विज्ञापन

बारापत्थर हत्याकांड: घर में घुसकर किसान को गोली मारने वाले शूटर सहित तीन आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अब भी फरार

Barapatthar Murder Case: चंदन यादव अपने दो साथियों के साथ बब्लू यादव के घर पहुंचा था. वहां उसने पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर बब्लू यादव की हत्या कर दी थी. इस बाद दुकान में घुसकर बेटे राणा यादव को भी गोली मारी थी.

बारापत्थर हत्याकांड: घर में घुसकर किसान को गोली मारने वाले शूटर सहित तीन आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अब भी फरार

Barapatthar Murder Case: सतना जिले के थाना नागौद क्षेत्र में हुए चर्चित बारापत्थर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. करीब एक माह तक चली सघन जांच और लगातार दबिश के बाद पुलिस ने आरोपी शूटर आलोक सोनी (27 वर्ष), संजय साकेत (31 वर्ष) और प्रेम पुरवार (18 वर्ष) को सतना से गिरफ्तार किया. इस मामले का मुख्य आरोपी चंदन यादव अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है. चंदन ने पैरोल में छूटने के बाद किसान और उसके बेटे को गोली मारी थी.

बारापत्थर हत्याकांड के तीन आरोपी गिरफ्तार

नागौद थाना प्रभारी अशोक पांडेय के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी आलोक सोनी के पास से एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (एमपी 19 एमआर 1784) जब्त की गई है. वहीं संजय साकेत के कब्जे से एक अन्य मोटरसाइकिल (एमपी 19 जेडई 7899) बरामद हुई, जिसका उपयोग आरोपियों की मदद में किया गया था. पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. प्रेम पुरवार पर फरारी के दौरान आरोपियों को शरण देने और मदद करने का आरोप है. तीनों को गुरुवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया.

यहां जानिए पूरा मामला

घटनाक्रम के अनुसार, 5 मार्च की रात करीब 9:30 बजे बारापत्थर गांव में अचानक गोली चलने की आवाज से अफरा-तफरी मच गई. फरियादिया ने बताया कि वह घर में खाना बना रही थी, तभी पटाखे जैसी आवाज सुनाई दी. छत पर पहुंचने पर उसने देखा कि चंदन यादव और आलोक सोनी हाथों में पिस्टल लिए खड़े थे, जबकि एक अन्य युवक मुंह बांधे मोटरसाइकिल के पास मौजूद था. कुछ ही देर में ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो बबलू यादव खून से लथपथ मृत अवस्था में मिले, जिनके गर्दन, सीने और कमर में गोली के निशान थे. इसी दौरान उनके बेटे राणा यादव को भी दुकान में घुसकर गोली मारी गई, जो घायल अवस्था में घर पहुंचा और बाद में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया.

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है.

ये भी पढ़ें: Success Story: डिलीवरी के बाद भी नहीं लिया ब्रेक, 11 दिन बाद काम पर लौटी थीं IAS प्रतिभा पाल, ऐसी है सागर कलेक्टर की कहानी

ये भी पढ़ें: बोरवेल में गिरे भागीरथ को बचाने के लिए रेस्क्यू जारी: बड़नगर में रातभर चला ऑपरेशन, चट्‌टानें आने से रुकी खुदाई

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close