विज्ञापन

भिंड में MSP घोटाले का 'हिसाब' मांगने पहुंचे किसानों ने सहायक सचिव को 13 घंटे बनाया बंधक, बेसबॉल बैट से पीटा

मध्य प्रदेश के भिंड में कथित MSP फर्जीवाड़े और 14.83 लाख रुपये के बकाये भुगतान को लेकर विवाद गहरा गया. नाराज किसानों ने सहायक सचिव को 13 घंटे तक कार में बंधक बनाकर बेसबॉल बैट से पीटा. पुलिस ने चार नामजद समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

भिंड में MSP घोटाले का 'हिसाब' मांगने पहुंचे किसानों ने सहायक सचिव को 13 घंटे बनाया बंधक, बेसबॉल बैट से पीटा

भिंड जिले के लहार थाना क्षेत्र में सहायक सचिव को बंधक बनाकर की गई बेरहमी से मारपीट के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. शुरुआती तौर पर यह मामला केवल आपसी मारपीट का प्रतीत हो रहा था, लेकिन अब किसानों ने इसके पीछे करोड़ों के कथित MSP (न्यूनतम समर्थन मूल्य) फर्जीवाड़े और लाखों रुपये के लंबित भुगतान विवाद की बात सामने रखी है. किसानों का आरोप है कि गेहूं खरीदी के नाम पर फर्जीवाड़ा करके उनकी मेहनत की कमाई रोक ली गई थी. लंबे समय तक भुगतान न मिलने से नाराज किसानों ने सहायक सचिव को अपना निशाना बना लिया.

14.83 लाख का बकाया और फर्जीवाड़े के गंभीर आरोप

किसानों के मुताबिक, उन्होंने इस साल लहार बस स्टैंड स्थित MSP खरीदी केंद्र पर कुल 1,512 क्विंटल गेहूं बेचा था, जिसकी कुल कीमत करीब 38 लाख रुपये थी. इसमें से लगभग 20 लाख रुपये का भुगतान तो कर दिया गया, लेकिन 14 लाख 83 हजार रुपये अब तक नहीं मिले. आरोप है कि बार-बार पैसे मांगने के बावजूद सहायक सचिव विनोद सिंह राजावत उन्हें लगातार टालते और गुमराह करते रहे.

रिश्तेदारों के नाम से फर्जी पंजीयन कराए

किसानों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विनोद सिंह राजावत ने MSP की राशि हड़पने के लिए अपने रिश्तेदारों और अन्य लोगों के नाम से फर्जी पंजीयन कराए. दूसरों की जमीन पर फर्जी रजिस्ट्रेशन दिखाकर और बाजार से कम कीमत पर गेहूं खरीदकर उसे MSP पर बेचा गया. यह तथ्य भी सामने आया है कि विनोद सिंह राजावत पर एक साल पहले मछंड खरीदी केंद्र के प्रभारी रहते हुए करीब डेढ़ करोड़ रुपये की गेहूं खरीदी में गड़बड़ी के आरोप लग चुके हैं.

13 घंटे कार में घुमाया, बेसबॉल बैट से पीटा

कथित भुगतान न मिलने से आक्रोशित किसानों ने विनोद सिंह राजावत को लहार में पकड़ लिया. आरोप है कि उन्हें करीब 13 घंटे तक कार में बंधक बनाकर घुमाया गया और बेसबॉल बैट, प्लास्टिक पाइप, लात-घूंसों और थप्पड़ों से बेरहमी से पीटा गया. मारपीट के दौरान उनके बेहोश होने का भी दावा किया गया है.

दतिया में हार पर नरोत्तम मिश्रा बोले- ये मेरी व्यक्तिगत क्षति, 70 चुनाव हार चुके राहुल गांधी हमें नसीहत न दें

जबरन कराए चेक और कोरे कागज पर साइन 

पीड़ित का कहना है कि होश में आने के बाद आरोपियों ने पिस्तौल दिखाकर उनसे तीन चेक, पांच कोरे कागज और 200-200 रुपये के दो स्टाम्प पेपर पर जबरन हस्ताक्षर करा लिए. इसके बाद किसी तरह वह आरोपियों के चंगुल से छूटकर पुलिस स्टेशन पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई.

MP Govt Jobs: मध्य प्रदेश में 19 हजार पदों पर बंपर भर्ती, ESB ने जारी किया परीक्षा शेड्यूल, देखें पूरी लिस्ट

चार नामजद सहित छह पर मामला दर्ज

शिकायत के आधार पर लहार थाना पुलिस ने अजीत सिंह चौहान, वीर प्रताप सिंह, पवन गुप्ता और अभिनंदन सिंह सहित चार नामजद एवं दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न आपराधिक धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. पीड़ित 43 वर्षीय विनोद सिंह राजावत, बगियापुरा के निवासी हैं और वर्तमान में मछंड सेवा सहकारी संस्था में सहायक सचिव के पद पर पदस्थ हैं. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close