विज्ञापन
This Article is From Nov 27, 2025

6 साल की बच्ची का रेपिस्ट 6 दिन बाद भी 'आज़ाद'? गौहरगंज में हैवान घूमता रहा और पुलिस सोती रही

Raisen Minor Rape Case: मध्य प्रदेश के गौहरगंज में 6 साल की मासूम से दुष्कर्म मामले में पुलिस की नाकामी उजागर हुई है। घटना के 6 दिन बाद भी मुख्य आरोपी सलमान उर्फ नज़र खुलेआम घूम रहा है, जिसके वीडियो सामने आने के बाद जनता का गुस्सा भड़क गया है, और कार्रवाई में देरी पर SP-थाना प्रभारी को हटा दिया गया है।

6 साल की बच्ची का रेपिस्ट 6 दिन बाद भी 'आज़ाद'? गौहरगंज में हैवान घूमता रहा और पुलिस सोती रही

Goharganj Rape Case: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के गौहरगंज में 6 साल की मासूम से हुए जघन्य दुष्कर्म के मामले में पुलिस की नाकामी ने पूरे प्रदेश को दहला दिया है.घटना के 6 दिन से अधिक बीत जाने के बावजूद भी मुख्य आरोपी सलमान उर्फ ​​नज़र (23) पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी जिसके पीछे 300 से अधिक पुलिसकर्मी लगे हैं, वह उसी इलाके में खुलेआम घूमता हुआ वीडियो में कैद हो चुका है जहां उसने दरिंदगी की थी. 

पुलिस ने माना- सलमान के वीडियो गौहरगंज के ही

दुष्कर्म की भयावह घटना के बाद से सलमान के दो अलग-अलग वीडियो सामने आए हैं,जो पुलिस की लचर कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाते हैं. पहले वीडियो में आरोपी सलमान एक ट्रैक्टर चालक को सड़क के बारे में दिशा बताते हुए देखा गया. दूसरे वीडियो में वह एक स्थानीय दुकान से सिगरेट खरीदते हुए कैमरे में कैद हुआ. रायसेन पुलिस ने भी इन फुटेज की प्रामाणिकता की पुष्टि करते हुए कहा है कि ये गौहरगंज क्षेत्र के ही हैं और वीडियो में दिखने वाला व्यक्ति आरोपी सलमान उर्फ ​​नज़र ही है. 

फिलहाल AIIMS में भर्ती है पीड़ित मासूम

यह दिल दहला देने वाली घटना 21 नवंबर की शाम को हुई थी. बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी, तभी सलमान उसे चॉकलेट देने का लालच देकर पास के जंगल में ले गया और उसके साथ दरिंदगी की. फरार होने से पहले उसने मासूम को वहीं छोड़ दिया. परिवार वालों ने बच्ची की तलाश शुरू की, तो उन्हें पता चला कि वह आखिरी बार सलमान के साथ देखी गई थी. पीड़िता को पहले ओबेदुल्लागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां दुष्कर्म की पुष्टि हुई. फिलहाल, उसे इलाज के लिए भोपाल के AIIMS में भर्ती कराया गया है. 

300 पुलिसकर्मी खोज रहे हैं सलमान को

उधर सार्वजनिक रूप से दिखने के बावजूद गिरफ्तारी में हो रही देरी ने जनता के गुस्से को और बढ़ा दिया है. पुलिस महानिरीक्षक (IG) मिथिलेश कुमार शुक्ला ने कहा, "आरोपी सलमान को गिरफ्तार करने के लिए 10-11 टीमें काम कर रही हैं.जहां से भी सुराग मिलेगा, हम उसे जल्द पकड़ लेंगे. यह सच है कि जनता में गुस्सा है, लेकिन हम जल्द ही आरोपी को पकड़ लेंगे. हमारी टीमें पहले दिन से ही काम कर रही हैं." आरोपी की गिरफ्तारी के लिये 300 से अधिक पुलिसकर्मी जुटे हुए हैं, उसका सुराग देने वाले पर ₹30,000 का इनाम घोषित किया गया है.

गौहरगंज में अघोषित कर्फ्यू जैसा माहौल

गिरफ्तारी में देरी के चलते गौहरगंज में स्थिति विस्फोटक हो गई है. इलाके में अघोषित कर्फ्यू जैसा माहौल है, सड़कें सुनसान हैं और लोग घरों में कैद हैं. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए छह जिलों से 500 से अधिक पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है. बुधवार को, घटना के पांचवें दिन, गौहरगंज स्कूल मैदान में सलमान की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन हुआ. हालांकि, भीड़ तितर-बितर होने के बाद युवाओं का एक समूह मुस्लिम बावली बस्ती की ओर बढ़ा. पुलिस ने उन्हें रोकने के लिये हल्का लाठीचार्ज किया जिसके बाद गुस्साई भीड़ ने पुलिस पर पत्थराव कर दिया, जिसके जवाब में पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े. सार्वजनिक आक्रोश और लापरवाही को देखते हुए, मध्य प्रदेश के डॉ मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार रात बैठक की और मामले में त्वरित कार्रवाई करने में विफल रहने पर रायसेन के पुलिस अधीक्षक (SP) और स्टेशन इंचार्ज (थाना प्रभारी) को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया.
ये भी पढ़ें: Raisen Rape Case: मुस्लिम समुदाय ने उठाई फांसी की मांग; 6 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद लाेगों में उबाल

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com