विज्ञापन
This Article is From Jul 20, 2024

Bhopal: कांग्रेस ने पुलिस आयुक्त से की मुलाकात, पुलिसकर्मी की सेवा नियमों का पालन सुनिश्चित करने का किया आग्रह

Sunderkand Path in Police Station: भोपाल जिले में एक पुलिस स्टेशन में सुंदरकांड पाठ कराए जाने का मामले में राजनीति गरमा गई है. कांग्रेस के नेता दिग्विजय सिंह और प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस आयुक्त एच सी मिश्रा से मुलाकात की.

Bhopal: कांग्रेस ने पुलिस आयुक्त से की मुलाकात, पुलिसकर्मी की सेवा नियमों का पालन सुनिश्चित करने का किया आग्रह
भोपाल:

Congress on Sunderkand: कांग्रेस (Congress) की मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) इकाई के प्रमुख जीतू पटवारी (Jitu Patwari) के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को भोपाल (Bhopal) के पुलिस आयुक्त एच सी मिश्रा से मुलाकात की और उनसे आग्रह किया कि वो सुनिश्चित करें कि पुलिस कर्मियों द्वारा सेवा नियमों का पालन किया जाए. मिश्रा ने उनकी मांग पर विचार करने पर सहमति जताई.  इसके एक दिन पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं का नर्सिंग कॉलेज में कथित घोटाले को लेकर राज्य की राजधानी के एक पुलिस थाने में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं से आमना-सामना हुआ था.

मंत्री विश्वास सारंग के खिलाफ FIR कराने की मांग

गुरुवार को कांग्रेस ने नर्सिंग घोटाले के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए यहां अशोका गार्डन पुलिस थाने तक मार्च किया और भाजपा के विश्वास सारंग के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की.

सारंग शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली पिछली सरकार में चिकित्सा शिक्षा मंत्री थे, जब कथित अनियमितताएं हुई थीं. हालांकि, कांग्रेस कार्यकर्ता प्राथमिकी नहीं करा सके क्योंकि उस स्थान पर सुंदरकांड पाठ के लिए बैरिकेडिंग की गई थी.

विपक्षी दल ने आरोप लगाया कि सुंदरकांड का आयोजन जानबूझकर यह सुनिश्चित करने के लिए किया गया था कि वह सारंग के खिलाफ शिकायत दर्ज न करा सके. सारंग वर्तमान में मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार में सहकारिता, खेल और युवा कल्याण मंत्री हैं.

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस थाने के सामने दिया था धरना

शुक्रवार को ‘पीटीआई भाषा' से बातचीत में पटवारी ने कहा, ‘हमने पुलिस आयुक्त से मुलाकात की. उन्होंने हमें आश्वासन दिया कि वह मामले को देखेंगे और कार्रवाई करेंगे. पुलिस थाने जन्मदिन मनाने और भाजपा कार्यकर्ताओं के मनोरंजन के लिए नहीं होते हैं. उनके लिए सेवा नियम हैं.'

गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस थाने के सामने धरना दिया. इस बीच भाजपा की कई महिला पदाधिकारी थाने पहुंच गईं. उनमें से कई के हाथों में तख्तियां थीं. भाजपा नेताओं ने दावा किया कि विधानसभा में विपक्ष के नेता उमंग सिंघार और उप नेता हेमंत कटारे पर पहले भी यौन उत्पीड़न के आरोप लग चुके हैं.

सामाजिक कार्यकर्ता के जन्मदिन के मौके पर किया गया था सुंदरकांड पाठ का आयोजन

भोपाल सिटी जोन-एक की पुलिस उपायुक्त प्रियंका शुक्ला ने पीटीआई-भाषा को बताया कि अशोका गार्डन थाने के अंदर एक हनुमान मंदिर है और सुंदरकांड पाठ का आयोजन नरेश यादव नामक एक सामाजिक कार्यकर्ता के जन्मदिन के उपलक्ष्य में किया गया था.

शुक्ला ने कहा, ‘कुछ थाना परिसरों में अन्य धार्मिक स्थल भी हैं. इस टकराव को लेकर थाने के प्रभारी निरीक्षक को नोटिस दिया गया है.'

CBI ने 169 कॉलेजों को दी क्लीन चिट

उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि सुंदरकांड पाठ के आयोजन स्थल से जूता फेंका गया था या नहीं. कई कॉलेजों के कामकाज में कथित अनियमितताओं की जांच कर रहे केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने राज्य भर में 308 संस्थानों का निरीक्षण किया. एजेंसी ने 169 कॉलेजों को क्लीन चिट दे दी, लेकिन सीबीआई के दो अधिकारियों को अनुकूल रिपोर्ट के लिए कुछ संस्थानों से रिश्वत लेने के आरोप में पकड़े जाने के बाद 30 मई को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने एजेंसी को इन 169 कॉलेजों का फिर से निरीक्षण करने के लिए कहा.

ये भी पढ़े: बिना सैलरी के कैसे होगा काम ? MP के इस जिले में सफाई कर्मियों ने जताया विरोध

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com