2 months ago

Madhya Pradesh-Chhattisgarh Hindi News Live:  मध्य प्रदेश–छत्तीसगढ़ की बड़ी खबरों का आज का फोकस प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक बैठकें और मौसम के बदलते रुझान पर है. एक तरफ छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 11 फरवरी को कैबिनेट बैठक हुई, वहीं मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन में वन मेले का शुभारंभ किया. 

नीतिगत हलचल और जनकल्याण एजेंडा

छत्तीसगढ़ कैबिनेट की बैठक में विधानसभा सत्र की रूपरेखा, वित्त, अवसंरचना, कृषि, उद्योग और ऊर्जा जैसे प्रमुख विभागों के प्रस्तावों पर चर्चा हुई.  

उज्जैन वन मेला और मौसम अपडेट

उज्जैन के दशहरा मैदान, सेठी नगर में वन मेले का शुभारंभ 11 फरवरी की शाम हुई, जिसमें “होली रंग गुलाल”, “महाकाल स्मृति उपहार” और “महाकाल वन प्रसादम” जैसी पहलें लॉन्च हुई. मेला 11 से 16 फरवरी तक “समृद्ध वन, खुशहाल जन” थीम पर चलेगा.

यहां पढ़िए मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ की बुधवार, 11 फरवरी 2026 की ताजा खबरें...

Feb 11, 2026 22:36 (IST)

ग्वालियर हाईकोर्ट ने पुलिस को लगाई फटकार, डोडा चूरा गायब करने के मामले में विभागीय जांच शुरू

ग्वालियर हाईकोर्ट ने जून 2023 में एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त किए गए 1209 किलोग्राम डोडा चूरा मामले में गंभीर लापरवाही सामने आने पर शिवपुरी पुलिस को कड़ी फटकार लगाई है. विवेचना के दौरान इस जब्त सामग्री के 12 बैग गायब पाए गए, जिसके बाद कोर्ट ने कठोर रुख अपनाते हुए संबंधित थाना प्रभारियों और विवेचकों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए. अदालत के आदेश पर एसपी शिवपुरी अमन सिंह राठौड़ ने दो निरीक्षकों और पांच उपनिरीक्षकों सहित कुल सात पुलिस कर्मियों को लाइन अटैच कर विभागीय जांच शुरू कर दी है. इनमें तत्कालीन टीआई कोलारस जितेंद्र सिंह मावई, उपनिरीक्षक राघवेंद्र सिंह यादव, उपनिरीक्षक हरिशंकर शर्मा, उपनिरीक्षक अंकित उपाध्याय और निरीक्षक मनीष शर्मा शामिल हैं. मामले से जुड़े दो एसआई पहले ही सेवानिवृत्त हो चुके हैं. हाईकोर्ट ने निर्देश दिया है कि संदिग्ध भूमिका वाले अधिकारियों को फिलहाल किसी थाने में पदस्थ न किया जाए. एसपी कार्यालय ने सात दिन में पूरी जांच रिपोर्ट सौंपने के आदेश जारी कर दिए हैं.

Feb 11, 2026 22:11 (IST)

MP-Chhattisgarh Live News: कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने कही सनातन बोर्ड बनाने की बात

डबरा में नवग्रह मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के पहले दिन पहुंचे कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह मंदिर सनातन संस्कृति को नई ऊर्जा प्रदान करेगा. उन्होंने मंच से संबोधन के दौरान “सनातन बोर्ड” बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि समय की मांग है कि ऐसा बोर्ड अवश्य बनाया जाए. कार्यक्रम के तहत नवग्रह मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा 20 फरवरी तक चलेगी, जिसमें पहले दिन पंडित प्रदीप मिश्रा ने शिवपुराण कथा का शुभारंभ किया.

