Maa Sharda Mandir Maihar: धार्मिक नगरी मैहर में मां शारदा प्रबंधन समिति में निर्धारित नियम बाहुबली नेता के सामने नतमस्तक नजर आया. सोशल मीडिया में वायरल वीडियो साफ दर्शा रहा है कि प्रतिबंध के बाद भी उत्तर प्रदेश के बाहुबली विधायक राजाभैया गर्भगृह में पहुंच कर शस्त्र पूजा कर रहे हैं. इस वीडियो के बाद विश्वप्रसिद्ध मां शारदा देवी मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो चार दिन पुराना है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि प्रशासन की ओर से अभी नहीं की गई है.
गर्भगृह में अस्त्र-शस्त्र प्रतिबंधित है
मंदिर प्रशासन के नियमों के अनुसार, गर्भगृह में अस्त्र-शस्त्र ले जाना और प्रवेश करना सख्त रूप से प्रतिबंधित है. मंदिर परिसर के नीचे प्रशासक और एसडीएम द्वारा जारी प्रतिबंधात्मक आदेश भी चस्पा किए गए हैं. ऐसे में वायरल वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं.
बाहुबली विधायक राजाभैया ने गर्भगृह में की शस्त्र पूजा
सोशल मीडिया पर वीडियो को उत्तर प्रदेश के एक बाहुबली विधायक और जनसत्ता दल के नेता दिख रहे हैं, जो बीती 6 फरवरी को अपने काफिले के साथ मंदिर पहुंचे थे. हालांकि संबंधित व्यक्ति या प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है. मामले को लेकर लोग पूछ रहे हैं कि जब आम श्रद्धालुओं के लिए कड़े नियम लागू हैं, तो प्रतिबंधित क्षेत्र में शस्त्र के साथ प्रवेश कैसे संभव हुआ?
जांच की तैयारी में प्रशासन
घटना के बाद मंदिर परिसर में तैनात पुलिस बल और निजी सुरक्षा गार्डों की कार्यप्रणाली पर भी प्रश्नचिह्न लग रहे हैं. श्रद्धालुओं का कहना है कि आस्था के इतने बड़े केंद्र में सुरक्षा मानकों का समान रूप से पालन होना चाहिए. प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच की तैयारी की जा रही है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. तब तक यह मामला चर्चा और बहस का विषय बना हुआ है. अब देखना यही होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या एक्शन लेता है.