2 months ago

Madhya Pradesh-Chhattisgarh Breaking News in Hindi: मध्य प्रदेश में आज 13 मार्च 2026 का बड़ा फोकस ग्वालियर है, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शबरी माता मंदिर परिसर, घाटीगांव से लाड़ली बहना योजना की 34वीं किस्त सिंगल क्लिक से जारी करेंगे. प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक बहनों के खातों में ₹1,836 करोड़ आएंगे, जिनमें ग्वालियर जिले की 3,02,850 बहनों के लिए ₹44.83 करोड़ शामिल हैं. इसी मंच से ₹122 करोड़ लागत के 54 कार्यों का भूमिपूजन–लोकार्पण होगा और महिलाओं को स्व-रोज़गार योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता भी सौंपी जाएगी.

किसानों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी घोषणा

देशभर में 13 मार्च को पीएम किसान उत्सव दिवस मनाया जाएगा. असम के गुवाहाटी से होने वाले कार्यक्रम में पीएम-किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त के रूप में ₹18,650 करोड़ 9.32 करोड़ किसानों को मिलेंगे. इस राष्ट्रीय अंतरण में छत्तीसगढ़ के 24,71,498 किसानों के खातों में ₹498.83 करोड़ आएंगे. इसमें 2,92,000 वन पट्टाधारी और 37,400 पीवीटीजी किसान भी शामिल हैं. राज्य के सभी जिलों में इस अवसर पर विशेष आयोजन होंगे, ताकि पात्र किसानों को समय पर राशि और योजना संबंधी जानकारी मिल सके. 

Mar 13, 2026 22:00 (IST)

टायर फैक्ट्री में लगी भीषण आग, जबलपुर से आए दमकल वाहन

मंडला जिले के औद्योगिक क्षेत्र मनेरी स्थित टायर फैक्ट्री में अचानक लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं. सूचना मिलते ही मनेरी चौकी पुलिस, स्थानीय लोग और दमकल टीमें मौके पर पहुंचीं. निवास से दमकल गाड़ियां पहुंच चुकी हैं, जबकि आग की तीव्रता को देखते हुए जबलपुर के बरेला से अतिरिक्त दमकल वाहन भी बुलाए गए हैं. फैक्ट्री के ठीक बगल में घरेलू गैस रिफिलिंग प्लांट होने के कारण बड़ा खतरा देखते हुए प्रशासन ने आसपास का क्षेत्र खाली कराना शुरू कर दिया है, जबकि पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे हुए हैं.

Mar 13, 2026 20:43 (IST)

आठ एकड़ की खड़ी फसल में लगी आग

नर्मदापुरम जिले की सिवनी मालवा तहसील के ग्राम चोतलाई में अचानक लगी आग से किसानों की करीब आठ एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई. संतोष लोवंशी, मदन लोवंशी और राहुल लोवंशी के खेतों में दोपहर के समय आग भड़की, जो तेज हवा के कारण तेजी से फैल गई. ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पंचायत के भरे हुए टैंकरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक भारी नुकसान हो चुका था. ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड के देर से पहुंचने पर नाराज़गी जताई और किसानों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजे की मांग की है.

Advertisement
Mar 13, 2026 19:31 (IST)

25 लाख की चोरी का पर्दाफाश

रायसेन जिले के गैरतगंज में सर्राफा व्यापारी की दुकान से हुई करीब 25 लाख रुपये की सोने की चोरी का पुलिस ने एक सप्ताह में पर्दाफाश कर दिया. पांच महिलाओं के गिरोह ने ग्राहक बनकर सोने के आभूषणों से भरा बॉक्स चुरा लिया था. पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर सफेद होंडा अमेज कार की मदद से सुराग जोड़े और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर राजस्थान के बारां जिले से मुख्य आरोपी नमन उर्फ भरत बागरी को गिरफ्तार किया. आरोपी के पास से 120 ग्राम सोने के आभूषण और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की गई है.

Mar 13, 2026 19:22 (IST)

अनूपपुर में 81 दिनों से हाथियों का आतंक! शहरी इलाकों में घूमते दिख रहा झुंड

अनूपपुर में पिछले 81 दिनों से तीन जंगली हाथियों का दल लगातार सक्रिय है, जिससे ग्रामीण और शहरी इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ है. यह हाथियों का समूह रात में दूसरी बार जैतहरी के नगरीय क्षेत्र में घूमता हुआ देखा गया और अब पगना इलाके तक पहुंच गया है. लगातार मूवमेंट को देखते हुए वन विभाग ने पगना और आसपास के गांवों में अलर्ट जारी कर ग्रामीणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है, जबकि विभागीय टीमें हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.