Advertisement
Feb 11, 2026 21:44 (IST)

MP-Chhattisgarh Live News: स्टंट का वीडियो किया वायरल, पुलिस ने 16 के खिलाफ की कार्रवाई

बलौदा बाजार जिले के कसडोल में स्वामी आत्मानंद स्कूल के शाला विदाई कार्यक्रम के दौरान सड़क पर खतरनाक स्टंट करने वाला वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 16 लोगों को पकड़ा है. वीडियो में स्कॉर्पियो और अन्य चारपहिया वाहनों से स्टंट करते दिख रहे युवकों और नाबालिग छात्रों की पहचान कर कसडोल पुलिस ने चार वाहन चालक शुभम चेलक, आदित्य कुमार कश्यप, विकास साहू और गजाधर साहू को हिरासत में लिया, जबकि बारह नाबालिग छात्रों को भी पकड़ा गया. पूछताछ में सभी ने खतरनाक तरीके से वाहन चलाने की बात मानी. पुलिस ने स्टंट में उपयोग की गई चार गाड़ियों को जब्त करते हुए वाहन चालकों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है. 

Feb 11, 2026 20:46 (IST)

MP-Chhattisgarh Live News: पिकअप और अर्टिगा की जोरदार भिड़ंत, कार से उठने लगा धुआं

पीथमपुर के विशाल चौराहे पर राउ–पीथमपुर बायपास पर उस समय अफरा‑तफरी मच गई जब एक पिकअप वाहन और अर्टिगा कार की जोरदार भिड़ंत हो गई, जिससे कार के बोनट से अचानक धुआं उठने लगा और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह जल गया. हादसा शाम करीब 4:30 बजे हुआ और टक्कर इतनी तेज थी कि कार में बैठे लोग तुरंत बाहर निकल आए. मौके पर मौजूद राहगीरों ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन की सीएनजी सप्लाई बंद कर दी और पानी डालकर आग फैलने से रोकने की कोशिश की, जिससे बड़ा हादसा टल गया. धुएं के कारण कुछ देर के लिए ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बन गई. फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दे दी गई है, जबकि यातायात अब सामान्य कराया जा रहा है.

Feb 11, 2026 20:05 (IST)

MP-Chhattisgarh Live News: BJP विधायक एक महीने से गायब, परिवार घर में बंद

मध्य प्रदेश के मऊगंज में इन दिनों एक अजीब सा सन्नाटा और डर पसरा हुआ है. डर इस बात का कि क्षेत्र के रसूखदार बीजेपी विधायक प्रदीप पटेल पिछले एक महीने से सार्वजनिक तौर पर नजर नहीं आए हैं. न तो वे किसी सरकारी कार्यक्रम में दिख रहे हैं, न अपने विधानसभा क्षेत्र में और न ही फोन पर उपलब्ध हैं. इस रहस्यमयी खामोशी के बीच विधायक का एक वीडियो सामने आया है, जिसने सबको चौंका दिया है. वीडियो में विधायक अपने परिवार को सख्त हिदायत दे रहे हैं कि घर से बाहर मत निकलना, दरवाजा मत खोलना और जो भी सामान चाहिए उसे ऑनलाइन मंगाना. उनका दावा है कि उनकी जान को गंभीर खतरा है. NDTV की टीम ने इस मुद्दे पर पड़ताल की तो  “गायब विधायक” की कहानी और भी रहस्यमयी हो गई. पढ़ें पूरी कहानी...

Feb 11, 2026 19:26 (IST)

MP-Chhattisgarh Live News: महिला ने लगाए भाजपा पार्षद पति पर दुष्कर्म का आरोप

बिलासपुर की एक महिला ने भाजपा पार्षद पति राजेन्द्र उर्फ रिंकू टंडन पर घर में जबरन घुसकर दुष्कर्म करने और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है. महिला का कहना है कि आरोपी राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर उस पर और उसके परिजनों पर लगातार दबाव बना रहा है, जिससे वह भयभीत है. न्याय की गुहार लगाते हुए पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में FIR दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है. आरोपी फिलहाल फरार है, पुलिस उसे पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

Advertisement
Feb 11, 2026 19:09 (IST)

MP-Chhattisgarh Live News: 10 रुपये की चाउमीन के लिए ठेले वाले को पीटा

एमपी के सीधी में 10 रुपये की चाउमीन के लिए ठेले वाले की पिटाई का मामला सामने आया है. ये वारदात कन्या महाविद्यालय के सामने की है. बताया जा रहा है कि कॉलेज के छात्रों ने ठेले पर से चाउमीन खाया, फिर 20 रुपये की जगह 30 रुपये ऑनलाइन कर दिए. इसके बाद 10 रुपये के लिए छात्रों और ठेले वाले के बीच मारपीट शुरू हो गई. छात्रों ठेले को पलटा दिया. इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा. 

