बुरहानपुर जिले की नेपानगर विधानसभा क्षेत्र के आदिवासी बहुल धुलकोट इलाके में हर वर्ष की तरह पारंपरिक झेंडा उत्सव उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया. इस अनोखी परंपरा को देखने के लिए न केवल धुलकोट गांव बल्कि आसपास के कई गांवों से भी बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे. दिनभर रंगपंचमी के रंगों में सराबोर रहने के बाद शाम के समय गांव में यह विशेष आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं और पुरुषों की भागीदारी ने उत्सव को और भी रोचक बना दिया.
दरअसल, इस कार्यक्रम की शुरुआत गांव के पटेल और समाज के वरिष्ठजनों द्वारा की जाती है. गांव के पटेल द्वारा करीब सात फीट लंबी एक लकड़ी को जमीन में गाड़ा जाता है, जिसे स्थानीय भाषा में झेंडा कहा जाता है. झेंडा गाड़ने के बाद गांव के बुजुर्गों द्वारा विधि-विधान से उसकी पूजा की जाती है. पूजा के बाद गांव की महिलाएं झेंडे के चारों ओर सात बार परिक्रमा लगाती हैं. यह परिक्रमा गांव की परंपरा और आस्था का प्रतीक मानी जाती है.
ग्यारह पुरुषों की एक टोली बनाई जाती है
इसके बाद शुरू होती है झेंडा उत्सव की सबसे रोमांचक और अनोखी परंपरा. इसमें गांव के ग्यारह पुरुषों की एक टोली बनाई जाती है. इन पुरुषों के हाथों में लकड़ी की गेड़ियां होती हैं, जिनका उपयोग वे महिलाओं की मार से बचने के लिए करते हैं. पुरुषों की यह टोली करीब पचास मीटर दूर से दौड़ते हुए झेंडे तक पहुंचने का प्रयास करती है. उनके हाथ में लाल कपड़े में बंधा हुआ नारियल होता है, जिसे झेंडे के ऊपर बांधना उनका लक्ष्य होता है.
पूरी ताकत से पुरुषों को पीटती हैं महिलाएं
पुरुषों के लिए यह कार्य आसान नहीं होता. जैसे ही पुरुष झेंडे की ओर दौड़ते हैं, गांव की महिलाएं हरी लकड़ियां लेकर उन्हें रोकने के लिए दौड़ पड़ती हैं और पुरुषों को मारते हुए झेंडे तक पहुंचने से रोकने का प्रयास करती हैं. महिलाएं पूरी ताकत से पुरुषों को पीटती हैं ताकि वे झेंडे पर नारियल न बांध सकें. इस दौरान पूरा माहौल हंसी-मजाक, उत्साह और रोमांच से भर जाता है और आसपास खड़े ग्रामीण इस अनोखे दृश्य का आनंद लेते हैं.
जीत के साथ ही झेंडा उत्सव का समापन
पुरुषों की टोली झेंडे पर नारियल बांधने का प्रयास कुल पांच बार करती है. हर बार महिलाओं की मार और रोकटोक के कारण पुरुषों को काफी संघर्ष करना पड़ता है. अंत में परंपरा के अनुसार पुरुषों की टोली झेंडे को जमीन से उखाड़ने में सफल हो जाती है और इसे पुरुषों की जीत माना जाता है. इस जीत के साथ ही झेंडा उत्सव का समापन होता है और गांव में खुशी का माहौल बन जाता है.
शुभ माना जाता है
गांव की परंपरा के अनुसार महिलाओं द्वारा पुरुषों पर लकड़ी से जितने वार किए जाते हैं, उसे शुभ माना जाता है. ग्रामीणों का मानना है कि महिलाओं के इन वारों से पुरुषों की उम्र बढ़ती है और उनके जीवन में खुशहाली आती है. इसी विश्वास के चलते पुरुष भी हंसी-मजाक के साथ इस परंपरा में भाग लेते हैं. ग्रामीणों का कहना है कि यह परंपरा उनके पूर्वजों के समय से चली आ रही है और आज भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ निभाई जा रही है.