विज्ञापन

IAS क‍िशोर कन्‍याल: कौन हैं वो ज‍िला कलेक्‍टर, जो नदी को बचाने के ल‍िए 5 क‍िलोमीटर चले पैदल

IAS Kishore Kanyal Guna River Restoration: मध्‍य प्रदेश के गुना में गुनिया नदी के पुनरुद्धार को लेकर ज‍िला कलेक्टर आईएएस किशोर कुमार कन्याल का 5.5 किलोमीटर पैदल निरीक्षण चर्चा में है. विश्व जल दिवस पर हुए इस दौरे ने प्रशासन की सख्ती के साफ संकेत दे दिए हैं.

IAS क‍िशोर कन्‍याल: कौन हैं वो ज‍िला कलेक्‍टर, जो नदी को बचाने के ल‍िए 5 क‍िलोमीटर चले पैदल
IAS Kishore Kanyal Guna District Collector

IAS Kishore Kanyal Guna River Restoration: मध्य प्रदेश के गुना शहर की जीवनदायिनी गुनिया नदी के पुनरुद्धार के लिए रविवार को ज‍िला कलेक्टर IAS किशोर कुमार कन्याल ने एक बड़ी मुहिम का शंखनाद किया. 22 मार्च 2026 को विश्व जल दिवस के अवसर पर गुना कलेक्टर ने प्रशासनिक अमले और जल चिंतकों के साथ सुबह-सुबह नदी के उद्गम स्थल से लेकर विभिन्न क्षेत्रों का करीब 5.5 किलोमीटर पैदल भ्रमण कर निरीक्षण किया.

इस पैदल निरीक्षण के दौरान नदी की असली स्थिति सामने आई, जहां 6 महीने से ठप पड़ी सफाई व्यवस्था और नदी के अस्तित्व पर मंडराते अतिक्रमण साफ नजर आए. हालात देखकर कलेक्टर के तेवर सख्त हो गए और उन्होंने मौके पर ही स्पष्ट कर दिया कि सोमवार से गुनिया नदी की सफाई और अतिक्रमण हटाने की मुहिम युद्ध स्तर पर शुरू होगी.

निरीक्षण के दौरान गुना कलेक्टर आईएएस क‍िशोर कुमार कन्‍याल ने अवैध कब्जा करने वालों को सख्त हिदायत देते हुए कहा, "अतिक्रमण खुद हटा लीजिए ताकि हमें तोड़ना न पड़े." कलेक्टर का यह संदेश सीधे तौर पर उन लोगों के लिए था, जिन्होंने नदी किनारे अवैध निर्माण कर रखा है.
IAS Kishore Kanyal Guna District Collector

IAS Kishore Kanyal Guna District Collector

पैदल भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने उद्गम स्थल के शुरुआती 4 किलोमीटर के दायरे को सबसे अधिक समस्याग्रस्त बताया, जहां गंदगी और अवैध निर्माण ने नदी का गला घोंट दिया है. उन्होंने इस हिस्से को प्राथमिकता में लेकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए.

मीडिया से बातचीत में कलेक्टर किशोर कन्याल ने यह भी कहा कि जब प्रशासन कार्रवाई करेगा तो संभव है कि कुछ लोग ‘इमोशनल स्टोरी' लेकर सामने आएं, लेकिन ऐसे समय में मीडिया को सच्चाई के साथ प्रशासन का सहयोग करना चाहिए और अतिक्रमण करने वालों को गलत ठहराना चाहिए. 

Latest and Breaking News on NDTV

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने वहां मौजूद महिलाओं से भी सीधे संवाद करते हुए पूछा, "क्या आप हमारी इस कार्रवाई में प्रशासन का साथ देंगी?" उन्होंने जोर देकर कहा कि गुनिया नदी को उसके वास्तविक स्वरूप में लौटाना सिर्फ सरकारी काम नहीं बल्कि जनभागीदारी से चलने वाला एक बड़ा अभियान होना चाहिए.

इस पूरे निरीक्षण में एडीएम, एसडीएम और समाजसेवी डॉ. पुष्पराग सहित कई अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे. कलेक्टर ने नगरपालिका और संबंधित विभागों को तुरंत सफाई कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं, ताकि बारिश से पहले नदी का प्रवाह सुचारू हो सके. साथ ही यह भी साफ कर दिया कि आगामी त्योहारों के बाद शहर के अन्य हिस्सों में भी चिन्हित अतिक्रमणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. 

आईएएस किशोर कुमार कन्याल: संक्षिप्त जीवन परिचय

आईएएस अधिकारी किशोर कुमार कन्याल वर्ष 2013 बैच (SCS) के अधिकारी हैं. उनका जन्म 03 मई 1968 को हुआ. उन्होंने उच्च शिक्षा के रूप में एम.ए. और एल.एल.बी. की डिग्री प्राप्त की है, जो उनके प्रशासनिक और विधिक समझ को मजबूत आधार देती है.

किशोर कन्याल ने 06 नवंबर 2020 को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में पदोन्नति के माध्यम से प्रवेश किया. इसके बाद उन्होंने विभिन्न प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए अपनी कार्यशैली से पहचान बनाई.

वर्तमान में वे 29 जनवरी 2025 से जिला कलेक्टर, गुना (मध्य प्रदेश) के पद पर पदस्थ हैं. इससे पहले भी वे अलग-अलग प्रशासनिक पदों पर कार्य कर चुके हैं और अपनी सख्त एवं जनहितकारी कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं. दिल्ली के रहने वाले किशोर कुमार कन्याल 29 जनवरी 2025 से गुना ज‍िला कलेक्‍टर पद पर सेवाएं दे रहे हैं. 

गुजरात के कारोबारी की स्कॉर्पियो में 1 करोड़ मिले, गुना पुलिस ने 20 लाख लेकर छोड़ा, जानिए खाकी के सौदे की कहानी

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close