विज्ञापन
This Article is From Jun 19, 2025

शादी के बाद भी नहीं छोड़ा बॉयफ्रेंड, ससुराल से आकर नातिन ने प्रेमी के साथ मिल नानी की मौत तक चाकू से गोदा

Rewa Crime News: रीवा में एक किशोरी ने अपनी नानी की हत्या कर दी. उसने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया है, जबकि किशोरी की एक माह पहले शादी हो चुकी थी.

शादी के बाद भी नहीं छोड़ा बॉयफ्रेंड, ससुराल से आकर नातिन ने प्रेमी के साथ मिल नानी की मौत तक चाकू से गोदा

Madhya Pradesh Hindi News: मध्य प्रदेश के रीवा जिले में नाबालिग लड़की ने अपने प्रेम में बाधा बन रही नानी की ही हत्या कर दी और इसमें किशोरी का साथ उसके प्रेमी ने ही दिया है. आरोपी प्रेमी और प्रेमिका ने महिला पर ताबड़तोड़ चाकू से खूब वार किए, जिससे उन्होंने दम तोड़ दिया. यह मामला अतरैला थाना अंतर्गत कोनी कला गांव का है. दोनों आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं, जिनका प्रेम-संबंध लंबे समय से चल रहा था.

पुलिस को चौंकाने वाली बात यह पता चली थी कि दोनों के प्रेम-प्रसंग से ही परेशान होकर नानी ने लड़की की शादी करा दी थी, लेकिन वह इस शादी से खुश नहीं थी. शादी के ससुराल में एक महीने तक रहने बाद वह अपनी नानी के यहां लौट आई थी.

दो दिन पहले मिला था शव

मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा के निकट अतरैला  थाना क्षेत्र कोनी कला गांव में 2 दिन पहले एक महिला का शव मिला था. महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में था. ऐसा लग रहा था कि किसी ने महिला के साथ दुष्कर्म किया है और फिर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी है. गांव वालों ने पुलिस को सूचना दी.

अंतिम संस्कार के 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

पुलिस को जैसे ही किसी महिला की हत्या की सूचना मिली, तत्काल मौके पर पहुंची. थोड़ी ही देर में महिला की पहचान गायत्री देवी पांडे के रूप में हो गई. पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमॉर्टम करा कर उसे परिजनों को सौंप दिया. अंतिम संस्कार के 24 घंटे में ही पुलिस ने आरोपियों को खोज निकाला.

नानी एक बार कर चुकी थी दोनों की पिटाई

दरअसल, गांव में ही पुलिस को मुखबिरों से सूचना मिली थी कि मृतक की नातिन का अफेयर इसी गांव के एक लड़के के साथ लंबे समय से चल रहा था. नानी को यह सब पसंद नहीं था, जिसके चलते उसने एक बार अपनी नातिन और उसके प्रेमी की पिटाई भी की थी.

नातिन की कर दी थी शादी

उसके बाद अपनी नाबालिग नातिन की शादी यह सोचकर कर दी थी कि शादी के बाद शायद उसकी नातिन सुधर जाए, लेकिन शादी के 1 महीने के बाद नातिन गांव वापस लौट आई. फिर अपने प्रेमी से मिली. शादी से दोनों नाराज थे. इसके बाद दोनों ने नानी की हत्या का प्लान बनाया. नातिन अपनी नानी को लेकर सुनसान जगह में पहुंच गई, जहां जल्दी गांव का कोई आदमी नहीं आता-जाता था.

प्रेमी वहां पहले से मौजूद था. जिसने महिला के पेट में तब तक चाकू से वार किए, जब तक मौत नहीं हो गई. फिर दोनों आरोपी वहां से भाग गए. पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है. यह सनसनीखेज खुलासा रीवा के पुलिस कंट्रोल रूम में आज रीवा के एडिशनल एसपी विवेक लाल ने किया है.

ये भी पढ़ें- Sonam Raghuvanshi Case: सोनम रघुवंशी को लेकर खुलेंगे नए राज! इंदौर में ठहरी मेघालय पुलिस क्या तलाश रही?

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com