Chhota Nehru Stadium Indore: इंदौर में छोटे नेहरू स्टेडियम का नाम बदलने को लेकर सियासत गरमा गई है. नगर निगम की एमआईसी बैठक में स्टेडियम का नाम बदलकर छत्रपति शिवाजी के नाम पर रखने का प्रस्ताव पास किया गया है. इसके बाद कांग्रेस और बीजेपी आमने-सामने आ गई हैं. कांग्रेस जहां इसे इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े नामों का अपमान बता रही है. वहीं भाजपा का कहना है कि छोटा नेहरू आखिर कौन है? यह कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए.
छोटे नेहरू स्टेडियम का नाम बदलने का प्रस्ताव पास
दरअसल, इंदौर नगर निगम की एमआईसी बैठक में शहर के ऐतिहासिक छोटे नेहरू स्टेडियम का नाम बदलने का प्रस्ताव पास किया गया. प्रस्ताव के मुताबिक, अब स्टेडियम का नाम छत्रपति शिवाजी के नाम पर रखने की बात कही जा रही है. प्रस्ताव सामने आते ही इसे लेकर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है.
इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े नामों का अपमान- कांग्रेस
कांग्रेस प्रवक्ता नीलाभ शुक्ला का कहना है कि इंदौर में यदि कोई नया भव्य स्टेडियम बनाया जाता है, तो उसका नाम छत्रपति शिवाजी के नाम पर रखना गौरव की बात होगी, लेकिन पहले से मौजूद छोटे नेहरू स्टेडियम का नाम बदलना सही नहीं है. कांग्रेस का यह भी कहना है कि जब भी स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े किसी व्यक्तित्व का नाम सामने आता है, तब भाजपा नेताओं की कुंठा सामने आ जाती है.
BJP ने किया पलटवार
वहीं इस पूरे विवाद पर इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कांग्रेस पर पलटवार किया है. महापौर पुष्यमित्र भार्गव का कहना है कि नगर निगम ने अभी केवल प्रस्ताव पारित किया है और कांग्रेस पहले यह बताए कि छोटा नेहरू आखिर कौन है? महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कांग्रेस पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस की राजनीति में ऐसा कौन सा व्यक्तित्व रहा है जिसे छोटा नेहरू के नाम से जाना गया हो. उन्होंने यह भी कहा कि देश आज तक एक नेहरू की नीतियों का परिणाम भुगत रहा है
ये भी पढ़ें: रतलाम के इंडियन बैंक में लगी आग, कंप्यूटर-AC-दस्तावेज जले, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की बहरोल शाखा में आगजनी
ये भी पढ़ें: MP Weather: मध्य प्रदेश में आग उगल रहा सूरज, 40°C के पार पहुंचा पारा, जानिए कब मिलेगी गर्मी से राहत