इंदौर: सूदखोरों के जाल में फंसा व्यापारी, 10 लाख के बदले 70 लाख चुकाने के बाद खाया जहर

Indore Money Laundering Crime: इंदौर के चंदन नगर में सूदखोरों से परेशान व्यापारी मोहसिन ने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की. वायरल वीडियो में पीड़ित ने मुन्ना दूधवाले और शकील पर ₹10 लाख के बदले ₹75 लाख वसूलने और प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Indore Businessman Poison Case: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में सूदखोरी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. कर्ज के बोझ और सूदखोरों की प्रताड़ना से तंग आकर एक व्यापारी ने जहर खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त करने की कोशिश की है. घटना से पहले पीड़ित ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर कड़ाव घाट निवासी पिता-पुत्र समेत तीन लोगों को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है.

ब्याज के चक्रव्यूह में फंसे 10 लाख रुपए

चंदन नगर निवासी पीड़ित मोहम्मद मोहसिन पुत्र मोहम्मद अशरफ ने बताया कि वर्ष 2023-24 में व्यापारिक जरूरतों के लिए उसने कड़ाव घाट (बंबई बाजार) निवासी मुन्ना दूधवाले, उसके बेटे अकरम और शकील चौधरी से करीब 10 लाख रुपए ब्याज पर लिए थे. मोहसिन के मुताबिक,आरोपी उससे हर महीने 65 हजार रुपए का भारी-भरकम ब्याज वसूल रहे थे. वह अब तक करीब 60 से 70 लाख रुपए चुका चुका है, लेकिन आरोपियों का लालच खत्म नहीं हुआ.

दस्तावेज मांगने पर मिली जान से मारने की धमकी

मोहसिन ने वीडियो में आरोप लगाया कि उसने अपनी क्षमता से कहीं अधिक पैसा लौटा दिया था. जब वह आरोपियों के पास अपने गिरवी रखे मकान की रजिस्ट्री और सुरक्षा के तौर पर दिए गए 30 चेक वापस मांगने गया, तो आरोपियों ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी. इसी मानसिक तनाव और डर के कारण मोहसिन ने बुधवार रात जहर खा लिया.

पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल

रिपोर्टर के इनपुट के अनुसार, पीड़ित मोहसिन ने इस मामले की शिकायत 6 फरवरी को ही पंढरीनाथ थाने में लिखित आवेदन देकर की थी. आवेदन में उसने स्पष्ट किया था कि उसके मकान की रजिस्ट्री और चेक आरोपियों के कब्जे में हैं और वे लगातार अवैध वसूली कर रहे हैं. इसके बावजूद समय रहते कड़ी कार्रवाई न होने के कारण व्यापारी को आत्मघाती कदम उठाना पड़ा.

Advertisement

अस्पताल में जंग और पुलिस की जांच

जहर खाने के बाद मोहसिन की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे तत्काल मालवा अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए हैं और वायरल वीडियो व पुराने शिकायती आवेदन के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है. जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: नाबालिग को बंधक बनाया, शिकायत की तो थाने से लौट रहे ग्रामीणों पर किया हमला, गांव में तनाव का माहौल