मध्य प्रदेश के भिंड में इंदौर के बहुचर्चित अवितेन्द्र उर्फ अभी तोमर हत्याकांड की रंजिश ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया है. शहर के अटेर रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास दिनदहाड़े बदमाशों ने अजीत उर्फ अज्जू भदौरिया की कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. तीन बाइकों पर सवार होकर आए आधा दर्जन हमलावरों ने फिल्मी अंदाज में कार का पीछा किया और पिस्तौलों से अंधाधुंध गोलियां बरसाईं. हालांकि, इस जानलेवा हमले में अजीत भदौरिया बाल-बाल बच गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.
जानकारी के मुताबिक, अजीत उर्फ अज्जू भदौरिया अपने घर अशोक नगर से रेलवे स्टेशन जाने के लिए निकला था. इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसकी कार का पीछा शुरू कर दिया और मौका मिलते ही फायरिंग कर दी. पीड़ित ने पुलिस को दिए बयान में कई लोगों पर फायरिंग का आरोप लगाया है. घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए हैं और हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हमला पुरानी गैंगवार और हत्या की रंजिश का परिणाम हो सकता है.
विष्णु यादव हत्याकांड से रंजिश
दरअसल, विवाद की शुरुआत 2 नवंबर 2024 को हुए विष्णु यादव के बहुचर्चित हत्याकांड से हुई थी. आरोप है कि अवितेन्द्र उर्फ अभी तोमर ने अपने साथियों के साथ मिलकर विष्णु यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी. इसके बाद बदले की आग में 21 मई 2026 को विष्णु यादव के भाई गुलशन यादव ने अपने साथी डीलू लहरिया, गौरव जाट और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर इंदौर के लसूड़िया क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप के पास अवितेन्द्र उर्फ अभी तोमर की गोली मारकर हत्या कर दी थी.
बताया जाता है कि अभी तोमर हाल ही में जेल से छूटकर आया था और इंदौर में रहकर कंस्ट्रक्शन का काम कर रहा था. अब पुलिस को आशंका है कि अभी तोमर की हत्या का बदला लेने के लिए उसके साथियों ने अजीत उर्फ अज्जू भदौरिया को निशाना बनाया है. इस सनसनीखेज फायरिंग के बाद पुलिस पूरे गैंगवार के एंगल की गहराई से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है.
यह भी पढ़ें- 15 लाख का ठेका, तालाब में उतारे बच्चे... भिंड में जलकुंभी की सफाई, नाबालिगों से काम कराने के आरोपों से मचा बवाल