Kahrgone Businessman Extortion: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में उद्योगपति के घर पर गोलीबारी कर दहशत फैलाने और लॉरेंस बिश्नोई गिरोह (Lawrence Bishnoi Gang) के नाम पर रंगदारी मांगने के आरोप में पुलिस ने 15 लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि मामला 16 मार्च का है, जब कसरावद थाना क्षेत्र के भीलगांव में उद्योगपति दिलीप राठौर के घर पर मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने गोलीबारी की. इस घटना के अगले दिन उनसे 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 10 करोड़ रुपये की मांग एक विदेशी नंबर से वॉट्सऐप कॉल के जरिए की गई. कॉल करने वालों ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य बताया था और गोलीबारी का वीडियो भी भेजा था.
15 आरोपी गिरफ्तार, ये हैं मुख्य आरोपी
उन्होंने बताया कि इस मामले में राजपाल चंद्रावत सहित 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इनके पास से तीन कार, एक मोटरसाइकिल, चार पिस्तौल, 10 कारतूस, 10 मोबाइल फोन और 44 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं. पुलिस जांच में सामने आया है कि उज्जैन निवासी लोकेन्द्र पंवार और धार निवासी सचिन पाटीदार इस साजिश के मुख्य आरोपी हैं, जिनका उद्योगपति के साथ आर्थिक विवाद था.
दूसरे राज्यों के लोग भी शामिल
खरगोन के पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने बताया कि इस मामले के खुलासे के लिए छह विशेष टीमों का गठन किया गया था. आरोपियों की गिरफ्तारी सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों की सूचना के आधार पर की गई. उन्होंने कहा कि इस मामले में गुजरात, हरियाणा और राजस्थान के कुछ लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस सिलसिले में गैंगस्टर हैरी बॉक्सर (Gangster Harry Boxer) के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है. हैरी बॉक्सर के विदेश में होने की आशंका है. उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों में से कई के खिलाफ पहले से गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और फरार आरोपियों की तलाश जारी है.
ये भी पढ़ें- VIDEO: हिंदू बेटी का प्रेम विवाह करवाएंगे मुस्लिम पिता! अनाथ नंदिनी व अब्दुल हक खान की पूरी कहानी क्या है?