राजस्थान के कोटा में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के बीच एक और दर्दनाक घटना सामने आई है. मध्य प्रदेश के छतरपुर की रहने वाली 18 वर्षीय जूही पटेल ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी. घटना ने एक बार फिर कोटा में छात्रों के मानसिक दबाव और सपोर्ट सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
तीन महीने पहले आई थी कोटा, ऑनलाइन क्लास से कर रही थी तैयारी
दादाबाड़ी थाना क्षेत्र के बसंत विहार इलाके में पीजी में रह रही जूही पटेल करीब तीन महीने पहले मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET की तैयारी के लिए कोटा आई थी. बताया जा रहा है कि वह एक निजी कोचिंग संस्थान से ऑनलाइन क्लास लेकर सेल्फ स्टडी कर रही थी.
परिजनों के अनुसार, जूही नियमित रूप से घर पर बात करती थी और उसने किसी तरह के तनाव की जानकारी नहीं दी थी. पिता अर्जुन पटेल का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही परिवार मध्य प्रदेश से कोटा पहुंचा.
परिचित से मांगे थे 100 रुपए
मकान मालिक और स्थानीय परिचितों के अनुसार, मंगलवार देर शाम जूही की तबीयत अचानक बिगड़ गई. उसे तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने कथित तौर पर खुद बताया कि उसने जहरीला पदार्थ खा लिया है. बाद में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी.
स्थानीय परिचित गौरव शर्मा ने बताया कि शाम को जूही ने उनसे फोन पर 100 रुपये मांगे थे, जो उन्होंने दे दिए. देर रात उसके भाई का फोन आया कि जूही की तबीयत खराब है. इसके बाद वे मकान मालिक के साथ उसे अस्पताल लेकर गए, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
दादाबाड़ी थाना पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दी. परिजनों के कोटा पहुंचने के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिवार को सौंप दिया गया. थाना अधिकारी बलदेव राम ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है.
कोटा में फिर उठा छात्र सुरक्षा का मुद्दा
कोटा लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों का प्रमुख केंद्र रहा है, लेकिन लगातार सामने आ रही आत्महत्या की घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं. जूही पटेल की मौत ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या छात्रों के लिए पर्याप्त काउंसलिंग और मानसिक स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध है या नहीं.
Indore MBA Student: दोस्त के कमरे में मिला एमबीए छात्रा का शव, शरीर पर नहीं थे कपड़े, 4 दिन से थी लापता