विज्ञापन

भिंड के मिहोना थाने में बवाल: थाना प्रभारी विजय केन पर रिटायर्ड सूबेदार से मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप, थाने का घेराव

Bhind News: राकेश सिंह का आरोप है कि जैसे ही वह टीआई के कक्ष में पहुंचे, थाना प्रभारी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अचानक उनकी कॉलर पकड़कर मारपीट करने लगे.

भिंड के मिहोना थाने में बवाल: थाना प्रभारी विजय केन पर रिटायर्ड सूबेदार से मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप, थाने का घेराव

Mihona Police Station Ruckus: भिंड जिले के मिहोना थाना परिसर में गुरुवार को उस समय बड़ा बवाल खड़ा हो गया जब रिटायर्ड सूबेदार राकेश सिंह ने थाना प्रभारी विजय केन पर थाने के अंदर मारपीट करने और नशे की हालत में अभद्र व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगा दिया. घटना के बाद पूर्व सैनिक संगठन और अन्य पदाधिकारियों ने थाने का घेराव कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया. काफी देर तक थाना परिसर में हंगामे का माहौल बना रहा, जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी.

न्याय की गुहार

जानकारी के अनुसार रिटायर्ड सैनिक राकेश सिंह का पैतृक गांव मिहोना थाना क्षेत्र के असनेट है. राकेश सिंह ने आरोप लगाया कि गांव के ही दबंग प्रवृत्ति के लोग पुष्पेंद्र, ज्ञानेंद्र और संदीप सहित कुछ अन्य लोगों ने उनके खेत में खड़ी फसल को काटने की कोशिश की. इस मामले को लेकर राकेश सिंह ने पुलिस के उच्च अधिकारियों से शिकायत की थी और डीआईजी डॉ. असित यादव को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई थी.

शिकायत मिलने के बाद मिहोना थाना पुलिस असनेट गांव पहुंची और मौके पर पहुंचकर खेत में हो रही फसल कटाई को रुकवाया. इसके बाद मामले को सुलझाने और दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने के लिए पुलिस ने दोनों पक्षों को मिहोना थाने बुलाया था ताकि समझौते का प्रयास किया जा सके.
गुरुवार को रिटायर्ड सूबेदार राकेश सिंह अपने भाई के साथ थाने पहुंचे थे. उनका आरोप है कि जैसे ही वह थाने पहुंचे, वहां मौजूद विरोधी पक्ष के लोगों ने पुलिस के सामने ही उन्हें धमकाना शुरू कर दिया. इसी बीच थाना प्रभारी विजय केन ने राकेश सिंह को अपने कक्ष में बुलाया.

थाना प्रभारी पर गाली-गलौज करने का आरोप

राकेश सिंह का आरोप है कि जैसे ही वह टीआई के कक्ष में पहुंचे, थाना प्रभारी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अचानक उनकी कॉलर पकड़कर मारपीट करने लगे. उन्होंने किसी तरह खुद को बचाया और कमरे से बाहर निकल आए. बाहर निकलने के बाद वह सीधे अपनी कार में जाकर बैठ गए. जो थाने के बाहर खड़ी थी.

रिटायर्ड सूबेदार का आरोप है कि इसके बाद भी पुलिसकर्मी नहीं रुके और उन्होंने उनकी कार को चारों तरफ से घेर लिया. कार से बाहर निकालकर उनके साथ फिर मारपीट की गई. स्थिति बिगड़ती देख राकेश सिंह घबरा गए. किसी तरह थाने से निकल भागे. थाने से निकलने के बाद राकेश सिंह ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी पूर्व सैनिक संगठन और अन्य पदाधिकारियों को दी. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और संगठन से जुड़े लोग मिहोना थाने पहुंच गए और टीआई विजय केन के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए थाने का घेराव कर दिया.

पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी

प्रदर्शन के दौरान पूर्व सैनिकों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि एक रिटायर्ड सैनिक के साथ थाने के अंदर इस तरह का व्यवहार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. उनका कहना था कि जो सैनिक देश की सेवा कर चुके हैं, उनके साथ पुलिस द्वारा मारपीट किया जाना बेहद गंभीर मामला है.

राकेश सिंह ने आरोप लगाया कि जिस समय यह घटना हुई उस समय थाना प्रभारी विजय केन नशे की हालत में धुत थे. उन्होंने मांग की है कि टीआई का मेडिकल परीक्षण कराया जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके. वहीं मिहोना थाना प्रभारी विजय केन ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. उन्होंने कहा कि उनके द्वारा किसी प्रकार की मारपीट नहीं की गई और यह आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं. हालांकि स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि टीआई विजय केन पर पहले भी नशे की हालत में अभद्र व्यवहार और विवाद के आरोप लग चुके हैं.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियो ने फोन कॉल के माध्यम से पूर्व सैनिकों व संगठन के लोगों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया. अधिकारियों ने मामले की जांच कराने और तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिया है. फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और सभी की नजर पुलिस प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है.

ये भी पढ़ें: मुख्यमंत्री कन्या विवाह: सतना में 200 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे: बैंड की धुन पर दुल्हन ने लगाए ठुमके

ये भी पढ़ें: महुआ बीनने से अफसर बनने तक: कम उम्र में विवाह, ससुराल में प्रताड़ित हुई सविता प्रधान... फिर ब्यूटी पार्लर में नौकरी कर लिखी अपनी किस्मत

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close