Mar 13, 2026 18:18 (IST)

धरने पर बैठे नपा अध्यक्ष, पटवारी पर लगाए अभद्रता के आरोप

आगर मालवा में नगर पालिका अध्यक्ष निलेश पटेल कार्यक्रम स्थल पर धरने पर बैठ गए, जहां मुख्यमंत्री शहरी भू अधिकार योजना के पट्टा वितरण दौरान एक पटवारी से हुई तीखी नोकझोंक विवाद में बदल गई. आरोप है कि पटवारी ने अध्यक्ष के साथ अभद्रता करते हुए अपशब्द कहे, जिसके बाद स्थिति गरमाती गई और बात तू-तू मैं-मैं तक पहुंच गई. बढ़ते हंगामे के बीच अध्यक्ष निलेश पटेल अपने पार्षदों के साथ मौके पर ही धरने पर बैठ गए, जिससे कार्यक्रम स्थल पर तनाव का माहौल बन गया.

Mar 13, 2026 18:02 (IST)

बीएसएफ के उप निरीक्षक की अंतिम विदाई

दतिया जिले के सीतापुर गांव में बीएसएफ उप निरीक्षक सुरेश कुमार यादव का पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटा जब पहुंचा, तो पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और माहौल गमगीन हो गया. गांव और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग अपने वीर सपूत के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े. बीएसएफ टेकनपुर से आई टुकड़ी ने पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया और शस्त्र झुकाकर अंतिम सलामी दी. अंतिम यात्रा में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की भारी भीड़ शामिल हुई, जहां “भारत माता की जय” और “सुरेश कुमार यादव अमर रहें” के नारों के बीच उन्हें भावभीनी विदाई दी गई. मौके पर मौजूद बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी, जिला प्रशासन, तहसीलदार, राजस्व अधिकारी, पुलिसकर्मी और परिजनों ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और राष्ट्र सेवा में उनके योगदान को नमन किया.

Advertisement
Mar 13, 2026 17:37 (IST)

नग्न अवस्था में मिली अधेड़ की लाश, इलाके में फैली दहशत

ग्वालियर के जनकगंज थाना क्षेत्र में उस समय दहशत फैल गई जब जागृति नगर के नाले में अधेड़ उम्र के एक अज्ञात व्यक्ति का नग्न अवस्था में शव मिला. राहगीरों की सूचना पर जनकगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. अचानक मिली इस लाश से क्षेत्र में खलबली मच गई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतक की पहचान की कोशिश की जा रही है.

Mar 13, 2026 17:28 (IST)

ग्वालियर के जेयू का बड़ा कारनामा, वरिष्ठता सूची में दो दिवंगत और 14 रिटायर्ड प्रोफेसरों के नाम शामिल

ग्वालियर की जीवाजी यूनिवर्सिटी की गंभीर लापरवाही सामने आई है, जहां वर्ष 2026 की वरिष्ठता सूची में दो दिवंगत और 14 सेवानिवृत्त प्रोफेसरों के नाम शामिल कर दिए गए. कुलसचिव के हस्ताक्षर से जारी इस सूची पर अब सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि इसी वरिष्ठता सूची के आधार पर बोर्ड ऑफ स्टडीज के चेयरमैन और डीन जैसे अहम पदों के लिए प्रोफेसरों का चयन होता है. यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सूची जारी करने से पहले कॉलेजों से अद्यतन जानकारी लेने की जरूरत तक नहीं समझी, जिसके कारण वर्षों पहले दिवंगत हुए प्रोफेसर और लंबे समय से रिटायर्ड शिक्षकों के नाम भी इसमें दर्ज रह गए. विकास और स्थापना शाखा की इस लापरवाही ने प्रशासन की कार्यप्रणाली और विश्वसनीयता दोनों पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं.

Advertisement
Mar 13, 2026 16:59 (IST)

एमपी के जूनियर डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ा, अब इतना मिलेगा

मध्य प्रदेश में जूनियर डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ाने के आदेश उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के निर्देश पर जारी कर दिए गए हैं. हाल ही में स्टाइपेंड को लेकर जूनियर डॉक्टरों ने हड़ताल की थी और इसके बाद उन्होंने राजेंद्र शुक्ल से मुलाकात कर वृद्धि की मांग रखी थी, जिस पर आश्वासन देते हुए सरकार ने स्टाइपेंड बढ़ा दिया है. अब पीजी प्रथम वर्ष के डॉक्टरों को 75,444 की जगह 77,662 रुपये, द्वितीय वर्ष को 80,050 रुपये और तृतीय वर्ष को 82,441 रुपये मिलेंगे. इंटर्न का स्टाइपेंड 13,928 से बढ़कर 14,337 रुपये किया गया है, जबकि सुपर स्पेशिलिटी पाठ्यक्रम के सभी वर्षों का स्टाइपेंड 82,441 रुपये तय किया गया है. सीनियर रेजिडेंट का स्टाइपेंड 90,803 रुपये और जूनियर रेजिडेंट का 63,324 रुपये निर्धारित किया गया है.

