विज्ञापन

 शहडोल में दिल दहला देने वाली वारदात: मां ने तीन मासूम बेटियों संग पिया कीटनाशक, चारों की मौत से गांव में पसरा मातम

मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है. दरअसल, यहां के पपौंध थाना क्षेत्र के हिरवार गांव में एक मां ने अपनी तीन मासूम बेटियों के साथ कीटनाशक खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. इस सामूहिक आत्महत्या की घटना के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा और मातम पसरा हुआ है. वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

 शहडोल में दिल दहला देने वाली वारदात: मां ने तीन मासूम बेटियों संग पिया कीटनाशक, चारों की मौत से गांव में पसरा मातम
एक मां ने अपनी ही तीन सगी मासूम बेटियों के साथ जहर पीकर आत्महत्या कर ली
vinay tiwari

मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. दरअसल, यहां पपौंध थाना क्षेत्र में आने वाले हिरवार गांव में एक मां ने अपनी ही तीन सगी मासूम बेटियों के साथ जहर पीकर आत्महत्या कर ली. अस्पताल में इलाज के दौरान चारों ने दम तोड़ दिया. एक ही परिवार के चार लोगों की इस तरह अचानक हुई मौत से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है.

अब तक मिली जानकारी के मुताबिक हिरवार गांव की रहने वाली 32 वर्षीय अनीता सिंह अपने घर पर अपनी तीन बेटियों के साथ अकेली रहती थी. उसका पति पेशे से ड्राइवर है और रोजी-रोटी कमाने के लिए परदेश (दूसरे राज्य) में नौकरी करता है. अनीता खुद भी गांव में मजदूरी कर किसी तरह अपना और बच्चों का पेट पाल रही थी. घर में सब कुछ सामान्य दिख रहा था, लेकिन अचानक उठाए गए इस आत्मघाती कदम ने सबको हैरान कर दिया है.

तड़पते हुए मासूम ने बयां की पूरी दास्तान

घटनाक्रम के मुताबिक, अनीता ने पहले खुद कीटनाशक दवा पी और फिर अपनी तीनों मासूम बेटियों को भी जबरन उसे पिला दिया. दवा का असर होते ही चारों बेहोश होने लगीं. इसी बीच एक बेटी को कुछ होश आया, तो उसने हिम्मत जुटाकर पड़ोसियों को आपबीती सुनाई. उसने बताया कि मां ने हम सबको कोई कड़वी दवा पिला दी है. मासूम की बात सुनते ही पड़ोसियों के होश उड़ गए.

अस्पताल में इलाज के दौरान हुई चारों की मौत

पड़ोसियों और रिश्तेदारों ने बिना वक्त गंवाए चारों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया. इस दौरान डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन जहर शरीर में पूरी तरह फैल चुका था. इलाज के दौरान 32 वर्षीय मां अनीता सिंह, 7 वर्षीय रितिका, 4 वर्षीय कृष्ण कुमारी और महज 2 वर्ष की मासूम अर्पिता की एक-एक कर मौत हो गई. एक साथ चार अर्थियां उठने की खबर से अस्पताल से लेकर पूरे गांव तक में कोहराम मच गया.

गम में डूबा पूरा गांव

इस घटना पर स्थानीय निवासी भरत सिंह 'अंकू' के मुताबिक यह हमारे गांव के लिए बहुत बड़ी और दुखद घटना है. अनीता अपने बच्चों के साथ यहां रहती थी. उसका पति बाहर गाड़ी चलाता है. ऐसा क्या हुआ कि उसने यह कदम उठा लिया, यह समझ से परे है. इस वक्त पूरा गांव सदमे में है.

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपकर जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पपौंध थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर चारों शवों का पोस्टमार्टम (PM) कराया और उन्हें परिजनों को सौंप दिया. पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि आखिर अनीता ने इतना बड़ा आत्मघाती कदम क्यों उठाया. क्या वह किसी मानसिक तनाव में थी, या फिर कोई पारिवारिक या आर्थिक वजह थी? पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें- छतरपुर में रामलीला मंडल के संचालक ने कुल्हाड़ी से काट लिया अपना गुप्तांग, बोला- इसलिए उठाना पड़ा ये कदम

इस पूरे मामले पर शहडोल  DSP राजेंद्र मोहन दुबे ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर सक्रिय हो गई थी. मर्ग कायम कर शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है. आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है. मौत के असली कारणों का पता लगाने के लिए हर एंगल से जांच जारी है.

यह भी पढ़ें- भीषण गर्मी से राहत: मध्यप्रदेश में अगले 4 दिन आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, कहां-कहां बदलेगा मौसम

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com