Feb 11, 2026 18:44 (IST)

MP-Chhattisgarh Live News: सरेराह दो महिलाओं की चप्पलों से धुनाई, ई-रिक्शा में चोरी कर रही थी दोनों

मध्य प्रदेश के भिंड शहर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां ई‑रिक्शा में सफर कर रहीं दो महिला चोरों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया. मौके पर मौजूद महिलाओं ने उनकी चप्पलों से जमकर धुनाई कर दी. शादी‑विवाह के सीजन में सक्रिय हुआ महिला चोर गिरोह लगातार महिलाओं को निशाना बना रहा है, लेकिन इस बार उनकी चालाकी पीड़िता की सतर्कता के सामने फेल हो गई.

Advertisement
Feb 11, 2026 18:01 (IST)

MP-Chhattisgarh Live News: चलती ट्रेन में चढ़ने के कोशिश में गिरी छात्रा, मौत

सतना रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में एमए अंतिम वर्ष की छात्रा अंजली साकेत (25) की चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान मौत हो गई. रीवा जिले के लालगांव निवासी अंजली प्लेटफॉर्म नंबर‑1 पर पहुंची थी और उसे एर्नाकुलम एक्सप्रेस (22670) से यात्रा करनी थी, लेकिन ट्रेन प्लेटफॉर्म छोड़ चुकी थी. वह दौड़कर ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में असंतुलित होकर पटरी पर गिर गई और ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई. यात्रियों के शोर पर पहुंचे आरपीएफ और जीआरपी कर्मियों ने गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. 

Feb 11, 2026 17:10 (IST)

MP-Chhattisgarh Live News: बेटे ने की मां की हत्या! झगड़ा करने से रोका तो कुल्हाड़ी से काट डाला

रीवा जिले के जवा थाना क्षेत्र के भुंगवा गांव में बेटे द्वारा मां की हत्या की दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. जानकारी के अनुसार, गुलाब कोल नामक युवक पड़ोसी से झगड़ा कर रहा था, तभी उसकी मां मझली देवी बीच‑बचाव करने पहुंचीं और बेटे को विवाद रोकने की समझाइश दी. यह बात युवक को नागवार गुजरी और वह गुस्से में पागल होकर पास पड़ी कुल्हाड़ी उठा लाया. आरोपी ने अपनी ही मां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही जवा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया. 

Feb 11, 2026 17:09 (IST)

MP-Chhattisgarh Live News: बिजली तारों में उलझी यात्री बस! चिंगारी दिखते ही मचा हड़कंप

ग्वालियर ते कम्पू थाना क्षेत्र के गुड़ी‑गुड़ा नाके पर उस समय अफरा‑तफरी मच गई जब एक यात्री बस ऊपर लदे ट्रांसपोर्ट के सामान के कारण बिजली के तारों में उलझ गई. तेज आवाज के साथ तारों में चिंगारी भड़की और बस की छत पर आग दिखाई देने लगी, जिसके बाद यात्रियों में हड़कंप मच गया. ड्राइवर और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए बस में बैठे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया. आग की लपटें देखकर लोग घबरा उठे.

