विज्ञापन

20 साल साथ निभाने वाली गाय को परिवार के मुखिया जैसा दिया अंतिम सम्मान, ढोल बजाकर निकाली अंतिम यात्रा

मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में एक किसान ने अपनी 20 साल पुरानी गाय को पूरे सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी. गाय के निधन पर किसान ने ढोल बजाकर अंतिम यात्रा निकाली और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उसका अंतिम संस्कार किया.

20 साल साथ निभाने वाली गाय को परिवार के मुखिया जैसा दिया अंतिम सम्मान, ढोल बजाकर निकाली अंतिम यात्रा

MP News in Hindi: मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के भेरुंदा ब्लॉक के ग्राम लांचौर में किसान श्यामलाल मीणा ने गौ-सेवा और संवेदनशीलता की ऐसी अनूठी मिसाल पेश की है, जिसने पूरे क्षेत्र का ध्यान आकर्षित किया है. आज के समय में जब दूध देना बंद करते ही गायों को सड़कों पर बेसहारा छोड़ दिया जाता है. वहीं, श्यामलाल मीणा ने अपनी 20 वर्ष पुरानी गाय राधा के निधन पर उसे परिवार के सबसे बड़े बुजुर्ग जैसा सम्मान दिया. उन्होंने पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उसका अंतिम संस्कार कर समाज को भावनात्मक संदेश दिया.

20 साल पहले लाए थे गाय

श्यामलाल मीणा ने बताया कि करीब 20 साल पहले जब उनके पास रहने के लिए पक्की छत तक नहीं थी, तब वे एक अत्यंत कमजोर और उपेक्षित गाय को घर लाए थे. सीमित साधनों के बावजूद पूरे परिवार ने उसकी सेवा की. समय के साथ वही गाय राधा उनके घर की लक्ष्मी बन गई. परिवार की आर्थिक स्थिति सुधरी, झोपड़ी की जगह पक्का मकान बना और जीवन में खुशहाली आई. श्यामलाल मानते हैं कि यह सब राधा के आशीर्वाद और सेवा का प्रतिफल था.

घर से बाहर जाते समय छूते थे पैर

परिवार के लिए राधा केवल एक पशु नहीं, बल्कि मां और दादी समान थी. श्यामलाल कभी भी घर से बाहर निकलते समय राधा के पैर छुए बिना नहीं जाते थे. रात जब राधा ने अंतिम सांस ली तो घर में चूल्हे नहीं जले. फूलों से सजी बैलगाड़ी पर उसकी अंतिम यात्रा निकाली गई. ढोल-ताशों और ग्रामीणों के नमन के बीच यह यात्रा गांव की गलियों से गुजरी.

गांव के बाहर वैदिक विधि से गौमाता को भू-समाधि दी गई. इस भावुक दृश्य का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

ये भी पढ़ें- सट्टेबाजी और जुए में करा बैठा बड़ा नुकसान, फिर ट्रेनों में करने लगा चोरियां; भोपाल GRP ने आरोपी को दबोचा

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close