Bhopal Rape Case: धर्मांतरण और रेप के आरोपों के बीच अब यह मामला कथित ड्रग्स सप्लाई तक पहुंच गया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, सगी बहनें आफरीन उर्फ माहिरा और अमरीन गरीब घरों की युवतियों को पहले मदद, नौकरी और आलीशान जीवन का सपना दिखाकर अपने संपर्क में लाती थीं. फिर उन्हें रईसजादों की पार्टियों, पब और लाउंज तक पहुंचाया जाता था.
पीड़िताओं का दावा है कि शहर के कुछ नामचीन पब-लाउंज में ड्रग्स के लिए ‘कोड वर्ड' इस्तेमाल होता था. कथित तौर पर एमडी ड्रग्स को ‘शर्ट' कहकर मंगाया जाता था और डिलीवरी भी लड़कियों से कराई जाती थी. इन खुलासों के बाद पुलिस ने एमडी नेटवर्क की अलग से पड़ताल शुरू कर दी है.
झुग्गी से पॉश सोसायटी तक: चार साल में बदलता ठिकाना
जांच में सामने आया कि चार साल पहले तक दोनों बहनें मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के अब्बास नगर की झुग्गी बस्ती में रहती थीं. पड़ोसियों के मुताबिक, देर रात युवकों-युवतियों का आना-जाना और पार्टी के नाम पर हंगामा आम बात थी. विरोध करने पर झूठे केस में फंसाने की धमकियां दी जाती थीं. इसके बाद दोनों ने पॉश इलाकों में फ्लैट लेकर गतिविधियां जारी रखीं. पुलिस अब उनके ठिकानों और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है. इसके बाद भोपाल के बागसेवनिया इलाके में 'सागर रॉयल विला' की C-स्टार बिल्डिंग का फ्लैट नंबर 301 में रहने लगीं.
Bhopal Rape Case Afrin Mahira Amreen Chandan Yadav High-Profile Racket
स्पा से शुरू हुआ गठजोड़, फिर बना संगठित गिरोह
मिसरोद के एक स्पा में काम के दौरान अमरीन की मुलाकात रायसेन निवासी चंदन यादव से हुई. आरोप है कि यहीं से सेक्स रैकेट की संगठित शुरुआत हुई. बाद में नेटवर्क में बिलाल, चानू और यासिर जैसे नाम भी जुड़े. एफआईआर में पीड़िताओं ने आरोप लगाया है कि उन्हें शराब और एमडी ड्रग्स लेने का दबाव बनाया जाता था. विरोध करने पर बदनामी और जान से मारने की धमकी दी जाती थी.
धर्मांतरण का दबाव और ‘शादी' का झांसा
एक पीड़िता के मुताबिक, चंदन ने खुद के इस्लाम कबूल करने की बात कहकर उसे भी मुस्लिम बनने और ‘अच्छी जगह शादी' कराने का भरोसा दिया. इसके बाद कथित तौर पर बुर्का पहनने और नमाज पढ़ने के लिए मजबूर किया गया. पुलिस इन आरोपों की पुष्टि के लिए डिजिटल साक्ष्य और कॉल-डाटा की जांच कर रही है.
इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और व्हाट्सएप ग्रुप जांच के दायरे में
मीडिया की खबरों के अनुसार भोपाल की बागसेवनिया पुलिस ने अमरीन के फ्लैट से दो मोबाइल फोन समेत इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए हैं. शुरुआती जांच में कई संदिग्ध व्हाट्सएप ग्रुप और युवतियों के फोटो मिले हैं. पुलिस रिमांड पर चल रहे अमरीन और चंदन से ड्रग्स कनेक्शन और सप्लाई चेन के बारे में पूछताछ जारी है. अहमदाबाद में उस स्थान का भी वेरिफिकेशन किया गया है, जहां पीड़िताओं के साथ दुष्कर्म का आरोप है. फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है.
भोपाल रेप केस की टाइमलाइन
- 22 फरवरी: दोनों पीड़िताएं थाने पहुंचीं, आवेदन दिया.
- 23 फरवरी: दो अलग-अलग FIR दर्ज; आफरीन, अमरीन और चंदन गिरफ्तार.
- 23 फरवरी: कोर्ट ने अमरीन और चंदन को पुलिस रिमांड, आफरीन को जेल भेजा.
- 26 फरवरी: रिमांड खत्म होने पर फिर कोर्ट में पेशी; 1 मार्च तक दोबारा रिमांड.
- 26-27 फरवरी: पुलिस टीम अहमदाबाद रवाना; कथित घटनास्थल का वेरिफिकेशन.
आरोपियों की प्रोफाइल
1. आफरीन उर्फ माहिरा (मुख्य आरोपी)
आरोप: गरीब लड़कियों को घरेलू काम और मदद के नाम पर फंसाना.
हाई-प्रोफाइल पार्टियों में सप्लाई करने और सेक्स रैकेट संचालित करने का आरोप.
ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े होने की भी जांच.
2. अमरीन (सगी बहन)
आरोप: लड़कियों को ब्रेनवॉश कर गिरोह में शामिल करना.
पब-लाउंज में कथित तौर पर कोड वर्ड के जरिए एमडी ड्रग्स सप्लाई कराने का आरोप.
इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए नेटवर्क ऑपरेट करने की जांच.
3. चंदन यादव
आरोप: पीड़िताओं से दुष्कर्म और धर्मांतरण के लिए दबाव.
अच्छी जगह शादी का झांसा देकर मुस्लिम बनने के लिए कहने का आरोप.
ड्रग्स और सेक्स रैकेट संचालन में सक्रिय भूमिका की जांच.
4. बिलाल और चानू (रिश्तेदार/सहयोगी)
आरोप: गिरोह में सहयोग और पीड़िताओं के शोषण में शामिल होने के आरोप.
5. यासिर (अहमदाबाद लिंक)
आरोप: अहमदाबाद में कथित दुष्कर्म और नेटवर्क संचालन में सहयोग.
पुलिस द्वारा तलाश जारी.
यह भी पढ़ें : भोपाल दुष्कर्म, ब्लैकमेल, धर्मांतरण दबाव केस में पुलिस की कार्रवाई: अहमदाबाद तक फैला नेटवर्क खंगालने टीम रवाना