Madhya Pradesh Budget 2026: मध्य प्रदेश में 18 फरवरी को पेश होने वाले बजट 2026 से पहले सियासत तेज हो गई है. डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार अपने कार्यकाल का तीसरा बजट पेश करने जा रही है, वहीं कांग्रेस ने विधानसभा के बजट सत्र में सरकार को घेरने की रणनीति बना ली है. मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 16 फरवरी से शुरू होगा, जबकि वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा 18 फरवरी को बजट पेश करेंगे.
जीतू पटवारी ने CM को लिखा पत्र
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर तीन मंत्रियों की विधानसभा बजट सत्र में संभावित उपस्थिति पर सवाल उठाए हैं. कांग्रेस ने राज्यपाल के अभिभाषण से पहले जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह, स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला और संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की है.
पत्र में लगाए गंभीर आरोप
जीतू पटवारी ने अपने पत्र में लिखा कि प्रदेश लोकतांत्रिक मूल्यों से संचालित राज्य है, जहां नैतिकता और संवैधानिक मर्यादाओं का पालन आवश्यक है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनभावनाओं के विपरीत कार्य कर रही है और प्रदेश आर्थिक संकट व बढ़ते कर्ज से जूझ रहा है.
पत्र में तीनों मंत्रियों पर अलग-अलग मुद्दों को लेकर सवाल उठाए गए हैं. विजय शाह पर सेना और देश की बेटी के अपमान का आरोप, स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला पर जहरीली सिरप मामले को लेकर सवाल, तथा कैलाश विजयवर्गीय पर क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में विफल रहने के आरोप लगाए गए हैं.
कांग्रेस ने मांग की है कि राज्यपाल के अभिभाषण से पहले इन मंत्रियों को पद से हटाया जाए, अन्यथा सरकार की नैतिकता और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े होंगे.
4.70 लाख करोड़ रुपए का हो सकता है बजट
मध्य प्रदेश का बजट 2026-27 इस बार करीब 4.70 लाख करोड़ रुपए का रहने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष के 4.21 लाख करोड़ रुपए के बजट से लगभग 12 प्रतिशत अधिक हो सकता है. इसे राज्य के अब तक के सबसे बड़े बजटों में गिना जा रहा है.
कांग्रेस विधायक दल की बैठक
16 फरवरी से 6 मार्च तक चलने वाले विधानसभा बजट सत्र को लेकर कांग्रेस ने रणनीति तेज कर दी है. नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने 16 फरवरी की शाम 7 बजे भोपाल में विधायक दल की बैठक बुलाई है. इस बैठक में बजट सत्र के दौरान सरकार को घेरने की रणनीति पर चर्चा की जाएगी.
पत्र पर बीजेपी का पलटवार, बोली- जीतू पटवारी से उमंग सिंघार से राजनीतिक विवाद
बजट सत्र से पहले सीएम को लिखे जीतू पटवारी के पत्र पर बीजेपी ने हमला बोला है. बीजेपी का कहना है कि पटवारी का जनता से नहीं, उमंग सिंघार से राजनीतिक विवाद है. बीजेपी ने कहा जीतू पटवारी उमंग सिंघार को निपटाना चाहते हैं. जब-जब विधानसभा का सत्र आता है तब-तब जीतू पटवारी ऐसी बातें करते हैं. वहीं कांग्रेस ने पत्र का समर्थन किया है. प्रदेश में सत्र से पहले बयानबाजी तेज हो गई है.
MP Budget 2026: एमपी में पेश होगा अब तक का सबसे बड़ा बजट! किसे मिलेगा फायदा, क्या होगा खास?