भिंड जिले के रौन थाना क्षेत्र में एक निजी क्लिनिक पर इलाज के दौरान 20 वर्षीय छात्र की मौत का मामला सामने आया है. मृतक के परिजनों ने मिहोना बीजेपी मंडल अध्यक्ष डॉ. पुष्पेंद्र सिंह कुशवाह पर इलाज के दौरान गलत इंजेक्शन लगाने का गंभीर आरोप लगाया है. परिजनों के मुताबिक क्लिनिक में ड्रिप चढ़ाए जाने के कुछ ही देर बाद छात्र की तबीयत अचानक बिगड़ गई. हालत गंभीर होने पर उसे भिंड जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.
पेट दर्द होने पर डॉक्टर के पास गए थे
मामला रौन थाना क्षेत्र के मेहंदा गांव निवासी 20 वर्षीय छात्र विश्वास सिंह राजावत से जुड़ा है. बताया जा रहा है कि विश्वास सिंह बीएससी का छात्र है, जो पांच दिन पहले ही जयपुर में रेलवे की परीक्षा देकर वापस लौटा था. कल दोपहर करीब 12 बजे पेट दर्द की शिकायत होने पर वह अपने परिजनों के साथ रौन थाना क्षेत्र में स्थित डॉ. पुष्पेंद्र सिंह कुशवाह की विधि क्लिनिक पर पहुंचा था.
ड्रिप लगने के बाद अचानक बिगड़ने तबीयत
परिजनों के अनुसार क्लिनिक में डॉक्टर ने छात्र को भर्ती कर उपचार शुरू किया. उसे ड्रिप लगाई गई और ड्रिप में इंजेक्शन डालकर चढ़ाया गया. आरोप है कि ड्रिप लगने के बाद देर शाम ही विश्वास की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. उसकी हालत लगातार खराब होती देख उसे भिंड जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया.
रास्ते में हो गई मौत
परिजन छात्र को लेकर भिंड की ओर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. इसके बाद परिजन शव लेकर रौन थाने पहुंचे और इलाज के दौरान गलत इंजेक्शन लगाए जाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सूचना मिलने पर रौन थाना पुलिस ने मर्ग कायम किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. रिपोर्ट आने के बाद ही छात्र की मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
क्लिनिक बंद कर भागा डॉक्टर
छात्र की मौत के बाद डॉ. पुष्पेंद्र सिंह कुशवाह की क्लिनिक बंद बताई जा रही है और उनके मौके से फरार होने की जानकारी सामने आई है. डॉ. पुष्पेंद्र सिंह कुशवाह मिहोना बीजेपी मंडल अध्यक्ष हैं और निजी प्रैक्टिस भी करते हैं. उनकी पत्नी दबरैहा गांव की सरपंच हैं.