मध्य प्रदेश के शिवपुरी में सोमवार देर शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वन स्टॉप सेंटर के ठीक बाहर एक युवक की सरेराह चप्पलों से जमकर पिटाई कर दी गई. देखते ही देखते इस हाई-वोल्टेज ड्रामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. यह पूरी वारदात एक पुराने पॉक्सो (POCSO) एक्ट के मामले से जुड़ी है, जहां शादी की तैयारियों के बीच दोनों पक्षों में विवाद खूनी संघर्ष और हंगामे में बदल गया था.
क्या है पूरा मामला
इस पूरे विवाद की जड़ें कुछ समय पुरानी हैं. उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का रहने वाला अब्दुल रहमान नाम का युवक फर्नीचर का काम करने शिवपुरी के कोलारस आया था. यहीं किराये पर रहते समय अब्दुल का वहीं की एक नाबालिग लड़की से हो गया. इस दौरान लड़की के परिजनों ने थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अब्दुल रहमान के खिलाफ अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया था. हालांकि, कुछ समय बाद उसे कोर्ट से जमानत मिल गई थी.
दोनों की शादी की चल रही तैयारियां
तबतक लड़की बालिग हो गई. फिर बताया जा रहा है कि लड़का लड़की ने शादी का मन बना लिया और दोनों की शादी की तैयारियां चल रही थीं. शादी की बात सुनते ही लड़की के परिवार वाले और वहां मौजूद कुछ हिंदू संगठन के कार्यकर्ता उग्र हो गए. दोनों के विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते गुस्साए लोगों ने वन स्टॉप सेंटर के बाहर ही अब्दुल को घेर लिया और चप्पलों से उसकी जमकर धुनाई कर दी. युवती की मां ने भी उसको जमकर पीटा.
सरेराह हुई इस मारपीट का किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से सुर्खियां बटोर रहा है. वीडियो में युवक को पीटते साफ देखा जा रहा है. वहीं, पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
ये भी पढ़ें- मध्य प्रदेश के आज कई जिलों में बारिश का अलर्ट, छत्तीसगढ़ में इन स्थानों पर बरसेंगे बदरा; पढ़ें IMD का अपडेट