Mar 13, 2026 16:37 (IST)

भोपाल में गैस सप्लाई को लेकर अलर्ट जारी! कलेक्टर ने बनाई 23 अधिकारियों की टीम

भोपाल में गैस सप्लाई की मौजूदा स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने 23 अधिकारियों की विशेष टीम गठित कर शहर की सभी गैस एजेंसियों और गोदामों की जांच के निर्देश दिए हैं. हर अधिकारी को अलग-अलग गैस एजेंसियों की जिम्मेदारी सौंपी गई है और उनके नाम व मोबाइल नंबर भी आदेश में शामिल किए गए हैं. टीम को एजेंसियों का निरीक्षण कर नियमित रिपोर्ट देने, जमाखोरी व कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी रखने और किसी भी अनियमितता मिलने पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया है. साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता से गैस सप्लाई मिले, जबकि होटल, मॉल, फैक्ट्री और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को फिलहाल एलपीजी उपलब्ध नहीं कराई जाएगी.

Mar 13, 2026 15:55 (IST)

स्कूली बच्चों से भरा ऑटो पलटा, कई छात्र घायल

सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में पीतल फैक्ट्री के पास केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-4 के बच्चों से भरा एक ऑटो तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें कई बच्चे घायल हो गए. स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रहे बच्चों को हादसे के तुरंत बाद डायल-112 की मदद से उपचार के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने ऑटो चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तेज गति के चलते चालक ऑटो पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण हादसा हुआ. फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है.

Mar 13, 2026 15:50 (IST)

छत्तीसगढ़ में शुरू होगी गोधाम योजना, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे शुरुआत

छत्तीसगढ़ में गोवंश संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु राज्य सरकार 14 मार्च को गोधाम योजना की शुरुआत करने जा रही है, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बिलासपुर जिले के तखतपुर विधानसभा क्षेत्र से करेंगे. प्रदेश में गोवंश की सुरक्षा, पालन और संरक्षण को मजबूत करने के लिए इस योजना के तहत हर विकासखंड में 10 गोधाम स्थापित किए जाएंगे. राज्य सरकार ने बजट में भी इसके लिए विशेष प्रावधान किया है, ताकि गोवंश संरक्षण की दिशा में ठोस और दीर्घकालिक व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके.

Mar 13, 2026 15:43 (IST)

प्रेमी-प्रेमिका के भेष में 13 किलो गांजा तस्करी! पुलिस टीम ने दबोचा

रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में रेलवे प्लेटफॉर्म क्रमांक 7 के बाहर पार्किंग से एक पुरुष और महिला को 13.156 किलो गांजा के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया. मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर संदिग्धों को पकड़ा, जिनकी पहचान यूपी निवासी राजेंद्र प्रसाद और बिलासपुर मूल की हेमलता कैवर्त्य के रूप में हुई. पूछताछ में दोनों ने खुद को प्रेमी-प्रेमिका बताकर पति-पत्नी की तरह यात्रा करने और खरियार रोड से प्रयागराज तक गांजा तस्करी करने की बात स्वीकार की. आरोपियों के पास से गांजा के अलावा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए, जिनकी कुल कीमत लगभग 6.77 लाख रुपये आंकी गई. मामले में थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 114/2026, धारा 20बी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई.

Mar 13, 2026 14:55 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: भोपाल में बोरवेल पर लगा प्रतिबंध

Borewell Ban in Bhopal: भोपाल में अब नए निजी नलकूप (बोरवेल, Borewell) खोदने पर तत्काल प्रतिबंध लगा दिया गया है. भोपाल कलेक्टर कोविक्रम सिंह ने आदेश जारी किया है. यह फैसला भूजल स्तर के लगातार गिरने और संभावित पेयजल संकट को देखते हुए लिया गया है. यह आदेश भोपाल के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लागू होगा. बिना अनुमति के बोरिंग मशीन जिले में प्रवेश नहीं कर सकेगी. अगर अवैध रूप से बोरवेल खोदा जाता है तो मशीन जब्त कर ली जाएगी. नियम तोड़ने पर जुर्माना और जेल का भी प्रावधान होगा.  सरकारी योजनाओं के तहत होने वाले नलकूप इस आदेश से बाहर रहेंगे. आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है.

