Sidhi News: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के सीधी जिले की मड़वास पुलिस ने रविवार को बिजली विभाग (Electricity Department) के उपकरण चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा किया. इसके साथ ही पुलिस ने 25 लाख 80 हजार 424 रुपये मूल्य के 71 लोहे के एच-बीम बिजली के खंभे बरामद करने में सफलता हासिल की है. इस मामले में पुलिस ने पूर्व मंत्री रामखेलावन पटेल के रिश्तेदार सरपंच और एक युवक को गिरफ्तार किया गया. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन में की गई.
पुलिस के अनुसार 19 मई 2026 को रीवा निवासी सिद्धार्थ सिंह परिहार ने थाना मड़वास में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरडीएसएस योजना के तहत विद्युत वितरण प्रणाली के आधुनिकीकरण कार्य के लिए वन चौकी सिकरा और ग्राम टिकरी स्थित राइस मिल के पास रखे गए 131 लोहे के विद्युत खंभे अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी कर लिए गए हैं. चोरी किए गए खंभों की कुल अनुमानित कीमत 47 लाख 61 हजार 64 रुपये बताई गई थी. आरोपियों ने हाइड्रा मशीन और ट्रेलर की मदद से खंभों को लोड कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था.
मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दबोचा
शिकायत के आधार पर थाना मड़वास में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303 (2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीओपी कुसमी संतोष तिवारी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई. विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी भूपेश कुमार पटेल तक पहुंच बनाई.
यह भी पढ़ें- MP News: छतरपुर में रामलीला मंडल के संचालक ने कुल्हाड़ी से काट लिया अपना गुप्तांग, बोला- इसलिए उठाना पड़ा ये कदम
उसके कब्जे से 71 एच-बीम लोहे के खंभे बरामद किए गए. यह सामग्री आरोपी के ससुर दिवाकर सिंह के यहां ग्राम बिंदूनगर थाना रामनगर, जिला मैहर में छिपाकर रखी गई थी. बरामद खंभों की कीमत 25 लाख 80 हजार 424 रुपये आंकी गई है. पुलिस ने बरामद सामग्री को जब्त कर लिया है. इसके साथ ही मामले में शामिल अन्य आरोपियों और शेष चुराए गए खंभों की तलाश जारी है.
यह भी पढ़ें- ट्विशा शर्मा केस: एक कांस्टेबल की सूझबूझ ने CBI का काम कर दिया आसान, 34 मिनट के वीडियो ने खोले कई राज