विज्ञापन

पिस्टल से फायर करते हुए बना रहे थे रील, पानी की टंकी से टकराकर घर में सो रहे व्यक्ति को लगी, एक गिरफ्तार

Gwalior Crime News: एडीशनल एसपी सुमन गुर्जर ने बताया कि पुलिस ने फैजान को गिरफ्तार कर लिया है. दूसरे नाबालिग की तलाश जारी है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि पिस्टल टेकरी पर कैसे पहुंची और किसकी है.

पिस्टल से फायर करते हुए बना रहे थे रील, पानी की टंकी से टकराकर घर में सो रहे व्यक्ति को लगी, एक गिरफ्तार
Gwalior Crime News: Man Shot While Sleeping as Youths Fire Pistol to Make Viral Reel

Gwalior News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रील बनाने का शौक युवकों को भारी पड़ गया. दो युवकों ने रील बनाने के लिए पिस्टल से गोली चलाने का वीडियो शूट करने की सनक में फायर किया. गोली हवा में जाने की जगह पानी की टंकी से टकराकर घर में सो रहे राजेन्द्र शाक्य के हाथ में जा लगी. वारदात के दो दिन बाद पुलिस ने एक आरोपी फैजान को पकड़ लिया है, जबकि दूसरा नाबालिग आरोपी पिस्टल समेत फरार है.  

जानकारी के अनुसार, ग्वालियर के शिवनगर घोसीपुरा निवासी 35 साल के राजेन्द्र शाक्य ने जनकगंज थाना पुलिस से शिकायत कर बताया कि वह रविवार की दोपहर घर में सो रहे था, तभी अचानक उसके हाथ में आकर गोली लग गई. उन्हें लगा कि किसी ने जान से मारने की नीयत से फायर किया है. लेकिन, बुधवार को वारदात का खुलासा हुआ तो कहानी चौंकाने वाली निकली. 

Jabalpur Schools Closed: कक्षा 5 तक के बच्चों के लिए अवकाश घोषित, भीषण गर्मी से बचाने के लिए कलेक्टर ने लिया फैसला

पानी की टंकी से टकरा कर व्यक्ति को लगी गोली 

जनकगंज थाना पुलिस ने 19 साल के फैजान खान निवासी शिवनगर को पकड़ा. पूछताछ में फैजान ने बताया कि वह और उसका एक नाबालिग दोस्त सत्यनारायण की टेकरी पर थे, जहां उन्हें अवैध पिस्टल पड़ी मिली थी. दोनों ने पिस्टल से फायर करने का वीडियो बनाकर रील बनाने की सोची. दोनों ने सोचा था कि गोली हवा में जाएगी और वीडियो वायरल हो जाएगा. इससे उन्हें व्यूज मिलेंगे. लेकिन, गोली आसमान में जाने की जगह ऊपर रखी पानी की टंकी से टकरा गई. कुछ देर बाद पता चला कि टंकी के पास रहने वाले राजेन्द्र को गोली लगी है, इससे दोनों डरकर भाग गए. राजेन्द्र को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. जहां उसकी जान खतरे से बाहर है.

शिवराज सिंह के गृह जिले में किसान क्यों नाराज? समर्थन में आए BJP नेता-विधायक ने दी चेतावनी 

पिस्टल टेकरी पर कैसे पहुंची ?

एडीशनल एसपी सुमन गुर्जर ने बताया कि पुलिस ने फैजान को गिरफ्तार कर लिया है. दूसरे नाबालिग की तलाश जारी है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि पिस्टल टेकरी पर कैसे पहुंची और किसकी है. पुलिस ने दोनों आरोपियों पर आर्म्स एक्ट और जानलेवा हमला करने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए हथियारों का इस्तेमाल न करें. रील बनाने के चक्कर में लोगों की जान जोखिम में डालना गंभीर अपराध है.

MP कैबिनेट का ऐतिहासिक फैसला: अब किसानों को जमीन के लिए मिलेगा 4 गुना मुआवजा 

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close