मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दिन सियासी घमासान और तेज हो गया है. एक तरफ जहां भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और नरोत्तम मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विकास के दावों के साथ जीत का दावा किया, वहीं दूसरी तरफ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दतिया में उतरकर मोर्चा संभाल लिया.हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष लगातार सनसनीखेज और निराधार बयानबाजी कर रहे हैं. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि दिग्विजय सिंह बिना राज्य के राजा हैं और जीतू पटवारी बिना हल्के के पटवारी हैं. दूसरी तरफ कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह के पक्ष में तूफानी जनसंपर्क करते हुए जीतू पटवारी ने सत्ताधारी बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि दतिया में सरकार के कई मंत्री डेरा जमाए हुए हैं, लेकिन इससे उपचुनाव का नतीजा बदलने वाला नहीं है. इन सबके बीच आज यानी मंगलवार शाम 5 बजे चुनाव प्रचार थम गया. अब 30 जुलाई को दतिया की जनता अपना फैसला EVM में कैद कर देगी.
बीजेपी मंत्री बांट रहे पैसे, जनता पैसा ले और वोट कांग्रेस को दे: जीतू पटवारी
शहर में घनश्याम सिंह के समर्थन में वोट मांगते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सत्तारूढ़ दल पर चुनाव को प्रभावित करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि दतिया में प्रदेश सरकार के कई मंत्री लगातार डेरा डाले हुए हैं, लेकिन इससे कुछ हासिल होने वाला नहीं है. पटवारी ने आरोप लगाया कि मंत्री क्षेत्र में जमकर पैसे बांट रहे हैं. हालांकि, उन्होंने जनता का आह्वान करते हुए कहा कि बीजेपी मंत्री जनता तक पैसा कम ही पहुंचने दे रहे हैं, लेकिन जितना भी पैसा पहुंचे उसे ले लीजिए और मतदान के दिन वोट कांग्रेस के पक्ष में ही दीजिए.

दतिया में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी
मुख्यमंत्री के रोडशो को मिला अपार समर्थन: बीजेपी का दावा
दूसरी ओर, बीजेपी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस के तमाम आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया. बीजेपी नेता हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि दतिया में मुख्यमंत्री के रोडशो के दौरान जनता का भारी समर्थन देखने को मिला है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों की लंबी फेहरिस्त है, जिसमें पीने के पानी की पुख्ता व्यवस्था से लेकर मेडिकल कॉलेज की बड़ी सौगात शामिल है. जनता इन सभी विकास कार्यों को ध्यान में रखते हुए बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के पक्ष में पूरी तरह एकजुट है.
हार से डर रही है कांग्रेस: हेमंत खंडेलवाल
जीतू पटवारी के आरोपों का जवाब देते हुए हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष लगातार सनसनीखेज और निराधार बयानबाजी कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को दतिया उपचुनाव में अपनी हार साफ नजर आ रही है, जिसके चलते बौखलाहट में इस तरह के मनगढ़ंत आरोप लगाए जा रहे हैं. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस नेताओं की इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ बीजेपी की ओर से चुनाव आयोग में शिकायत भी दर्ज कराई गई है.
ये भी पढ़ें: दतिया उपचुनाव 2026: क्या 2023 का बदलाव दोहराएगी जनता या बीजेपी फिर हासिल करेगी अपना अजेय दुर्ग ?
"दिग्विजय बिना राज्य के राजा..." -नरोत्तम मिश्रा का कटाक्ष
पूर्व मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा ने भी कांग्रेस नेतृत्व पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि दतिया के विकास के लिए अगर कोई सबसे उपयुक्त प्रत्याशी है, तो वह आशुतोष तिवारी हैं. उन्होंने जनता को आगाह करते हुए कहा कि किसी अन्य दल के उम्मीदवार को मिला वोट केवल उनके व्यक्तिगत परिवार का भला करेगा. कांग्रेस के शीर्ष नेताओं पर तंज कसते हुए नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि दिग्विजय सिंह बिना राज्य के राजा हैं और जीतू पटवारी बिना हल्के के पटवारी हैं, इसीलिए दोनों नेता हताशा में अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं.प्रेसवार्ता के अंत में नरोत्तम मिश्रा ने दतिया के सम्मानित मतदाताओं से भावुक अपील करते हुए कहा कि वे क्षेत्र की प्रगति और आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखकर अपना फैसला सुनाएं. उन्होंने विश्वास जताया कि 30 जुलाई को होने वाले मतदान में दतिया की जनता एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी के विकास कार्यों पर अपनी मुहर लगाएगी.
ये भी पढ़ें: दतिया उपचुनाव में कांग्रेस को दोहरा झटका, जीतू पटवारी के प्रचार पर रोक की मांग; कई नेता बीजेपी में शामिल