Feb 11, 2026 16:40 (IST)

MP-Chhattisgarh Live News: एमपी में डेढ़ करोड़ की चोरी! 1kg सोना और 2.5kg चांदी के साथ 20 लाख ले उड़े चोर

एमपी के शिवपुरी जिले के इंदार गांव में अज्ञात चोरों ने डेढ़ करोड़ रुपये की बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे दी है. देर रात हुई इस घटना में चोरों ने दो अलग‑अलग घरों को निशाना बनाया और एक किलो सोना, ढाई किलो चांदी के जेवरात और करीब 20 लाख रुपये नकद पर हाथ साफ कर फरार हो गए. सबसे बड़ी चोरी चंद्र प्रकाश रघुवंशी के घर हुई, जहां तीन बक्सों के ताले तोड़कर 17 सोने की अंगूठियां, तीन सोने के हार, चार चेन, पुरानी सोने की मोहरें और लगभग दो किलो चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए. परिवार के मुताबिक करीब 50–60 तोला सोना नया था और लगभग 50 तोला पुश्तैनी, जिसे एक ही जगह रखा गया था. हाल ही में जिले में ज्वेलरी शॉप में दो करोड़ की चोरी का खुलासा हुआ था, लेकिन लगातार बढ़ रही वारदातों ने इलाके में दहशत और पुलिस की चिंता दोनों बढ़ा दी हैं.  

Feb 11, 2026 16:29 (IST)

MP-Chhattisgarh Live News: शराबी पति ने पत्नी-बेटी को कमरे में बंद कर लगाई आग, पड़ोसियों ने बचाई जान

शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने गौरेला‑पेंड्रा मुख्य मार्ग स्थित सुलभ कॉम्प्लेक्स में अपनी पत्नी और 15 वर्षीय बेटी को कमरे में बंद कर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. दत्तात्रेय मंदिर के सामने हुई इस दिल दहला देने वाली घटना में मां‑बेटी गंभीर रूप से झुलस गईं, लेकिन पड़ोसियों की तत्परता से उनकी जान बच गई. दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है.

Feb 11, 2026 16:06 (IST)

MP-Chhattisgarh Live News: युवती ने पुलिस चौकी के बाहर खाया जहर! हालत गंभीर, एमवाय अस्पताल में भर्ती

मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में अवैध कालोनाइज़र द्वारा ठगी से परेशान एक युवती ने थाना बाणगंगा क्षेत्र की भागीरथपुरा पुलिस चौकी के बाहर जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया. उसकी हालत गंभीर होने पर उसे तुरंत एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है.

Feb 11, 2026 15:50 (IST)

MP-Chhattisgarh Live News: सौतेले पिता की हैवानियत! नाबालिग बेटी से किया दुष्कर्म, गर्भवती होने पर हुआ खुलासा

बिलासपुर के बिल्हा थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक नाबालिग छात्रा के गर्भवती होने पर उसके सौतेले पिता की घिनौनी हरकत का खुलासा हुआ. दूसरे जिले के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करने वाली छात्रा की खेलते समय अचानक तबीयत बिगड़ने पर जब मेडिकल जांच हुई, तो डॉक्टरों ने उसे आठ माह की गर्भवती बताया और बाद में उसने एक बेटे को जन्म दिया. अस्पताल प्रबंधन द्वारा पुलिस को सूचना देने पर मामले की जांच शुरू हुई. आरोपी सौतेला पिता घटना सामने आते ही फरार हो गया और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलते हुए भिक्षा मांगकर अपनी पहचान छिपाता रहा. पुलिस को सूचना मिली कि वह शिवरीनारायण मेले में भेष बदलकर घूम रहा है, जिसके बाद टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.

Feb 11, 2026 13:40 (IST)

Gwalior Railway Station: ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर टला बड़ा हादसा, RPF आरक्षक ने प्लेटफार्म पर घिसटने यात्री की बचाई जान

ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर आज उस वक्त बड़ा हादसा होते-होते रह गया, जब प्लेटफार्म पर पहुंचने से पहले यात्री ट्रेन से उतरने की कोशिश में एक पैसेंजर घिसटने लगा. गनीमत रही कि प्लेटफार्म पर खड़े प्रधान आरपीएफ आरक्षक धीर सिंह ने बहादुरी दिखाते हुए प्लेटफार्म से नीचे गिरने से पहले यात्री को पकड़ लिया वरना बड़ी दुर्घटना हो सकती थी और पैसेंजर की जान भी जा सकती है. प्रधान आरक्षक द्वारा पैसेंजर को बचाने का वीडियो इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहा है. 