Mar 13, 2026 14:48 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: कुंडम में बेटे ने की मां की हत्या, रात भर शव के पास बैठा रहा आरोपी

Son Killed Mother in Jabalpur: जबलपुर जिले के कुंडम थाना क्षेत्र के ग्राम जमुनिया बड़ेरिया में बुधवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक बेटे ने अपनी ही मां की हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी रात भर शव के पास बैठा रहा. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार, जमुनिया बड़ेरिया गांव के रहने वाले 49 वर्षीय जमुना बाई अपने पति श्याम सिंह मरावी, बेटे दीपक मरावी, बसरी और बेटी प्रीति के साथ रहती थी. बताया जा रहा है कि परिवार में बेटे बसरी और बेटी प्रीति मानसिक रूप से बीमार हैं. बुधवार सुबह श्याम सिंह मजदूरी के लिए प्रेम सागर चला गया था. रात में दीपक घर लौटा और खाना देने को लेकर उसकी मां जमुना बाई से विवाद हो गया. इसके बाद हत्या कर दी.

Mar 13, 2026 14:42 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: टैंकर से डीजल चुराने से रोका तो बदमाशों ने व्यापारी पर दागी गोलियां

Diesel Chori in Gwalior: ग्वालियर के झांसी रोड थाना क्षेत्र में डीजल चोरी करने पहुंचे बदमाशों ने एक किराना दुकान संचालक पर देसी तमंचे (Firing in Gwalior) से फायर किए. इसमें व्यापारी तो बाल-बाल बच गया लेकिन गोली किराना कारोबारी के काउंटर में लगी और आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए. घटना बीती देर रात 2 बजे के की है एकाएक हमले में भयभीत हुआ किराना संचालक तुरंत पुलिस को मामले की जानकारी  दी. वहीं, किराना संचालक की शिकायत पर पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है.

Mar 13, 2026 14:36 (IST)

Online Fraud with Old Man Indore: वरिष्ठ नागरिक से 40.70 लाख की ऑनलाइन ठगी

Madhya Pradesh Hindi News: इंदौर में क्राइम ब्रांच ने ऑनलाइन ठगी के एक बड़े मामले में कार्रवाई करते हुए गुजरात की अंतरराज्यीय गैंग (Gujarat Interstate Fraud Gang) के फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है. इस गैंग ने एक सीनियर सिटीजन के साथ 40 लाख 70 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी की वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस ने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए ठगी से जुड़े 23 बैंक खातों को भी फ्रीज कर दिया है. इससे पहले इसी प्रकरण में गुजरात के दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है. पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है.

Mar 13, 2026 14:32 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: धार में फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बनकर लूट, घर से 50 तोला सोना, 4 लाख नकद लेकर फरार

Fake Income Tax Officer Loot Gold and Cash: मध्य प्रदेश के धार जिले के बाग नगर में फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी (IT Officials) बनकर लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, ब्राह्मण मोहल्ले में पांच अज्ञात बदमाश खुद को आयकर विभाग का अधिकारी बताकर एक ठेकेदार के घर में घुस गए और जांच के नाम पर परिवार को बंधक बनाकर लाखों रुपये की लूट को अंजाम देकर फरार हो गए. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Mar 13, 2026 14:26 (IST)

Shahdol Nagpur Express Train: शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस पटरी से उतरी

Train Derailed in Seoni: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में ​सिवनी-शहडोल से नागपुर की ओर जा रही शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस के साथ एक बड़ा हादसा होने से बच गया. जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे नैनपुर से केवलारी के बीच ट्रेन के पहिये अचानक पटरी से नीचे उतर गए. पटरी से उतरते ही ट्रेन में तेज झटका महसूस हुआ, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया. ​गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Mar 13, 2026 14:13 (IST)

Jyotiraditya Scindia Played Cricket: सिंधिया ने लगाए चौके और छक्के

Gwalior Cricket Stadium: ग्वालियर पहुंचे केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने क्रिकेट के मैदान में जमकर हाथ आजमाए. सिंधिया सुबह कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम पहुंचे., जहां कैट द्वारा आयोजित व्यापारियों के क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है. सिंधिया ने पहले सभी खिलाड़ियों से मुलाकात की और फिर उदघाटन के लिए सीधे क्रिकेट मैदान में उतर गए. उन्होंने यहां खूब चौके और छक्के लगाए. दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक मैदान है, जिसमें क्रिकेट के अनेक राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मैच रिकॉर्ड बने. मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने इसी मैदान में वनडे इंटरनेशनल में पहली डबल सेंचुरी लगाने का कीर्तिमान स्थापित किया. आज उसी मैदान पर ग्वालियर के व्यापारी मैच खेल रहे है ये गौरव की बात है.

