विज्ञापन

कॉलर टैग और दांत के DNA से सुलझी 5 महीने पुरानी अधजली लाश की गुत्थी, 3 आरोपी गिरफ्तार

कटनी में 5 महीने पहले मिली अधजली लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. शर्ट के कॉलर टैग और दांत के डीएनए टेस्ट से मृतक की पहचान हुई. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया 

कॉलर टैग और दांत के DNA से सुलझी 5 महीने पुरानी अधजली लाश की गुत्थी, 3 आरोपी गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के कटनी जिले की बहोरीबंद थाना पुलिस ने 5 महीने पुराने एक सनसनीखेज अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा लिया है. जंगल में मिली एक अज्ञात अधजली लाश की पहचान शर्ट के 'कॉलर टैग' और 'दांत के डीएनए (DNA) टेस्ट' के जरिए की गई. इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

कॉलर टैग और डीएनए टेस्ट ने खोला राज

मामले का खुलासा करते हुए कटनी के पुलिस अधीक्षक (SP) अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि फरवरी में महाशिवरात्रि के आसपास बहोरीबंद थाना क्षेत्र के सिद्ध बाबा मंदिर के पास एक अधजली लाश मिली थी. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की. शव की शर्ट पर 'आरएस टेलर' का टैग लगा हुआ था, जिसके आधार पर पुलिस ने आसपास के गांवों में पूछताछ शुरू की.

संदेह होने पर लापता युवक दुर्गा बर्मन के पिता गोपाल बर्मन का ब्लड सैंपल लिया गया और मृतक के दांत से जैविक (DNA) मिलान कराया गया. डीएनए रिपोर्ट मैच होने पर पुष्टि हुई कि मृतक दुर्गा बर्मन ही था.

करंट की चपेट में आने से हुई थी मौत

पहचान होने के बाद पुलिस की साइबर सेल और स्थानीय पुलिस ने जंगल में सर्च अभियान चलाकर तीनों आरोपियों को दबोच लिया. पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने जंगल में जंगली जानवरों का शिकार करने के लिए बिजली का करंट फैला रखा था.

दुर्गा बर्मन गलती से इस करंट की चपेट में आ गया और झुलसकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने रात के अंधेरे में शव को बाइक पर रखकर सिद्ध बाबा के पास फेंक दिया था. पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close