विज्ञापन

10,000 की रिश्वत लेते जल संसाधन विभाग का अमीन गिरफ्तार, खेती के पट्टे के नाम पर मांगी थी घूस

धार जिले में लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जल संसाधन विभाग के अमीन को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया. आरोपी पर खेती के पट्टे के बदले 30 हजार रुपये की घूस मांगने का आरोप था.

10,000 की रिश्वत लेते जल संसाधन विभाग का अमीन गिरफ्तार, खेती के पट्टे के नाम पर मांगी थी घूस

Lokayukta Trap Action MP: धार जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए सरकारी तंत्र में फैले भ्रष्टाचार को बेनकाब किया है. खेती के पट्टे के बदले रिश्वत मांग रहे जल संसाधन विभाग के एक अमीन को लोकायुक्त की टीम ने 10 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया. इस कार्रवाई के बाद विभागों में हड़कंप मच गया है और आम लोगों में लोकायुक्त की इस पहल की जमकर सराहना हो रही है.

शिकायत के बाद हुई कार्रवाई

मामला धार जिले के आमला गांव का है. यहां रहने वाले दयाराम पटेल (36) ने जल संसाधन विभाग के अमीन राज दिनकर की शिकायत लोकायुक्त में दर्ज कराई थी. फरियादी ने बताया कि तालाब की रिक्त भूमि पर खेती का पट्टा दिलाने के बदले उससे 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगी जा रही थी. शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के मार्गदर्शन में मामले की जांच शुरू की गई.

सत्यापन में सही पाए गए आरोप

लोकायुक्त टीम ने पहले शिकायत का सत्यापन किया. जांच के दौरान आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने की बात सही पाई गई. इसके बाद लोकायुक्त की टीम ने पूरे मामले में ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई, ताकि आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा जा सके और किसी तरह की चूक न हो.

किराए के मकान में बिछाया गया जाल

सोमवार को आरोपी अमीन ने फरियादी को धार बुलाया था. लेकिन उस दिन कार्यालय बंद होने के कारण फरियादी ने आरोपी को प्रकाश नगर स्थित अपने किराए के मकान पर बुला लिया. लोकायुक्त की टीम पहले से ही वहां तैनात थी और आरोपी की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही थी.

10 हजार लेते ही दबोचा

जैसे ही अमीन राज दिनकर ने फरियादी से 10 हजार रुपए की रिश्वत अपने दाहिने हाथ में ली, लोकायुक्त टीम ने तुरंत धावा बोल दिया. आरोपी को मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया गया. पूरी कार्रवाई नियमानुसार की गई और आवश्यक पंचनामा भी वहीं तैयार किया गया. लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी अमीन के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है.

टीम की अहम भूमिका

इस ट्रैप कार्रवाई का नेतृत्व उप पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार तालान ने किया. उनके साथ आरक्षक विजय कुमार, आदित्य सिंह भदौरिया, कमलेश परिहार, अनिल परमार और रामेश्वर निंगवाल भी टीम में शामिल रहे. सभी ने समन्वय के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close