Mar 13, 2026 14:00 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: नाबालिग छात्रा से शिक्षक ने की छेड़छाड़

Shivpuri Girl Student Molested by Teacher: शिवपुरी शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र में दो दिन पहले एक युवक को दो 6 साल की बच्चियों के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया. पुलिस ने उसका जुलूस निकाला, लेकिन इसी थाना क्षेत्र में यह वारदात 2 दिन के अंतराल से दोबारा होगी, किसी नहीं सोचा था. एक कोचिंग क्लास में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा के साथ वहीं के शिक्षक ने अश्लील हरकत कर दी. शिक्षक ने बच्ची को कम नंबर आने के चलते क्लास में रोका और बाकी बच्चों को जाने दिया और 16 साल की नाबालिग छात्रा से अश्लील हरकत की. छात्रा के अनुसार उसे शिक्षक ने क्लास में रोका गले लगाया और गाल चूम लिया. छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक राकेश बिजौले के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

Mar 13, 2026 13:14 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: पारधी हत्याकांड में पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे बरी

पारधी हत्याकांड (Pardhi Murder Case) मामले में पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे (Sukhdev Panse) को बड़ी राहत मिली है. भोपाल स्थित एमपीएमए कोर्ट (Bhopal MP-MLA Court) ने उन्हें मामले में बरी कर दिया है. वह पारधी हत्याकांड में आरोपी थे. 2007 के मुलताई पारधी दंपती हत्याकांड और हिंसा मामले में उन पर  हत्या, आगजनी और दंगा भड़काने के आरोप थे. मामले की सुनवाई जज स्वयं प्रकाश दुबे,  विशेष न्यायाधीश (एमपी एवं एमएलए) ने की और आज पांसे के मामले पर फैसला सुनाया.

Mar 13, 2026 12:53 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: विदिशा में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर

Bulldozer Action in Vidisha: मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में भोपाल–सागर नेशनल हाईवे (Bhopal Sagar National Highway) के चौड़ीकरण का कार्य जारी है. इसी क्रम में मिर्जापुर क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण और जल निकासी के लिए नाली निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई है. इस दौरान प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हाईवे की जमीन पर बने निर्माणों को हटाने के लिए बुलडोजर की कार्रवाई की. कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने आपत्ति भी जताई और मुआवजे को लेकर सवाल उठाए.

Mar 13, 2026 12:38 (IST)

पीथमपुर कंपनी में हेराफेरी: कोर्ट ने सुनाई सीनियर अकाउंट मैनेजर को आजीवन कारावास की सजा

Pithampura Company Fraud: धार जिले के औद्योगिक नगर पीथमपुर में एक कंपनी के सीनियर अकाउंट मैनेजर द्वारा करीब दो करोड़ रुपये की हेराफेरी करने के मामले में अदालत ने कड़ा फैसला सुनाया है. चतुर्थ अपर सत्र न्यायाधीश, धार की अदालत ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए आजीवन सश्रम कारावास और 1 करोड़ 97 लाख 73 हजार 717 रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Mar 13, 2026 12:27 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: रतलाम और सागर में बैंकों में लगी आग

Fire in Bank of Ratlam and Sagar: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में पैलेस रोड स्थित Indian Bank की शाखा में शुक्रवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।. बैंक के अंदर से धुआं निकलते ही अलार्म (सायरन) बजने लगा. आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी बैंक अधिकारियों को दी. आग के कारण बैंक में रखे कई कंप्यूटर, एसी और जरूरी दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए. दमकल ने पहुंचकर आग पर काबू पाया.

वहीं, सागर जिले के बहरोल थाना क्षेत्र अंतर्गत सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया (Central Bank of India) की बहरोल शाखा में भी अचानक आग लग गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Mar 13, 2026 12:21 (IST)

Stadium Name Change: इंदौर के छोटे नेहरू स्टेडियम का बदला गया नाम

MP Hindi News: इंदौर में छोटे नेहरू स्टेडियम (Chhota Nehru Stadium Indore) का नाम बदलने को लेकर सियासत गरमा गई है. नगर निगम की एमआईसी बैठक में स्टेडियम का नाम बदलकर छत्रपति शिवाजी के नाम पर रखने का प्रस्ताव पास किया गया है. इसके बाद कांग्रेस और बीजेपी (Congress and BJP) आमने-सामने आ गई है. कांग्रेस जहां इसे इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े नामों का अपमान बता रही है. वहीं, भाजपा का कहना है कि छोटा नेहरू आखिर कौन है, यह कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Mar 13, 2026 12:12 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: शादी में आई महिला की गला घोंटकर हत्या

Vidisha Crime News: विदिशा जिले के करारिया थाना क्षेत्र में 50 वर्षीय महिला की हत्या (Vidisha Woman Murder) का सनसनीखेज मामला सामने आया है. अज्ञात आरोपियों ने महिला की गला घोंटकर हत्या (Murder by strangulation) की और घटना को छिपाने के लिए शव को नेशनल हाईवे के निर्माणाधीन पुल (Body found on National Highway bridge) पर फेंक दिया. मृतका की शिनाख्त शमशाबाद निवासी संगीता राजपूत के रूप में की गई है, जो विदिशा के ग्राम कोटरा में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने आई थीं. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Mar 13, 2026 11:55 (IST)

