Pilot and EMT Terminated in Katni for Making Woman Clean Ambulance: कटनी से बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ा शर्मनाक वीडियो सामने आया, जिसमें घायल मरीज की पत्नी से 108 एंबुलेंस धुलवाई गई. वीडियो वायरल होने के बाद कटनी जिला प्रशासन हरकत में आया. जांच के बाद एंबुलेंस के पायलट और ईएमटी को बर्खास्त कर दिया गया है.
दरअसल, पूरा मामला कटनी जिला अस्पताल का बताया गया, जहा ग्राम करेला में हुए सड़क हादसे में घायल राहुल बर्मन को लेकर 108 एंबुलेंस अस्पताल पहुंची थी. खून लगने पर एंबुलेंस में तैनात ईएमटी (EMT) मोहित खटीक ने घायल की पत्नी प्रमिला बर्मन से न सिर्फ सफाई करवाई, बल्कि पूरी एंबुलेंस ही धुलवाने लगा.
कटनी से बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ा शर्मनाक वीडियो सामने आया, जिसमें घायल मरीज की पत्नी से 108 एंबुलेंस धुलवाई गई. वीडियो वायरल होने के बाद कटनी जिला प्रशासन हरकत में आया. जांच के बाद एंबुलेंस के पायलट और ईएमटी को बर्खास्त कर दिया गया है.#mpnews #katninews pic.twitter.com/2JtZUeGO6a
— NDTV MP Chhattisgarh (@NDTVMPCG) April 28, 2026
सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था वीडियो
इस अमानवीय कृत्य का किसी ने वीडियो बना लिया, जिसके सोशल मीडिया पर वायरल होते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया. मामला सुर्खियों में आने के बाद कलेक्टर आशीष तिवारी ने इसे गंभीरता से लिया और तत्काल जांच के आदेश दिए. सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर ने जांच कराई, जिसमें आरोप सही पाए गए.
जांच के बाद कार्रवाई की
मामले पर कटनी सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर ने बताया कि घायल राहुल बर्मन का कुछ खून एंबुलेंस में लग गया था, जिसे ईएमटी द्वारा उसकी पत्नी से साफ करवाया और एंबुलेंस धुलवाई गई थी, जो नियम विरुद्ध और शर्मनाक था. कलेक्टर के निर्देश पर जांच हुई और इसके बाद एंबुलेंस संचालित करने वाली कंपनी JAES प्रोजेक्ट प्रा. लिमिटेड ने पायलट देवा साहू और ईएमटी मोहित खटीक को बर्खास्त कर दिया. आगे इस तरह की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए यह कार्रवाई जरूरी थी.