
Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश संस्कृति विभाग ने वर्ष-2024 और 2025 के अपने 8 राष्ट्रीय सम्मानों की घोषणा कर दी. इसके लिए सूची भी जारी कर दी है. जिन हस्तियों को सम्मान मिलना है उनमें प्रसून जोशी, संजय लीला भंसाली, सोनू निगम सहित अन्य लोगों के नाम हैं. आइए जानते हैं कौन से सम्मान के लिए किस हस्ती का जारी हुआ है.
संस्कृति विभाग के संचालक एन.पी. नामदेव ने बताया कि राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान, राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान, राष्ट्रीय महात्मा गांधी सम्मान, राष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी सम्मान, राष्ट्रीय निर्मल वर्मा सम्मान, राष्ट्रीय फादर कामिल बुल्के सम्मान, राष्ट्रीय गुणाकर मुले सम्मान एवं राष्ट्रीय हिंदी सेवा सम्मान की घोषणा की गई है.
राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान 28 सितंबर 2025 को इंदौर में, राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान 13 अक्टूबर 2025 को खंडवा में, राष्ट्रीय महात्मा गांधी सम्मान 2 अक्टूबर 2025 को भोपाल में एवं राष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी सम्मान, राष्ट्रीय निर्मल वर्मा सम्मान, राष्ट्रीय फादर कामिल बुल्के सम्मान, राष्ट्रीय गुणाकर मुले सम्मान एवं राष्ट्रीय हिंदी सेवा सम्मान हिंदी दिवस के अवसर पर 14 सितंबर, 2025 को भोपाल में आयोजित समारोह में प्रदान किये जाएंगे. राष्ट्रीय महात्मा गांधी सम्मान में सम्मान स्वरूप 20 लाख और अन्य सम्मानों में 5 लाख की राशि प्रदाय की जाएगी.
नामदेव ने बताया कि वर्ष-2024 का राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान गीत लेखन के लिये प्रसून जोशी, दिल्ली एवं वर्ष-2025 का सम्मान निर्देशन के लिये संजय लीला भंसाली, मुम्बई को प्रदान किया जायेगा. इसी तरह वर्ष-2024 का राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान संगीत निर्देशन के लिए शंकर-एहसान-लॉय, मुंबई को और वर्ष-2025 का पार्श्व गायन के लिए सोनू निगम मुम्बई को प्रदान किया जायेगा. वर्ष-2024 का राष्ट्रीय महात्मा गांधी सम्मान आनंदधाम, भोपाल और वर्ष-2025 का सम्मान पुनरुत्थान समरसता गुरुकुलम, पुणे को प्रदान किया जाएगा.
वर्ष-2024 का राष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी सम्मान प्रशांत पोळ, जबलपुर और वर्ष-2025 का सम्मान लोकेन्द्र सिंह राजपूत, भोपाल को प्रदान किया जाएगा. यह सम्मान प्रतिवर्ष हिंदी सॉफ्टवेयर सर्च इंजिन, वेब डिजाइनिंग, डिजीटल भाषा प्रयोगशाला, प्रोग्रामिंग, सोशल मीडिया, डिजीटल ऑडियो विजुअल एडीटिंग आदि में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया जाता है.
इसी तरह वर्ष-2024 का राष्ट्रीय निर्मल वर्मा सम्मान रीता कौशल, ऑस्ट्रेलिया और वर्ष-2025 का सम्मान डॉ. वंदना मुकेश, इंग्लैण्ड को प्रदान किया जाएगा. यह सम्मान प्रतिवर्ष अप्रवासी भारतीय के विदेश में हिंदी के विकास में किए गए अमूल्य योगदान के लिए दिया जाता है. वर्ष-2024 का राष्ट्रीय फादर कामिल बुल्के सम्मान डॉ. इंदिरा गाजिएवा, रूस को और वर्ष-2025 का सम्मान श्रीमती पद्मा जोसेफिन वीरसिंघे, श्रीलंका को दिया जाएगा. यह सम्मान प्रतिवर्ष विदेशी मूल के उन व्यक्तियों को दिया जाता है, जिन्होंने हिंदी भाषा एवं उसकी बोलियों के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया हो.
वर्ष-2024 का राष्ट्रीय गुणाकर मुले सम्मान डॉ. राधेश्याम नापित, शहडोल को और वर्ष-2025 का डॉ. सदानंद दामोदर सप्रे, भोपाल को प्रदान किया जाएगा. यह सम्मान प्रतिवर्ष हिंदी में वैज्ञानिक, तकनीकी लेखन एवं पाठ्य पुस्तकों के लिए लेखन क्षेत्र में कार्य करने वाले व्यक्ति को दिया जाता है.
वर्ष-2024 का राष्ट्रीय हिंदी सेवा सम्मान डॉ. के.सी. अजय कुमार, तिरूअनंतपुरम को एवं वर्ष-2025 का डॉ. विनोद बब्बर, दिल्ली को प्रदान किया जाएगा. यह सम्मान प्रतिवर्ष अहिंदी भाषी लेखकों और साहित्यकारों को लेखन सृजन से हिंदी की समृद्धि के लिए योगदान के लिए दिया जाता है.
ये भी पढ़ें MP नेता प्रतिपक्ष की प्रेस कांफ्रेंस, बोले-विधानसभा सत्र को लेकर बेचैन थी सरकार, कई सवालों का दिया गलत उत्तर