Elephant Died in Surajpur Chhattisgarh: सूरजपुर में एक और हाथी की मौत

Chhattisgarh Hindi News: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में फिर एक हाथी की मौत का मामला सामने आया है. गेहूं के खेत में हाथी का शव है, जिसकी करंट लगने से मौत की आशंका जताई गई है. प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के करंजवार इलाके का मामला है. वन अमला मौके पर मौजूद है. इससे पहले रायगढ़ जिले के घरघोड़ा वन परिक्षेत्र में कुरकुट नदी से दो हाथी शावकों के शव बरामद हुए थे. वहीं, जशपुर जिले में पत्थलगांव वन परिक्षेत्र (Pathalgaon Forest Range) के बूढ़ाडांड में अचानक एक नर शावक हाथी का स्वास्थ्य बिगड़ गया और एक खेत में बेसुध होकर गिर गया था.

Mar 13, 2026 11:37 (IST)

Chhattisgarh Hindi News: घर के बाहर खड़ी कार आग से जलकर राख

Gariaband Fire Break Out in Car Parked Outside of House: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में घर के बाहर खड़ी कार में आग लग गई, जिससे वह पूरी तरह जलकर राख हो गई. गांधी मैदान के पास खड़ी कार में गुरुवार-शुक्रवार रात लगभग 1 बजे आग लगी थी. जानकारी लगते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाई, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल गई थी. गाड़ी में आग लगने  की वजह पता नहीं चली है, पुलिस जांच कर रही है.

Mar 13, 2026 11:18 (IST)

Madhya Pradesh News: हरदा में किसानों तवा डैम से पानी छोड़ने की मांग की

Harda Farmers, Tawa Dam: हरदा जिले में गर्मी के मौसम में मूंग की फसल की सिंचाई को लेकर किसानों ने तवा डैम से पानी छोड़ने की मांग उठाई है. कलेक्टर सभागार में आयोजित जल उपयोगिता समिति की बैठक में किसानों ने 20 मार्च से पानी छोड़े जाने की मांग रखी, ताकि 23 मार्च तक जिले के किसानों को पर्याप्त पानी मिल सके. बैठक में जल संसाधन विभाग की कार्यपालन यंत्री सोनम बाजपेई ने बताया कि इस वर्ष मूंग की फसल की सिंचाई के लिए 38 हजार 460 हेक्टेयर क्षेत्र में पानी उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है. इसके तहत हरदा डिवीजन के 111 और टिमरनी डिवीजन के 56 गांवों के किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा.

हरदा डिवीजन में 19 हजार 135 हेक्टेयर और टिमरनी डिवीजन में 19 हजार 325 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई का लक्ष्य तय किया गया है. पिछले वर्षों में तवा डैम से पानी छोड़े जाने से किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार भी देखा गया है.

Mar 13, 2026 11:08 (IST)

MP News in Hindi: 23 मार्च को पेश होगा भोपाल नगर निगम का बजट

Bhopal Municipal Corporation Budget: भोपाल नगर निगम का बजट 23 मार्च को आएगा. बजट को लेकर नगर निगम के अधिकारियों के बीच बैठकों का दौर जारी है. इस साल नगर निगम प्रॉपर्टी टैक्स नहीं बढ़ाएगा, जो आम लोगों के लिए एक राहत भरी खबर है. निगम ने पिछले साल 10 प्रतिशत प्रॉपर्टी टैक्स बढ़ाया था. नगर निगम (Bhopal Nagar Nigam) का पिछला बजट 3600 करोड़ रुपये का था.

Mar 13, 2026 10:47 (IST)

मुख्यमंत्री कन्या विवाह: सतना में 200 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

Mukhyamantri Kanya Vivah: सतना जिले के भाद स्थित चंडी माता मंदिर परिसर में गुरुवार को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में निर्धन आय वर्ग की 200 कन्याओं का विवाह विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया. इस दौरान बैंड की धुन पर एक दुल्हन ने ठुमके लगाकर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया. विवाह समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Mar 13, 2026 10:29 (IST)

IPL शुरू होने से पहले महाकाल का आशीर्वाद लेने पहुंचे पृथ्वी शॉ

आईपीएल शुरू होने से पहले क्रिकेटर पृथ्वी शॉ (Prithvi Shaw) शुक्रवार तड़के उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंच गए, जहां वह भस्म आरती में शामिल हुए. क्रिकेटर शॉ आम श्रद्धालु की तरह सुबह करीब चार बजे आम श्रद्धालुओं की तरह भस्म आरती में शामिल होने महाकाल मंदिर पहुंचे. वे अपनी पहचान छिपाने के लिए मुंह पर मास्क पहनकर नंदी हाल में बैठे दिखाई दिए. करीब दो घंटे तक भस्म आरती में शामिल होने के बाद शाह ने नंदी जी का पूजन अर्चन किया. इसके बाद गर्भगृह की देहरी से जल अर्पित कर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया. तत्पश्चात मंदिर परिसर के अन्य मंदिर में भी पूजन अर्चन किया.

