विज्ञापन

शिवपुरी के होटल में चल रहा घरेलू गैस सिलेंडर, कार्रवाई करने पहुंचा प्रशासन तो भड़क गया संचालक; बैरंग लौटी टीम

शिवपुरी में एक होटल में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग किया जा रहा था, जिस पर प्रशासन ने कार्रवाई करने की कोशिश की, लेकिन होटल संचालक ने हंगामा खड़ा कर दिया और जहर खाने की धमकी दे दी.

शिवपुरी के होटल में चल रहा घरेलू गैस सिलेंडर, कार्रवाई करने पहुंचा प्रशासन तो भड़क गया संचालक; बैरंग लौटी टीम

शिवपुरी जिला मुख्यालय पर होटल ढाबे धड़ल्ले से घरेलू गैस सिलेंडरों के भरोसे चल रहे हैं. वहीं, तस्वीर और स्थिति यहां तक सामने आने लगी है कि प्रशासन की टीम जब कार्रवाई करने पहुंचती है तो दुकानदार, ढाबा या होटल संचालक हंगामा खड़ा कर प्रशासनिक टीम पर दबाव बनाने में सफल भी हो रहे हैं. ऐसा ही एक मामला शिवपुरी मुख्यालय से उस समय सामने आया, जब एक होटल पर समोसे कचौरी बनाने का काम किया जा रहा था.

होटल में बिना अनुमति के घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग हो रहा था, जब प्रशासन ने सिलेंडर जब्त करने का प्रयास किया तो होटल संचालक हंगामे पर उतर आया. होटल संचालक ने प्रशासन के सामने  परिवार के साथ जहर खाने तक की धमकी दे दी. इस हंगामे के बाद प्रशासन बिना कोई कार्रवाई किए लौट गया.

होटल-ढाबों में घरेलू गैंस सिलेंडरों के उपयोग पर रोक

मौके पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा, जिससे आसपास के दुकानदारों और लोगों की भीड़ जमा हो गई. स्थिति बिगड़ती देख खाद्य विभाग की टीम को बिना कार्रवाई किए ही लौटना पड़ा. जिला आपूर्ति अधिकारी तुलेश्वर कुरें ने बताया कि प्रशासन ने होटल-ढाबों में घरेलू गैस सिलेंडरों के उपयोग पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं.

होटल के खिलाफ आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी

चड्डा होटल में घरेलू सिलेंडर के इस्तेमाल की सूचना मिली थी, जिसकी पुष्टि जांच के दौरान हुई. कुरें ने यह भी बताया कि संचालक द्वारा विरोध और बाधा डालने के कारण टीम कार्रवाई नहीं कर पाई. पूरे मामले की वीडियो साक्ष्य के साथ कलेक्टर को रिपोर्ट भेज दी गई है और होटल के खिलाफ आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close