विज्ञापन

एमपी में मौसम ने बदला मिजाज, गर्मी के बीच भोपाल समेत कई जिलों में हुई बारिश, आंधी ने लोगों को किया परेशान

मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. भीषण गर्मी के बीच भोपाल, रायसेन, शिवपुरी और बैतूल समेत कई जिलों में तेज बारिश और आंधी देखने को मिली. जहां बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं तेज तूफान ने जनजीवन अस्त‑व्यस्त कर दिया.

एमपी में मौसम ने बदला मिजाज, गर्मी के बीच भोपाल समेत कई जिलों में हुई बारिश, आंधी ने लोगों को किया परेशान

Madhya Pradesh Rain Today: मध्य प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच अब मौसम ने अचानक करवट ले ली है. भोपाल समेत प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश और आंधी ने लोगों को चौंका दिया. जहां एक ओर तेज बारिश और ठंडी हवाओं से लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर तेज आंधी‑तूफान और बेमौसम बरसात ने कई इलाकों में आफत खड़ी कर दी. कई जिलों में जनजीवन अस्त‑व्यस्त हो गया और किसानों की चिंताएं भी बढ़ गईं.

भोपाल में झमाझम बारिश, गर्मी से मिली राहत

राजधानी भोपाल में अचानक हुई जोरदार बारिश और तेज हवाओं ने तापमान में गिरावट ला दी. कई दिनों से तेज गर्मी और लू से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली. तेज बारिश के कारण कुछ समय के लिए सड़कों पर पानी भर गया, लेकिन मौसम में ठंडक आने से लोग काफी सुकून महसूस करते नजर आए.

रायसेन: मंडीदीप में बेमौसम बारिश से हालात बिगड़े

रायसेन जिले के मंडीदीप में शाम करीब 3 बजे अचानक शुरू हुई तेज बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी. स्टेशन रोड, जो शहर की लाइफलाइन मानी जाती है, तालाब बन गई. वार्ड क्रमांक‑1 की बगीचा कॉलोनी में पानी घरों के अंदर तक घुस गया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई. नालियों की सफाई नहीं होने से हालात और बिगड़े, जिससे नगर पालिका की लापरवाही भी सामने आई.

किसानों पर दोहरी मार, भीगती फसल ने बढ़ाई चिंता

रायसेन जिले में लगातार दूसरे दिन हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. मंडियों में स्लॉट बुक होने के बावजूद तुलाई नहीं हो पा रही है. व्यवस्थाओं की पोल खुलने से किसान परेशान हैं. खेतों में भीगती फसल और बाजार में अटकी उपज के बीच किसानों के चेहरों से सुकून गायब हो गया है.

शिवपुरी: तेज तूफान से मची तबाही

शिवपुरी जिले में अचानक आए भीषण तूफान ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त‑व्यस्त कर दिया. कोलारस थाना क्षेत्र में एनएच‑46 स्थित पूरनखेड़ी टोल प्लाजा के पास हाईमास्ट लाइट का विशाल पोल टूटकर पास के एक होटल पर गिर गया. गनीमत रही कि उस वक्त कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ. तूफान में कई पेड़ उखड़ गए, वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और टेंट वालों का भारी नुकसान हुआ. बताया जा रहा है कि यहां हवाओं की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से भी ज्यादा रही.

बैतूल में आंधी‑तूफान का कहर

बैतूल जिले में करीब 20 मिनट तक तेज आंधी‑तूफान का दौर चलता रहा. कलेक्ट्रेट परिसर में एक सूखा पेड़ गिर गया, जिससे बिजली सप्लाई बाधित हो गई. तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश भी होती रही. आंधी की वजह से वाहनों की रफ्तार थम गई और पारधी बस्ती में झोपड़ियों की पॉलिथीन उड़ गई, जिससे गरीब परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

मौसम की मार से बढ़ी मुश्किलें

प्रदेश के अलग‑अलग हिस्सों में बदले मिजाज वाले मौसम ने कहीं राहत दी तो कहीं मुसीबतें बढ़ा दीं. प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है, वहीं मौसम विभाग ने आगे भी तेज हवा और बारिश की संभावना जताई है. लोगों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close