विज्ञापन

CBN की कार्रवाई में 45 किलो अफीम और 105 किलो डोडाचूरा जब्त, 5 आरोपी गिरफ्तार 

CBN के अनुसार, 5 से 27 मार्च के बीच अलग-अलग स्थानों पर इन कार्रवाई कर 45.213 किलोग्राम अफीम और 105.020 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया. साथ ही विभिन्न वाहनों को जब्त कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.

CBN की कार्रवाई में 45 किलो अफीम और 105 किलो डोडाचूरा जब्त, 5 आरोपी गिरफ्तार 
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) को मिली बड़ी सफलता.

मध्य प्रदेश में मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) को बड़ी सफलता मिली है. 25 से 27 मार्च के बीच अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाई में बड़ी मात्रा में अवैध अफीम और डोडाचूरा जब्त किया गया है. इसकी जानकारी रविवार शाम को केंद्रीय नारकोटिक्स कार्यालय, नीमच द्वारा दी गई.

CBN के अनुसार, इन कार्रवाइयों के दौरान कुल 45.213 किलोग्राम अफीम और 105.020 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया. साथ ही विभिन्न वाहनों को जब्त करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक मुख्य आरोपी घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती है.

रणायरा में मकान और कार से बड़ी बरामदगी

  • 26 मार्च को रतलाम जिले के ताल तहसील अंतर्गत ग्राम रणायरा में CBN की संयुक्त टीम (नीमच, जावरा और रतलाम) ने एक मकान पर छापेमारी की. तलाशी के दौरान मकान से 40.910 किलो अफीम बरामद हुई, जबकि परिसर में खड़ी टाटा अल्ट्रोज कार से 59.100 किलो डोडाचूरा मिला. कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी छत से कूदकर भागने की कोशिश में गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल नीमच में भर्ती कराया गया है. इस मामले में 2 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है.
  • 25 मार्च को मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ क्षेत्र में एक कार की तलाशी के दौरान 45.920 किलो डोडाचूरा बरामद किया गया. वाहन सहित मादक पदार्थ जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया.
  • 27 मार्च को मनासा क्षेत्र में कुकड़ेश्वर-रामपुरा रोड पर निगरानी के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार को रोका गया. तलाशी में उसकी डिक्की से 1.265 किलो अफीम बरामद हुई. आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया.

भागने के चक्कर में गड्ढे में गिरा, दोनों पैर टूटे  

रतलाम जिले के जावरा क्षेत्र में एक अन्य कार्रवाई के दौरान आरोपी पुलिस से बचने के लिए भागा, लेकिन अंधेरे में गड्ढे में गिरने से उसके दोनों पैर टूट गए. उसके पास से 3.038 किलो अफीम बरामद की गई. सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ NDPS Act, 1985 के तहत कार्रवाई की गई है. CBN द्वारा पूरे नेटवर्क की जांच जारी है.
 

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close