजोरी के साथ बाइक भी चुरा ले गए
हैरान करने वाली बात यह है कि चोर घर के अंदर रखी करीब 3 क्विंटल वजनी लोहे की भारी-भरकम तिजोरी भी अपने साथ उठा ले गए. इतना ही नहीं, जाते-जाते बदमाश गैलरी में खड़ी पल्सर मोटरसाइकिल भी चुरा ले गए. यह तिजोरी पुश्तैनी बताई जा रही. हालांकि बाद में चोर सड़क किनारे पटक गए. जहां से पुलिस ने तिजोरी बरामद कर ली है.
शिकायतकर्ता के अनुसार, भाई का परिवार 13 जून से बाहर था. सुबह चचेरे भाई ने ताला टूटने की सूचना दी थी. चोरों ने अलमारियां खंगालने के साथ ही लगभग तीन क्विंटल वजनी तिजोरी और पल्सर बाइक पर हाथ साफ किया है.
सीसीटीवी में नजर आए पांच-छह चोर
घटना की सूचना मिलते ही पोहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस के हाथ आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज लगी है. फुटेज में देर रात करीब 5 से 6 नकाबपोश बदमाश दो मोटरसाइकिलों पर संदिग्ध अवस्था में घूमते और वारदात के बाद भागते हुए नजर आ रहे हैं. पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों के रूट को ट्रैक किया जा रहा है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: 'पापा मैं जंग हार गई...' लिख AAP नेता नंदिनी ने दी जान, बहन से बोली-लिव-इन पार्टनर असलम ने निकलवा दी बच्चादानी
ये भी पढ़ें: बुरहानपुर का केला दुनिया भर में छाएगा, 12 साल बाद मिली गुड न्यूज से 18 हजार किसानों को फायदा
ये भी पढ़ें: जिस कूनो नेशनल पार्क में आ रहीं राष्ट्रपति मुर्मू, वहां 121 साल पहले सिंधिया ने 1 लाख खर्च कर मंगवाए अफ्रीकी शेर
mp shivpuri thieves steal 300 kg safe locker pohri parshad-house cctv video
Shivpuri Theft Case, Pohri Parshad House Robbery, 300 kg Locker Stolen on Bike, MP Crime News, Shivpuri CCTV Footage Thieves, शिवपुरी में चोरी, पोहरी पार्षद के घर चोरी, 300 किलो की तिजोरी चोरी, मध्य प्रदेश क्राइम न्यूज