Jitu Patwari Statement: मध्य प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है. छतरपुर दौरे पर पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य की मोहन यादव सरकार और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध, माफिया और सत्ता एक साथ चल रहे हैं. जीतू पटवारी ने कहा कि मौजूदा सरकार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह कमजोर हो चुकी है और इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है.
भाजपा, माफिया और अपराध एक साथ
छतरपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान जीतू पटवारी ने कहा कि आज अवैध धंधे, माफिया और भारतीय जनता पार्टी एक ही चोली-दामन के साथी बन गए हैं. उन्होंने दावा किया कि लगातार भाजपा के विधायक, मंत्री और कार्यकर्ताओं से जुड़े आपत्तिजनक वीडियो सामने आना इस सच्चाई को उजागर करता है.
मुख्यमंत्री के नेतृत्व पर उठाए सवाल
पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि सरकार प्रशासन पर अपनी पकड़ खो चुकी है. उनके मुताबिक, महज दो साल के कार्यकाल में यह साफ हो गया है कि मुख्यमंत्री का काम करने का तरीका न तो प्रदेश को आगे बढ़ा सका और न ही जनता का भरोसा जीत पाया.
कलेक्टरों पर रिश्वत के गंभीर आरोप
प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कई जिलों में कलेक्टर खुलेआम रिश्वत ले रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री की चुप्पी यह दिखाती है कि सरकार ने इस भ्रष्टाचार को मौन स्वीकृति दे दी है.
अवैध रेत खनन पर सरकार को घेरा
अवैध रेत खनन के सवाल पर जीतू पटवारी ने कहा कि समस्या सिर्फ छतरपुर तक सीमित नहीं है. प्रदेश के हर उस इलाके में यही हाल है, जहां रेत उपलब्ध है. उन्होंने आरोप लगाया कि नेताओं, अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से अवैध खनन खुलेआम चल रहा है.
केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री पर निशाना
केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए पटवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2012-14 के दौरान देश को विश्व गुरु बनाने, नया भारत, दो करोड़ रोजगार, 15-15 लाख रुपये और काला धन वापस लाने जैसे बड़े वादे किए थे. उन्होंने कहा कि आज देश और अर्थव्यवस्था की हकीकत सबके सामने है. अमेरिका में हुए हालिया खुलासों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि को नुकसान पहुंचा है.
राहुल गांधी को संसद में बोलने से रोकने का आरोप
राहुल गांधी का जिक्र करते हुए पटवारी ने कहा कि संसद में उन्हें अपनी बात रखने से रोकना इस बात का सबूत है कि सरकार सच्चाई से डरती है. उन्होंने आरोप लगाया कि यह झूठ और वोट चोरी की राजनीति करने वाली सरकार है, जिसे जनता आने वाले चुनावों में जवाब देगी.
संगठन को मजबूत करने पर जोर
छतरपुर प्रवास के दौरान जीतू पटवारी ने बुंदेलखंड क्षेत्र में ब्लॉक अध्यक्षों की विधानसभा-वार समीक्षा बैठक की. उन्होंने संगठन पदाधिकारियों से संवाद कर बताया कि इस दौरे का मुख्य उद्देश्य पंचायत स्तर तक कांग्रेस संगठन को मजबूत करना है. अपने दौरे के अंत में जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा की पाखंड और झूठ की राजनीति ही उसकी हार का कारण बनेगी. उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में जनता इस राजनीति का करारा जवाब देगी.