MP Road Accident: एमपी के सागर जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां खिमलासा थाना क्षेत्र के खड़ेसरा गांव के पास तेज रफ्तार गैस टैंकर ने बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में पिता की मौके पर मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फूट पड़ा और लोगों ने रोड पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया.
कैसे हुआ हादसा?
रेहटवास (अशोकनगर) से अपने गांव लौंगर लौट रहे 49 वर्षीय रामपाल राजपूत बेटे धर्मपाल के साथ बाइक से आ रहे थे. खड़ेसरा गांव के पास गैस टैंकर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मारी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रामपाल टैंकर की चपेट में आ गए और वहीं उनकी मौत हो गई. बेटा धर्मपाल गंभीर रूप से घायल हुआ.
ग्रामीणों का गुस्सा और चक्काजाम
हादसे की खबर मिलते ही आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए. आक्रोशित ग्रामीणों ने लापरवाह टैंकर चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क पर शव रखकर चक्काजाम किया. करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा.
पुलिस ने संभाली स्थिति
सूचना पर बीना, आगासौद और खिमलासा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने समझाइश देकर भीड़ को शांत किया और रोड से जाम हटवाया. पुलिस ने गैस टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर वाहन को जब्त कर लिया है. गंभीर रूप से घायल धर्मपाल को तुरंत बीना सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और संबंधित सभी तथ्यों को खंगाला जा रहा है. आगे की कानूनी कार्रवाई प्रक्रिया अनुसार की जा रही है.