Feb 11, 2026 13:19 (IST)

Raipur News: भारत में मुस्लिम लॉ की जरूरत नहीं- सलीम राज

Raipur News: रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सलीम राज ने कहा कि भारत में मुस्लिम लॉ की जरूरत नहीं है. उनके इस बयान पर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई. भाजपा सांसद संतोष पांडे ने उनके बयान का समर्थन करते हुए कहा कि सलीम राज जो कह रहे हैं वह ठीक कह रहे हैं. देश में कानून सबके लिए समान होना चाहिए. वहीं, कांग्रेस ने इस बयान का कड़ा विरोध किया है. छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि सलीम राज भाजपा के नेता हैं, इसलिए उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड का अध्यक्ष बनाया गया है. उन्होंने कहा कि सलीम राज पूरे देश के मुस्लिम समाज के नेता नहीं हैं, जो यह तय करें कि मुस्लिम लॉ की जरूरत है या नहीं. 

Feb 11, 2026 13:09 (IST)

Itarsi murder case: बिहार से लाकर एमपी में की प्रेमिका की हत्या

Narmadapuram News: नर्मदापुरम जिले के इटारसी रेलवे स्टेशन के आउटर पर घनी झाड़ियों में 6 जनवरी 2026 को मिली सिर कुचली युवती की लाश का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. करीब 2000 सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद पुलिस को आरोपी को पकड़ने में मिली है. युवती की हत्या के आरोप में पुलिस ने बिहार के एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस जब उसे पकड़ने पहुंची तो वह अपने खेत पर काम कर रहा था.

Feb 11, 2026 12:16 (IST)

Ladli Behna Scheme: लाडली बहना योजना, हाईकोर्ट ने खारिज की याचिका

Ladli Behna Scheme: इंदौर में लाडली बहना योजना को लेकर दायर जनहित याचिका को हाई कोर्ट ने खारिज कर दिया है. यह याचिका रतलाम के पूर्व विधायक पारस सकलेचा ने दायर की थी, जिसमें 21 वर्ष की आयु सीमा, 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को योजना से बाहर रखने और राशि को 1500 से बढ़ाकर 3000 करने की मांग की गई थी. सरकार की ओर से अदालत में कहा गया कि किसी भी योजना की पात्रता तय करना सरकार का विशेषाधिकार है, इसमें न्यायालय का हस्तक्षेप नहीं हो सकता. हाई कोर्ट ने सरकार की इस दलील को स्वीकार करते हुए याचिका को अस्वीकार कर दिया.

Feb 11, 2026 11:53 (IST)

Bhind News: महिला चोरों की जूती से पिटाई

Bhind Crime News: भिंड में बस स्टैंड के पास दो महिला चोरों को रंगे हाथ पकड़े जाने के बाद उनकी जमकर पिटाई कर दी गई. ये महिलाएं शादी में शामिल होने जा रही महिलाओं के पर्स से सोने के गहने चुरा रही थीं. जैसे ही गहने गायब होने का पता चला उन्हें पकड़ लिया गया गया. इसके बाद महिलाओं ने चोरी करने वाली दोनों आरोपी महिलाओं की जूती से जमकर पिटाई की. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला चोरों को हिरासत में ले लिया. चोरी किए गए गहनों की कीमत करीब 4 से 5 लाख रुपये बताई जा रही है. यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है. एक क्लिक पर देखें वीडियो 

Feb 11, 2026 11:23 (IST)

Indore News: पोकलेन मशीन के पंजे से कुचलने का प्रयास

इंदौर के छोटा बांगड़दा इलाके में निर्माण कार्य के दौरान हुए मामूली विवाद के बाद चालक ने पोकलेन मशीन को ही हथियार बना लिया और कर्मचारियों को ही मारने की कोशिश की. चालक ने पोकलेन के पंजे से एक व्यक्ति को कुचलने का प्रयास किया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.  