Mar 13, 2026 10:16 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: पचधारी डेम में डूबने से युवक की मौत

Raigarh Youth Drowned to Death: रायगढ़ जिले में गुरुवार दोपहर पचधारी डेम (Pachdhari Dam) में नहाने गए एक युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई. मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है. जगतपुर डीकोट गली, कार्मेल स्कूल के सामने रहने वाला 21 वर्षीय शाश्वत गुरु अपने दोस्तों इरफान, फरहान और आदि दुबे के साथ सुबह करीब 11 बजे गोवर्धनपुर स्थित पचधारी डेम नहाने गया था. नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया. सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंची. भारी  मशक्कत के बाद शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया.

Mar 13, 2026 09:58 (IST)

शहडोल के दौरे पर रहेंगे एमपी के डिप्टी सीएम

मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल शुक्रवार को शहडोल जिले के प्रवास पर रहेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, डिप्टी सीएम आज कलेक्ट्रेट में कोर ग्रुप की बैठक में भाग लेंगे. उपमुख्यमंत्री बिरसा मुंडा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में ब्लड बैंक का शुभारंभ करेंगे और टेली मेडिसिन सेवा तथा एसपीव्ही वैक्सीनेशन कार्यक्रम की समीक्षा करेंगे. इसके बाद स्थानीय आईटीआई कैंपस में आयोजित रोटरी क्लब द्वारा आयोजित राहत निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ करेंगे.

Mar 13, 2026 09:46 (IST)

रायसेन-सुल्तानगंज रोड पर भीषण हादसा

Madhya Pradesh Hindi News: रायसेन–सुल्तानगंज रोड पर भीषण सड़क हादसा सामने आया है. घर लौट रहे मजदूरों की बाइक रेलिंग से टकराकर लगभग 30 फिट गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. जानकारी के अनुसार, सुल्तानगंज रोड पर घोघरी गांव के पास एक अनियंत्रित मोटरसाइकिल रेलिंग से टकरा गई. हादसे में बाइक सवार जयकुमार और शंकर घायल हो गए. दोनों युवक गुजरात से मजदूरी कर अपने गांव केसलोन लौट रहे थे. टक्कर के बाद एक युवक गहरी खाई में जा गिरा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची 108 एंबुबुलेंस के डॉक्टर जयसिंह और पायलट मुकेश ने सूझबूझ का परिचय देते हुए स्पाइन बोर्ड की मदद से युवक को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सुल्तानगंज स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने दोनों को सागर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है. राहगीरों की सजगता और एंबुलेंस टीम की तत्परता से दोनों युवकों की जान बच सकी.

Mar 13, 2026 09:28 (IST)

Sanatan Premier League: इंदौर में सनातन प्रीमियम लीग की शुरुआत

Madhya Pradesh Hindi News: मध्य प्रदेश के इंदौर में सनातन प्रीमियर लीग की शुरुआत हो गई है. उद्घाटन के दौरान संत देवकीनंदन ठाकुर ने बताया कि इसमें कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी, जो भारत के कोने-कोने से पहुंची हैं. युवाओं को एक अवसर मिला है, जिसमें वह अपने प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे. उन्हें इंटरनेशनल लेवल पर विभिन्न चैनलों के माध्यम से पूरी दुनिया देखेगी. कई संत और क्रिकेटर्स भी यहां आएंगे.

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर मां अहिल्या की नगरी के लिए एक सौभाग्य की बात है कि देशभर के संत के चरण यहां पहुंचे हैं. आगे उन्होंने कहा भगवान कृष्ण ने भी कालिया नाग का अंत करने के लिए गेंद से खेल खेला था और वर्तमान समय में भी युवाओं को और बाकी लोगों को सनातन के भाव से जोड़कर दुष्टों का अंत करना है और बुरे विचारों का अंत करना है.

