केंद्रीय बजट 2026: छत्तीसगढ़ में सियासी बहस! वित्त मंत्री ने की तारीफ; PCC चीफ ने कहा- निराशा वाला बजट

केंद्रीय बजट 2026 को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति में घमासान मचा हुआ है. वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बजट को विकसित भारत की दिशा में मजबूत कदम बताया, वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने इसे निराशाजनक और उद्योगपतियों के पक्ष में करार दिया.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins

Union Budget 2026: केंद्रीय बजट 2026 को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. सत्तापक्ष जहां इस बजट को विकसित भारत की दिशा में एक मजबूत कदम बता रहा है, वहीं विपक्ष ने इसे आम जनता के लिए निराशाजनक करार दिया है. वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बजट की जमकर तारीफ की है तो कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने इसे उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने वाला बताया है. दूसरी ओर, चैम्बर ऑफ कॉमर्स ने भी बजट को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है.

2047 के विकसित भारत का बजट: ओपी चौधरी

छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने केंद्रीय बजट 2026 की खुलकर प्रशंसा की है. उन्होंने कहा कि यह बजट देश को वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प के तहत तैयार किया गया है. इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई दी. ओपी चौधरी ने कहा कि यह बजट गरीबी दूर करने वाला है और आने वाले समय में सभी क्षेत्रों में तेज विकास देखने को मिलेगा.

अंबिकापुर दौरे पर वित्त मंत्री 

एक दिवसीय प्रवास पर सरगुजा पहुंचे वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अंबिकापुर स्थित न्यू सर्किट हाउस में व्यापारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बजट का लाइव प्रसारण देखा. बजट के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि मोदी सरकार गरीबों के उत्थान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. इस बजट में समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का प्रयास साफ दिखाई देता है.

रेलवे और पूंजीगत व्यय में बड़ी बढ़ोतरी

ओपी चौधरी ने कहा कि बीते 11 वर्षों में रेलवे के पूंजीगत व्यय में लगातार बढ़ोतरी हुई है, जो देश के विकास को दर्शाता है. उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में रेलवे क्षेत्र में मात्र एक वर्ष में 22 गुना पूंजीगत व्यय बढ़ा है. उनके मुताबिक यह बदलाव इस बात का संकेत है कि केंद्र सरकार बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर गंभीरता से काम कर रही है.

Advertisement

ये भी पढ़ें- Union Budget 2026: केंद्रीय बजट को सीएम साय ने बताया विकसित भारत की दिशा में ऐतिहासिक कदम

आवास, माइनिंग और पर्यटन को फायदा

वित्त मंत्री ने व्यापारियों से मुलाकात कर बजट की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह बजट माइनिंग, रेलवे, पर्यटन के साथ-साथ शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे अहम क्षेत्रों को राहत देने वाला है. उन्होंने बताया कि गरीबों के पक्के मकान बनाने के लिए केंद्र सरकार लगातार काम कर रही है. बजट के बाद छत्तीसगढ़ के लोगों को आवास निर्माण के लिए और अधिक संसाधन मिलेंगे, जिससे स्थानीय व्यापार भी तेजी से आगे बढ़ेगा.

Advertisement

एआई से हाई-स्पीड रेल तक आत्मनिर्भर भारत की झलक

ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह बजट आत्मनिर्भर भारत की सोच को आगे बढ़ाता है. चाहे रेयर अर्थ हो, हाई-स्पीड रेल हो या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी नई तकनीकें. हर क्षेत्र में भारत खुद को मजबूत बना रहा है. उन्होंने विश्वास जताया कि विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने में देश सफल होगा.

‘निराश करने वाला बजट': दीपक बैज

केंद्रीय बजट को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि यह बजट आम जनता के लिए नहीं, बल्कि बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने वाला है. बैज के अनुसार जिन राज्यों में चुनाव हैं, वहां को ध्यान में रखकर बजट बनाया गया है, जबकि छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है.

Advertisement

ये भी पढ़ें- Budget 2026: पीएम मोदी ने बजट प्रतिक्रिया में 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की तारीफ, वित्त मंत्री ने किया ये ऐलान

'छत्तीसगढ़ के साथ एक बार फिर ठगी'  

दीपक बैज ने दावा किया कि सरकार भले ही बीजेपी शासित राज्यों को विशेष मदद मिलने की बात कर रही हो, लेकिन हकीकत यह है कि छत्तीसगढ़ के लिए बजट में कुछ भी ठोस नहीं है. उन्होंने कहा कि महंगाई कम करने, युवाओं को रोजगार देने और किसानों की मदद के लिए बजट में कोई साफ योजना नहीं दिखाई देती.

बेरोजगारी और किसानों पर सवाल

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने वित्त मंत्री के उस दावे पर भी सवाल उठाया, जिसमें कहा गया था कि 25 लाख लोग बेरोजगारी रेखा से बाहर आए हैं. बैज ने इसे भ्रामक बताया और कहा कि जनता को गुमराह किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस बजट में किसानों के लिए भी कुछ खास नहीं है, जिससे देश का किसान खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है.

चैम्बर ऑफ कॉमर्स ने बजट को बताया विकास का रास्ता

केंद्रीय बजट पर छत्तीसगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है. एनडीटीवी से बातचीत में चैम्बर के कार्यकारी अध्यक्ष राधाकृष्ण सुंदरानी ने बजट को उद्योगों को बढ़ावा देने वाला बताया. उन्होंने शेयर बाजार में आई गिरावट पर कहा कि इंट्राडे ट्रेडिंग पर टैक्स बढ़ने के कारण बिकवाली देखने को मिली.

दूरगामी विकास का बजट: चैम्बर

चैम्बर के कोषाध्यक्ष नितेश बडरिया ने बजट को दूरगामी विकास वाला बताया. उनका कहना है कि इस बजट से छत्तीसगढ़ में भी उद्योग और व्यापार को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा. कुल मिलाकर, जहां एक ओर बजट ने सियासी बहस को तेज किया है, वहीं कारोबारी जगत इसे भविष्य की संभावनाओं से जोड़कर देख रहा है.