मध्य प्रदेश के गुना जिले ब्यूटी पार्लर का काम सिखाने के बहाने बुलाकर 22 वर्षीय युवती के साथ बार-बार दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है. इस घिनौने कृत्य में मुख्य आरोपी शरीफ खान के साथ उसकी पत्नी यास्मीन और भाई मुबीन खान ने भी सहयोग किया. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. मामले में पुलिस ने आरोपी शरीफ खान सहित उसकी पत्नी और भाई को देर रात गिरफ्तार कर लिया है.
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह आरोपी शरीफ खान की पत्नी यास्मीन के साथ पार्लर का काम सीखने जाती थी, जिस कारण उसका उनके घर आना-जाना था. करीब एक महीने पहले जब वह यास्मीन के बुलावे पर उसके घर पहुंची तो वहां शरीफ खान अकेला था. आरोपी ने युवती के साथ दुष्कर्म किया और शोर मचाने पर जान से मारने व बदनाम करने की धमकी दी. डरी-सहमी युवती ने जब यह बात यास्मीन को बताई तो उसने आरोपी पति को रोकने के बजाय पीडि़ता को ही चुप रहने की सलाह दी.
पत्नी करती रखवाली, पति दरिंदगी करता
इसके बाद बदनामी का डर दिखाकर यास्मीन खुद बाहर खड़ी होकर रखवाली करती थी और शरीफ कमरे में युवती के साथ दरिंदगी करता था. आरोपी शरीफ ने शनिवार को फोन कर युवती को फिर से घर बुलाया और बदनामी की धमकी दी. शाम करीब 4 बजे जब युवती वहां पहुंची तो वहां शरीफ की पत्नी यास्मीन और भाई मुबीन भी मौजूद थे. उनकी मौजूदगी में ही शरीफ युवती को जबरन कमरे के अंदर ले गया. इस बार युवती ने हिम्मत दिखाकर विरोध किया और आरोपी को धक्का मार दिया, जिससे वह नीचे गिर गया. इससे उसके सिर में चोट आई. बाहर खड़े यास्मीन और मुबीन पहरेदारी करते रहे.
परिजनों ने मौके पर पहुंचकर छुड़ाया
इसी बीच किसी ने युवती के परिजनों को सूचना दे दी. पीड़िता की मां, पिता, भाई और चाचा तुरंत मौके पर पहुंचे और युवती को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया. परिजनों को देख आरोपी शरीफ खान मौके से भागने लगा, जिस दौरान भागते समय पत्थरों पर गिरने से उसे चोटें भी आईं. वहीं, पीड़िता अपनी मां के साथ कैंट थाने पहुंची और आपबीती सुनाई.
पुलिस ने आरोपी शरीफ खान, उसकी पत्नी यास्मीन खान और भाई मुबीन खान के खिलाफ मामला दर्ज किया है. इस घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश है.
इस मामले में पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने बताया की कैंट थाने कल एक मामला सामने आया था, जिसमें महिला बताया गया था कि एक व्यक्ति द्वारा उसके साथ गलत काम किया है. इस काम में उसकी पत्नी और उसके भाई ने सहयोग किया है. पुलिस द्वारा गंभीरता देखते हुए आरोपी को पकड़ा है. मामले में तीन आरेापी है। तीनों को गिरफ्तार कर लिया है. - हितिका वासल, एसपी गुना