Mar 13, 2026 09:21 (IST)

Chhattisgarh Hindi News: जंगली भालू की खाल के साथ 11 आरोपी गिरफ्तार

Accused arrest with Wild Bear Skin in Kanker: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के गोंडाहुर में पुलिस ने जंगली भालू के खाल के साथ 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति खाल की तस्करी करने की फिराक में ग्राहक तलाश रहे हैं. सूचना पर टीम गठित कर दबिश दी गई, जहां भालू की खाल को बरामद किया गया है. बताया जा रहा है कि भालू का शिकार ढोरकट्टा और हलांजुर के बीच जंगल में किया गया था. खाल की कुल कीमत 1लाख के आसपास बताई जा रही है. पुलिस ने तस्करी में शामिल सभी 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

Mar 13, 2026 09:10 (IST)

LPG Shortage: ईरान-इजराइल तनाव का असर जबलपुर में, गैस सिलेंडर सप्लाई प्रभावित

Jabalpur LPG Gas Cylinder Supply: अंतरराष्ट्रीय हालात का असर अब जबलपुर शहर में भी दिखाई देने लगा है. पिछले दो दिनों से शहर में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित बताई जा रही है. खासतौर पर कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी के कारण होटल, रेस्तरां, केटरिंग और सराफा क्षेत्र के कारोबारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है. जिला कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए जिले के सभी एसडीएम को निर्देश जारी कर दिए गए हैं.

Mar 13, 2026 07:48 (IST)

Gas Cylinder Supply: भोपाल कलेक्टर ने गैस सिलेंडर की सप्लाई पर जारी किए निर्देश

LPG Gas Cylinder Shortage: इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध के चलते भारत में एलपीजी गैस की सप्लाई बाधित हो रही है. मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव ने कलेक्टरों की बैठक ली और घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है. होटल, रेस्तरां और मॉल में कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई नहीं होगी. सिर्फ चिकित्सालय और शैक्षणिक संस्थाओं में ही कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जाएगी. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Mar 13, 2026 07:20 (IST)

Madhya Pradesh Hindi News: देहरादून से मुरैना कोर्ट पहुंचे मां-बेटे पर हॉकी और बेसवॉल से मारपीट

Morena Court: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में देहरादून (उत्तराखंड) से आए मां-बेटे (Attack on Mother and Son) पर हमला कर दिया. वह जमानत कराने के लिए जिला एवं सत्र न्यायालय पहुंचे, जहां उनके साथ हॉकी और बेसवॉल से मारपीट की गई. पीड़ितों की पहचान सचिन और गीता के रूप में हुई है. इस दौरान कोर्ट परिसर के बाहर हमलावरों ने जमकर हंगामा किया. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सिटी कोतवाली पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया.

दोनों पीड़ित मूलत: अम्बाह थाना क्षेत्र के बुआ का पुरा गांव के रहने वाले हैं. सचिन की सादी 9 साल पहले सरायछौला थाना क्षेत्र के नायकपुरा गांव में हुई थी. शादी के कुछ वर्ष बाद सचिन व उसकी पत्नी में विवाद हो गया विवाद और लड़की देहरादून से वापस अपने घर मुरैना आ गई. फिर लड़की ने सरायछौला थाने लड़के पक्ष वालों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कराया है. मामले में पुलिस गुरुवार को कोर्ट में चालान पेश करने वाली थी. इसके लिए मां-बेटे आए थे, उधर लड़की पक्ष में कोर्ट पहुंच गया. इस दौरान उनके साथ मारपीट की.

Mar 13, 2026 07:05 (IST)

Gas Cylinder Supply: गैस आपूर्ति की स्थिति को लेकर कलेक्टर ने की बैठक

LPG Shortage: ईरान और अमेरिका-इजरायल युद्ध (Israel-America and Iran War) के बाद देशभर में उत्पन्न हुई घरेलू गैस की किल्लत को लेकर बुरहानपुर जिला प्रशासन ने भी जिले में घरेलू गैस की मांग और उपलब्धता की समीक्षा की. कलेक्टर हर्ष सिंह ने जिलेभर के गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स की आपत बैठक ली और बताया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक एवं आपूर्ति उपलब्ध है. जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रामक या असत्य जानकारी पर ध्यान न दें और घबराने की आवश्यकता नहीं है. सामान्य प्रक्रिया के अनुसार, बुकिंग करने पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं.

Mar 13, 2026 06:29 (IST)

Madhya Pradesh Weather Forecast: मध्य प्रदेश का मौसम

MP Weather and Temperature: मध्य प्रदेश में अब झुलसाने वाली गर्मी पड़ने लगी है. तापमान भी 40 डिग्री पार कर गया है. दिन में तो झुलसाने वाली धूप पड़ रही हैं, लेकिन रात में अभी राहत है. मार्च महीने में ही तीखी धूप परेशानी करने लगी है. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के नर्मदापुरम, रतलाम और धार में जिलों में आज लू का अलर्ट (Heat Wave Alert) जारी किया गया है. बता दें कि नर्मदापुरम में गुरुवार को तापमान 40.2 डिग्री रहा था, जो सबसे ज्यादा था. 15 और 16 मार्च को प्रदेश में बारिश, बादल और गरज-चमक वाला मौसम भी रह सकता है. भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर में भी पारा बढ़ गया है.