MP Sandalwood Theft: मध्य प्रदेश के सतना जिले में चंदन की चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. बीते 12 दिनों में चंदन के पेड़ों की चोरी की यह दूसरी बड़ी वारदात है, जिसने पुलिस और ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है. ताजा मामला नागौद ब्लॉक के कचनार गांव का है, जहां रिटायर्ड आर्मी जवान की बगिया को निशाना बनाकर बदमाश कीमती चंदन के पेड़ काट ले गए.
नागौद के कचनार गांव की घटना
शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात नागौद ब्लॉक के कचनार गांव में अज्ञात बदमाशों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया. रिटायर्ड आर्मी मैन पुष्पेंद्र सिंह की बगिया से चंदन के दो विशाल पेड़ चोरी कर लिए गए. बताया जा रहा है कि ये पेड़ करीब 50 साल पुराने थे और काफी कीमती माने जाते हैं.
घर से सटी बगिया, फिर भी नहीं लगा सुराग
जानकारी के अनुसार पुष्पेंद्र सिंह की बगिया उनके घर से ही लगी हुई है. बगिया में मंदिर के चारों ओर करीब 20 चंदन के पेड़ लगे हैं. रात के समय पूरा परिवार घर में सो रहा था. इसी दौरान बदमाश आए और दो पेड़ काटकर ले गए. इसके अलावा उन्होंने दो अन्य चंदन के पेड़ों में चीरा भी लगाया, लेकिन उन्हें वहीं छोड़ दिया.
सुबह हुई घटना की जानकारी
सुबह जब परिवार के लोगों ने बगिया में कटे पेड़ देखे तो उन्हें चोरी की जानकारी मिली. इसके बाद तुरंत नागौद थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई गई. पुलिस के मुताबिक इतने बड़े पेड़ों को आरी से काटा गया है और उन्हें ले जाने के लिए किसी मालवाहक वाहन का इस्तेमाल किया गया होगा. नागौद पुलिस फिलहाल अज्ञात बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है. आसपास के इलाकों में पूछताछ और संभावित रास्तों की जांच की जा रही है, लेकिन अभी तक किसी भी आरोपी का पता नहीं चल सका है.
अतरवेदिया गांव में भी हो चुकी है इसी तरह चोरी
गौरतलब है कि इससे पहले 1 अप्रैल की रात उचेहरा थाना क्षेत्र के अतरवेदिया कला गांव में भी इसी तरह की चोरी हुई थी. वहां एक बगिया से करीब 25 साल पुराने चंदन के पांच पेड़ काटकर ले जाए गए थे. उस मामले में भी पुलिस आज तक किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच पाई है. लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से साफ संकेत मिल रहे हैं कि जिले में चंदन चोरों का कोई संगठित गिरोह सक्रिय है.