Madhya Pradesh Hindi News: सागर जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां पिता की डांट से नाराज होकर 13 वर्षीय नाबालिग बालक ने कथित रूप से कुएं में कूदकर अपनी जान दे दी. बच्चे का शव घर के पास बने कुएं में तैरता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई और गांव में शोक का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बदौना गांव निवासी ग्यारसी पटेल (13) पिता कालू पटेल के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दो दिन पहले पिता ने उसे पढ़ाई को लेकर डांट-फटकार लगाई थी. इसी बात से आहत होकर बालक घर से बिना बताए निकल गया था. जब देर तक वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी.
गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई
परिजनों ने हर संभव स्थान पर खोजबीन की, लेकिन बालक का कहीं पता नहीं चला. इसके बाद परिजनों ने थाना मोतीनगर में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस भी सक्रिय हुई और लगातार बालक की तलाश में जुटी रही.
कुएं में तैरता दिखा शव
इसी दौरान घर के पास स्थित एक कुएं में बालक का शव तैरता हुआ दिखाई दिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाया. शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
पुलिस ने क्या बताया
थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बालक पिता की डांट से नाराज होकर घर से चला गया था. उन्होंने बताया कि परिजनों की शिकायत पर गुमशुदगी दर्ज की गई थी और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी. आज उसका शव घर के पास बने कुएं से बरामद हुआ है.
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही पूरे मामले की जांच की जा रही है, ताकि घटना के सभी पहलुओं को स्पष्ट किया जा सके.