Feb 11, 2026 10:42 (IST)

Indore News: नगर निगम के पूर्व अधिकारी की एक करोड़ से अधिक की संपत्ति कुर्क

ED action in Indore: इंदौर में आय से अधिक संपत्ति के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने नगर निगम में पदस्थ रहे पूर्व सहायक राजस्व अधिकारी राजेश परमार की संपत्तियों को कुर्क किया है. ईडी ने परमार और उसके परिजनों की करीब एक करोड़ छह लाख रुपये की संपत्तियों को जब्त किया है. कुर्क की गई संपत्तियों में एक रहवासी मकान, एक प्लॉट, एक फ्लैट और कृषि भूमि शामिल है. ईओडब्ल्यू द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर ईडी ने अपनी जांच शुरू की थी. जांच में सामने आया कि वर्ष 2007 से 2022 के बीच परमार ने अपनी आय से करीब 175 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित की. पूछताछ और जांच के दौरान राजेश परमार अपनी आय और संपत्तियों से जुड़े कोई पुख्ता दस्तावेज या सबूत पेश नहीं कर सका.

Feb 11, 2026 10:33 (IST)

Singrauli News: भगवान की गदा और दानपेटी चोरी, CCTV में चोर कैद

Singrauli Crime News: सिंगरौली जिले के विंध्यनगर थाना से 500 मीटर की दूरी पर स्थित हनुमानजी के मंदिर में चोरी हो गई. चोर मंदिर में रखी दान पेटी, भगवान का मुकुट और गदा चोरी कर ले गए. चोरी की यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है. सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि चोर पूरी प्लानिंग के साथ मंदिर परिसर में दाखिल होता है, बिना किसी डर के वह सीधे गर्भगृह तक पहुंचता है और फिर चोरी कर आराम से बाहर निकल जाता है. पुलिस ने केस दर्ज कर चोर की तलाश शुरू कर दी है.

Feb 11, 2026 10:12 (IST)

Ladli Behna Yojana: लाडली बहनों ने योजना के पैसे कराई श्रीमद्भागवत कथा

Ladli Behna Yojana: मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के मुंगावली ब्लॉक की चिरौली पंचायत में लाडली बहनों की अनूठी भक्ति देखने को मिली. लाडली बहना योजना का लाभ रहे रहीं गांव की करीब 85 महिलाओं ने एकजुट होकर सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन कराया. कथा के समापन पर पूरे गांव में भंडारा भी किया गया. इस आयोजन को लेकर लाडली बहनों सवाल किया गया कि परिवार के संचालन के लिए मिलने वाले पैसों से ऐसे आयोजन की क्या आवश्यकता थी? इस पर उन्होंने कहा कि दिल से आवाज आई, शासन से मिलने वाली राशि से कोई धार्मिक कार्यक्रम करना चाहिए. गांव की अन्य महिलाओं से चर्चा की गई तो सभी की भागवत कथा पर सहमति बनी. इसके बाद गांव के प्राचीन हनुमान मंदिर परिसर में कथा का आयोजन किया गया. लाडली बहनों के साथ-साथ गांव और आसपास के ग्रामीणजनों ने धर्मलाभ लिया.

Feb 11, 2026 09:40 (IST)

Sagar Crime News: प्रेमी ने की पति हत्या, छह महीने बाद मिला कंकाल

Sagar Blind Murder: सागर में 20 अगस्त 2025 को लापता हुए युवक का कंकाल पुलिस को छह महीने बाद मिला है. पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी के प्रेमी को गिरफ्तार किया है. एक क्लिक पर पढ़ें पूरी खबर...

Feb 11, 2026 09:28 (IST)

Damoh News: व्यापारी से सात लाख की लूट

Damoh Crime News: दमोह जिले के देहात थाना इलाके परसौरिया गांव में इलेक्ट्रॉनिक व्यवसायी राजा सिंधी पर लुटेरों ने हमला कर दिया. बदमाशों ने पहले बाइक से टक्कर मारकर उन्हें गिराया गया. पिस्टल अड़ाकर करीब सात लाख रुपये लूट लिए गए. इसके बाद मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. व्यापारी को चेहरे पर गंभीर चोट आई और वह बेहोश हो गए. डायल 112 की मदद से व्यापारी को जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया. बताया गया है कि व्यापारी गढ़ाकोटा इलाके से लेन-देन की वसूली कर लौट रहा था. लुटेरों ने पहले उसकी रेकी की और फिर वारदात को अंजाम दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. 

