MP: पुलिस से भाग रहा हत्या-डकैती का आरोपी ग्रामीणों के हत्थे चढ़ा, ‘बच्चा चोर’ समझकर घेरा और पकड़ा

 MP News: शिवपुरी के खनियाधाना क्षेत्र में पुलिस से भाग रहे हत्या और डकैती के आरोपी को ग्रामीणों ने बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया और बाद में झांसी पुलिस के हवाले कर दिया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

MP News: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र अंतर्गत खेतों में पुलिस से बचने के लिए भाग रहा अपराधी ग्रामीणों के हत्ते चढ़ गया. ग्रामीणों ने इस शातिर बदमाश को पकड़कर उत्तर प्रदेश की झांसी पुलिस के सुपुर्द कर दिया. बताया गया है कि आरोपी अपनी एक सफेद रंग की कार से आगे-आगे भाग रहा था, जबकि पुलिस उसका पीछा कर रही थी.

इसी दौरान उसकी गाड़ी खेतों में एक पुलिया से टकरा गई और दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इसी बीच आरोपी गाड़ी से उतरकर भागने लगा, तभी गांव में मौजूद ग्रामीणों ने उसे बच्चा चोर गिरोह का सदस्य समझ लिया और घेरकर पकड़ लिया. बाद में पीछे आ रही झांसी पुलिस को उसके हवाले कर दिया गया.

Advertisement

कैसे हुआ पूरा घटनाक्रम?

पुलिस जानकारी के मुताबिक आरोपी डकैती और हत्या जैसे संगीन अपराधों में झांसी पुलिस के लिए वांटेड था. शनिवार दोपहर वह खनियाधाना क्षेत्र में पुलिस की घेराबंदी तोड़कर भाग रहा था.

भागने के दौरान कफार गांव के पास उसकी कार पुलिया से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई. वहीं पीछे से आ रही झांसी पुलिस की गाड़ी भी नहर किनारे झाड़ियों में फंस गई और पलटने से बाल-बाल बची.

ग्रामीणों ने ‘बच्चा चोर' समझकर पकड़ा

हादसे के बाद मौके का फायदा उठाकर भाग रहे आरोपी को जिला पंचायत सदस्य सियाराम लोधी ने बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया. इसके बाद ग्रामीणों ने कार में सवार एक महिला समेत दो अन्य लोगों को भी घेर लिया.

कुछ देर बाद झांसी पुलिस मौके पर पहुंची. इस दौरान आरोपी ने ग्रामीणों के बीच खुद के एनकाउंटर किए जाने का डर जताते हुए मदद मांगी, लेकिन ग्रामीणों ने उसे तुरंत सौंपने से इनकार कर दिया और पहले स्थानीय पुलिस को बुलाने की बात कही. सूचना मिलते ही खनियाधाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची. इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी और अन्य लोगों को झांसी पुलिस के हवाले कर दिया.

Advertisement

ग्वालियर जेल से पैरोल पर था आरोपी

पकड़ा गया आरोपी फईम खान दतिया जिले के निचरौली गांव का रहने वाला बताया गया है. वह हाल ही में हत्या के मामले में ग्वालियर सेंट्रल जेल से पैरोल पर छूटा था और झांसी में लूट व डकैती के मामलों में भी पुलिस को वांटेड था. घटना के समय वह अपने माता-पिता और एक अन्य व्यक्ति के साथ दतिया से चंदेरी जा रहा था.

Topics mentioned in this article