एमपी में ड्रग्स का बड़ा जखीरा पकड़ा, 1.5 करोड़ की एमडी ड्रग्स के साथ दो तस्कर गिरफ्तार 

मध्य प्रदेश के मंदसौर में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.5 करोड़ रुपये कीमत की एमडी सिंथेटिक ड्रग्स बरामद की है. कोतवाली पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से डेढ़ किलो एमडी ड्रग्स, डोडाचूरा और दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

MP Drug Dust 2026: मध्य प्रदेश में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है. मंदसौर जिले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से 1 करोड़ 50 लाख रुपये कीमत की खतरनाक सिंथेटिक ड्रग एमडी बरामद की गई है. पुलिस ने आरोपियों के पास से अन्य नशीले पदार्थ और वारदात में इस्तेमाल वाहन भी जब्त किए हैं.

सीएसपी जितेंद्र भास्कर ने बताया कि 1 फरवरी 2026 को थाना कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के देवलजी क्षेत्र का रहने वाला गुलशेर खान पठान एमडी ड्रग्स की सप्लाई के लिए मंदसौर आ रहा है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत वैधानिक कार्रवाई शुरू की और निगरानी तेज कर दी गई.

एमडी ड्रग्स की डील से पहले पकड़ाए आरोपी

पुलिस ने घेराबंदी कर गुलशेर खान पठान को उस समय पकड़ लिया, जब वह एमडी ड्रग्स देने मंदसौर पहुंचा था. उसके साथ दूसरा आरोपी नंदकिशोर उर्फ नंदु पाटीदार भी मौजूद था. दोनों आरोपियों को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मौके से गिरफ्तार कर लिया गया.

डेढ़ किलो एमडी ड्रग्स बरामद 

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 1 किलो 500 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की है. इस ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये आंकी गई है. इसके अलावा आरोपियों के पास से 7 हजार रुपये कीमत का अवैध डोडाचूरा भी जब्त किया गया है.

Advertisement

इस पूरे मामले में पुलिस ने आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलें भी जब्त कर ली हैं. ड्रग्स, नशीले पदार्थ और वाहनों को मिलाकर कुल जब्ती की कीमत 1 करोड़ 51 लाख 22 हजार रुपये बताई जा रही है.

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 80/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15, 22 और 29 में मामला दर्ज किया है. पुलिस ने साफ किया है कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement

पुलिस रिमांड पर होंगे आरोपी 

प्राथमिक पूछताछ में अहम जानकारियां सामने आई हैं. पुलिस ने दोनों आरोपियों का रिमांड लेने की तैयारी कर ली है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि एमडी ड्रग्स कहां से लाई गई थी और इसे कहां-कहां सप्लाई किया जाना था. पुलिस को आशंका है कि इसके पीछे एक बड़ा ड्रग्स नेटवर्क सक्रिय हो सकता है.