Feb 11, 2026 08:34 (IST)

Harda News: हरदा में दो कारों की टक्कर, क्रेन से खींचकर हाईवे से हटाया

हरदा में इंदौर-बैतूल नेशनल हाईवे के फोरलेन बायपास के पर को दो कारों की टक्कर हो गई. हादसे मे पांच महिलाओं को हल्की चोटें आईं. हालांकि, हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. पुलिस ने क्रेन से दोनों वाहनों को हाइवे से हटाया. हादसके बाद हाईवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. पुलिस ने बताया कि नागपुर निवासी मीना, रश्मि मेश्राम, श्री मेश्राम, कीर्ति मेश्राम, बीना काले और शीला मेश्राम कार से इंदौर जा रही थीं. उड़ा के कट के मोड़ पर उनकी कार दूसरी कार से टकरा गई. महिलाओं को मामूली चोटें आईं हैं.

Feb 11, 2026 08:25 (IST)

Indore News: कैसे हुई रिया की मौत?

Indore Contaminated Water Death: दूषित पेयजल से 10 फरवरी मंगलवार को इंदौर में हुई दो मौतों को लेकर हुए एक नए खुलासे में दावा किया जा रहा है कि दो वर्षीय मासूम रिया प्रजापति की मौत की वजह दूषित पेयजल नहीं था, बल्कि उसकी मौत की वजह दूसरी बीमारी थी. पीडियाट्रिक सर्जरी विभागाध्यक्ष की मानें तो मासूम लिवर में पस और निमोनिया से जूझ रही थी. एक क्लिक पर पढ़ें पूरी खबर... 

Feb 11, 2026 07:40 (IST)

Chhatarpur News: SDM एसडीएम कार्यालय पर पथराव, ग्रामीणों को बल प्रयोग कर खदेड़ा

Chhatarpur News Today: केन-बेतवा लिंक परियोजना के विस्थापित ग्रामीणों ने मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में मंगलवार 10 फरवरी 2026 की देर रात हंगामा कर दिया. विस्थापित ग्रामीण एसडीएम कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी कर पथराव शुरू कर दिया, हालात बिगड़ते देख पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस-प्रशासन ने बल प्रयोग किया और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया. एक क्लिक पर पढ़ें पूरी खबर 

 

Feb 11, 2026 07:14 (IST)

Baba Mahakal: अभिनेता सुनील शेट्टी ने 20 दिन में दूसरी बाद किए बाबा महाकाल के दर्शन

Ujjain Shri Mahakaleshwar Temple: अभिनेता सुनील शेट्टी ने उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की. इस दौरान मीडिया से बात करते हुए सुनील शेट्टी ने कहा, “मैंने कभी नहीं सोचा था कि 20 दिनों के भीतर फिर से यहां आऊंगा.मुझे आना था, लेकिन ऐसा कोई प्लान नहीं था . बाबा महाकाल के दर्शन कर मैंने सबके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की है, हमारी फिल्म ‘बॉर्डर’ बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रही है. मेरी हमेशा यही कोशिश रहती है कि हम सही काम करते रहें.” देखिए, वीडियो 

Feb 11, 2026 06:58 (IST)

Singrauli News: रील के चक्कर में डूब गई जिंदगी

Singrauli Crime News:  मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के रिहंद जलाशय में रील बनाने का जुनून एक युवक की मौत की वजह बन गया. 17 वर्षीय संदीप शाह दो दोस्तों के साथ नाव पर वीडियो बना रहा था. इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ा, पैर फिसला और वह गहरे पानी में गिर गया. इसके बाद वह देखते-देखते दोस्तों के सामने डूब गया. सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ और गोताखोरों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया, 25 घंटे की मशक्कत के बाद मंगलवार को संदीप का शव बरामद किया गया. बेटे की मौत से दुखी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.