भोपाल का ‘सीरियल कटर मैन’ आखिर कौन है? युवतियों पर हमलों के पीछे की चौंकाने वाली कहानी आई सामने

Bhopal Serial Cutter man: भोपाल में युवतियों पर कटर से हमला करने वाले ‘सीरियल कटर मैन’ देवेंद्र अहिरवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर इलाके में जुलूस निकाला. आरोपी ने भोपाल में चार और 2014 में सागर में पांच वारदातें की थीं. पुलिस जांच में उसकी विकृत मानसिकता, अश्लील कंटेंट की लत और पारिवारिक विवाद सामने आया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Bhopal Serial Cutter Case: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार शाम को पुलिस जब एक दुबले-पतले से शख्‍स के हाथों में हथकड़ी और चेहरे पर पर्दा डालकर सड़कों पर उतरी तो लोग देखते रह गए. एकबारगी तो हर कोई माजरा समझ नहीं पाया. फिर पता चला कि यह वो खतरनाक ‘सीरियल कटर मैन' है, जो राजधानी में बहू-बेटियों पर कटर से हमला कर रहा था. लोगों की इसकी दहशत कम करने के मकसद से भोपाल पुल‍िस इसका जुलूस निकाल रही है. 

भोपाल में चार वारदातों को दिया अंजाम

युवतियों पर कटर से हमला करने वाले आरोपी का नाम देवेंद्र अहिरवार है. भोपाल पुलिस की पूछताछ में इसके कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. आरोपी ने भोपाल में चार वारदातों को अंजाम दिया था, जबकि इससे पहले 2014 में सागर में भी पांच हमले कर चुका है. पुलिस जांच में आरोपी की विकृत मानसिकता, अश्लील कंटेंट की लत और पारिवारिक विवाद सामने आया है. 

Bhopal Serial Cutter man

भोपाल एडिशनल सीपी अवधेश गोस्वामी ने बताया कि आरोपी देवेंद्र अहिरवार सड़कों पर चलती युवतियों को निशाना बनाता था. उसने पिपलानी थाना क्षेत्र में तीन और अयोध्या नगर में एक वारदात को अंजाम दिया. गुरुवार शाम को आरोपी का उसी इलाके में जुलूस निकाला गया, जहां उसने हमला किया था.

2014 में सागर में भी कर चुका है 5 हमले

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी वर्ष 2014 में सागर जिले में भी इसी तरह की पांच वारदातें कर चुका है. उसके खिलाफ चोरी, लूट और मारपीट जैसे कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं. 

Advertisement

अश्लील कंटेंट और पारिवारिक विवाद बना वजह

आरोपी के मोबाइल फोन से बड़ी मात्रा में अश्लील कंटेंट मिला है. पुलिस का दावा है कि अश्लील फिल्में देखने के बाद वह युवतियों को टारगेट करता था. पत्नी के छोड़कर चले जाने के बाद महिलाओं के प्रति उसकी नाराजगी बढ़ गई थी, जो हमलों का कारण बनी.

40 टीमों की मेहनत, 900 से ज्यादा CCTV खंगाले

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 40 टीमों में करीब 150 पुलिसकर्मियों को लगाया. इस दौरान 100 से ज्यादा संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पुलिस ने 900 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले और करीब 600 पुराने बदमाशों के रिकॉर्ड भी जांचे. स्केच भी तैयार कराया गया था. आरोपी की गिरफ्तारी कोच फैक्ट्री से की गई. 

Advertisement

मजदूरी कर रहा था आरोपी, तीन दिन की रिमांड

वारदातों के बाद आरोपी मजदूरी करने लगा था, जिससे पुलिस को उसे पकड़ने में दिक्कत आई. फिलहाल पुलिस ने आरोपी को तीन दिन की रिमांड पर लिया है. आरोपी वर्तमान में भोपाल के करोद इलाके में रह रहा था और मूल रूप से सागर का रहने वाला है. 

यह भी पढ़ें:  भोपाल का 'सीरियल कटर मैन' गिरफ्तार, इस वजह से एक हफ्ते से युवतियों को बना रहा था शिकार