Barwani News: बड़वानी जिले के अंजड़ क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग के दौरान आग गल गई. हादसे में एक मकान का पूरा घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया. सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सिलेंडर जब्त कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, घटना अंजड़ थाना क्षेत्र के ग्राम मंडवाड़ा (राजपुर रोड) की है, जहां बुधवार शाम एक रिहायशी मकान में अचानक आग भड़क उठी. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मकान के अंदर अवैध रूप से गैस रिफिलिंग का काम किया जा रहा था. इसी दौरान लापरवाही के चलते आग लग गई और देखते ही देखते लपटों ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया.
फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घबराकर बाहर निकल आए. भीषण आग की वजह से घर का सारा सामान जलकर खाक हो गया. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आर.आर. चौहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. वहीं, नगर परिषद की फायर ब्रिगेड को भी तत्काल बुलाया गया. फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
VIDEO: 3 महीने की बच्ची को लेकर डेढ़ घंटे बैठा रहा बंदर, घरवालों ने कुछ यूं किया रेस्क्यू
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने मौके से गैस सिलेंडर जब्त कर लिया है और अवैध रिफिलिंग के एंगल से जांच शुरू कर दी है. शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह गैस भरने के दौरान हुई लापरवाही मानी जा रही है. इस घटना ने रिहायशी इलाकों में चल रहे अवैध गैस कारोबार पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.