MP IPS Transfer List: मध्य प्रदेश शासन के गृह विभाग ने देर रात भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 62 वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी कर दिए. लंबे समय से प्रतीक्षित इस सूची में एडीजी, आईजी, डीआईजी और पुलिस अधीक्षक (SP) स्तर तक के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. जारी आदेश के अनुसार, राज्य के कई जिलों में पुलिस अधीक्षकों का बदलाव किया गया है, जबकि बड़ी संख्या में पदोन्नत अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय (PHQ) में पदस्थ किया गया है.
इन जिलों में बदले एसपी
तबादला सूची में भिंड, मुरैना, रीवा, सागर, छतरपुर, खंडवा, नीमच, आगर मालवा, सिवनी, डिंडोरी, मंडला, दतिया, सीहोर, सिंगरौली और दमोह सहित कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों को बदला गया है.
वहीं विवादों में रहे जिलों के पुलिस अधीक्षक हटाये गए हैं. सिंगरौली में हाल ही में हुए बैंक डकैती कांड के बाद SP मनीष खत्री को हटाया गया. उन्हेंने AIG PHQ बनाया गया है. वहीं सिवनी जिले में सामने आए हवाला कांड के चलते SP सुनील मेहता भी हटाये गए. वो इंदौर के DCP बने हैं.
प्रमोशन के बाद मुख्यालय भेजे गए अधिकारी
सूची में यह भी देखने को मिला कि एसपी से डीआईजी पदोन्नत हुए कई अधिकारियों को फील्ड पोस्टिंग के बजाय पुलिस मुख्यालय भोपाल में पदस्थ किया गया है. इसे प्रशासनिक नियंत्रण मजबूत करने के रूप में देखा जा रहा है.
यहां देखें IPS ट्रांसफर लिस्ट
नई पीढ़ी को मिली कमान
2018, 2020 और 2021 बैच के आईपीएस अधिकारियों को जिलों की कमान सौंपी गई है. वहीं कुछ अधिकारियों को पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम के तहत भोपाल और इंदौर में पुलिस उपायुक्त (DCP) के रूप में पदस्थ किया गया है.
कमिश्नरेट सिस्टम में भी बदलाव
भोपाल और इंदौर कमिश्नरेट में भी फेरबदल करते हुए कई अधिकारियों को जोन स्तर पर डीसीपी बनाया गया है, जिससे शहरी पुलिसिंग को मजबूत करने की दिशा में कदम माना जा रहा है.
वरिष्ठ स्तर पर भी बदलाव
वरिष्ठ स्तर पर भी कई अहम बदलाव किए गए हैं. कुछ एडीजी और आईजी स्तर के अधिकारियों के प्रभार में परिवर्तन किया गया है, जिससे विभागीय कार्यप्रणाली में संतुलन बनाने की कोशिश दिखती है.
SP से DIG स्तर तक बड़ा फेरबदल
पुलिस अधीक्षक रीवा शैलेन्द्र चौहान को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था), नगरीय भोपाल, पुलिस अधीक्षक धार मयंक अवस्थी को डीआईजी नारकोटिक्स इंदौर, पुलिस अधीक्षक झाबुआ शिवदयाल को डीआईजी पीएचक्यू भोपाल, पदस्थ... पुलिस अधीक्षक रेडियो रियाज इकबाल को डीआईजी पीएचक्यू, राहुल कुमार लोढ़ा (एसपी रेल भोपाल) को डीआईजी पीएचक्यू, सिमाला प्रसाद (एसपी रेल जबलपुर) को भी डीआईजी पीएचक्यू में पदस्थ... असित यादव (एसपी भिंड) को डीआईजी ग्वालियर रेंज और विवेक सिंह (पुलिस उपायुक्त जोन-2, नगरीय भोपाल) को डीआईजी शहडोल रेंज की जिम्मेदारी मिली है.
अतिरिक्त प्रभार में बदलाव
स्पेशल डीजी अनिल कुमार से लेखा व कल्याण का अतिरिक्त प्रभार वापस, मोहम्मद शाहिद अबसार को डायरेक्टर, मध्य प्रदेश पुलिस अकादमी भौंरी के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त, बालाघाट SP आदित्य मिश्रा को वर्तमान पद के साथ सेनानी, हॉक फोर्स बालाघाट का अतिरिक्त प्रभार, खंडवा SP मनोज कुमार राय को पदोन्नति के बाद DIG PHQ में पदस्थ, DIG मनोज कुमार राय को इस फेरबदल में खंडवा से हटाकर मुख्यालय किया गया.
कुल मिलाकर बड़ा प्रशासनिक बदलाव
यह तबादला सूची राज्य पुलिस महकमे में व्यापक बदलाव का संकेत देती है. जहां एक ओर नए अधिकारियों को मौका दिया गया है, वहीं दूसरी ओर वरिष्ठ अधिकारियों को मुख्यालय में जिम्मेदारी देकर रणनीतिक नियंत्रण बनाए रखने की कोशिश की गई है. माना जा रहा है कि यह फेरबदल कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है.
ये भी पढ़ें: सख्त तेवर में दिखीं IAS सौम्या मिश्रा, सहायक कलेक्टर के पद पर जॉइन करते ही औचक निरीक्षण किया, जिम्मेदारों पर गिरी गाज